2009-02-24 18:42:42

अमरीकी विदेश मंत्री की चीन यात्रा चीन-अमरीका संबंध के विकास के लिये लाभकारी

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मा छाओ शू ने 24 फरवरी को पेइचिंग में आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी की अभी अभी समाप्त हुई चीन यात्रा से चीन व अमरीका के बीच पारस्परिक समझ बढ़ी है और समान विचारों का विस्तार हुआ है और नये काल में चीन-अमरीका संबंध के स्वस्थ विकास के लिये यह लाभकारी रही है।

चीनी विदेश मंत्री यांग जेइ छी के निमंत्रण पर अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी ने 20 से 22 फरवरी तक चीन की यात्रा की। यात्रा के दौरान चीनी राष्ट्राध्यक्ष हू चिन थाओ, प्रधान मंत्री वन चा पाओ, स्टेट कांसुलर डैइ पिन क्वो ने अलग-अलग तौर पर उन से भेंट की। विदेश मंत्री यांग जेइ छी ने हिलेरी के साथ वार्ता की।

मा छाओ शू ने कहा कि तीन दिवसीय यात्रा के दौरान चीन और अमरीका ने दोनों के बीच समान रूचि वाले सवालों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और सकारात्मक उपलब्धि प्राप्त की। दोनों ने चीन-अमरीका संबंध को भारी महत्व और उसे बढ़ावा देने की सदिच्छा व्यक्त की। (रूपा)