दोस्तों, अब हमारे सहयोगी अनिल आपको बताएंगे कि ता चू रॉक कार्विंग्स का दौरा करने के बाद उन्हें कैसा महसूस हुआ। अनिल जी, ज़रा श्रोताओं को बताएं।
अनिलः जी, धन्यवाद, ललिता जी। मैं जरूर अपना अनुभव सभी लोगों के साथ शेयर करूंगा। मैं कहना चाहूंगा कि चीन प्राकृतिक संपदा और ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण को लेकर बहुत ध्यान दे रहा है। चीन में पिछले कई वर्षों से रहते हुए मैंने यह महसूस किया है। मैं चीन के तमाम शहरों और क्षेत्रों का दौरा कर चुका हूं, इस बार दक्षिण-पश्चिम चीन के छोंगछिंग शहर और उसके आसपास के इलाकों में जाने का अवसर मिला।
25 सितंबर की शाम मैं अपने सहयोगियों के साथ छोंगछिंग पहुंचा। जो कि चीन के चार केंद्र शासित शहरों में से एक है।
26 सितंबर को हम छोंगछिंग से लगभग 167 किमी. की दूरी पर स्थित ता चू काउंटी पहुंचे। छोंगछिंग से पहले ता चू काउंटी तक ट्रेन के जरिए गए, उसके बाद टैक्सी में ता चू श ख पहुंचे। ता चू या ता च्याव का मतलब होता है बड़ा पैर। जबकि श ख का अर्थ पत्थरों पर नक्काशी। ता चू में रॉक कार्विंग्स या पत्थरों पर उकेरी गई मूर्तियों का अनोखा नजारा देखा जा सकता है।
ता चू काउंटी का निर्माण थांग राजवंश में छ्यान युआन वर्ष (ईंसवीं 758) में किया गया था, इसका इतिहास लगभग 1200 साल पुराना है। यह काउंटी 1,400 वर्ग किमी. के दायरे में फैली है। ता चू में चट्टानों पर बनी नक्काशी को देखकर न केवल इतिहास और गहरी संस्कृति का अनुभव होता है बल्कि प्राचीन सभ्यता वाले देश चीन और भारत के बीच मित्रवत आदान प्रदान के बारे में भी पता चलता है। जिसका प्रबल उदाहरण ता चू में बनी बौद्ध धर्म की तमाम मूर्तियां हैं, जिन्होंने भारत और चीन को आपस में जोड़ा। ता चू स्टोन कार्विंग्स चट्टान नुमा पत्थर होते हैं, जिन पर मूर्तियां बनाई गई हैं और सुंदर नक्काशी देखी जा सकती है। पूरे ता चू क्षेत्र में पचास हज़ार से अधिक स्टोन कार्विंग्स वाली मूर्तियां हैं। जबकि उन पर एक लाख से अधिक चीनी अक्षर अंकित किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक मूर्तियां बौद्ध धर्म से जुड़ी हैं। जबकि ताओ धर्म और कंफ्यूशियस संबंधी मूर्तियां भी यहां मौजूद हैं। इस तरह यहां पहुंचकर बौद्ध धर्म के भारत से चीन में प्रसार की कहानी भी पता चलती है। ता चू रॉक कार्विंग्स को 1 दिसंबर 1999 को यूनेस्को की विश्व धरोहरों की सूची में शामिल किया गया।
आपके विचार (0 टिप्पणियां)
![]()
कोई टिप्पणी नहीं
powered by changyan
|