2009-02-20 15:32:11

सौ विचारशाखाओं में होड़ होने की स्थिति

मनशियस (लगभग 372 – 289 ई. पू.) युद्धरत-राज्य काल में कनफ्यूशियसवादी विचारशाखा के प्रमुख प्रतिनिधि थे। उनका असली नाम मङ ख था और वे चओ (वर्तमान शानतुङ प्रान्त की चओश्येन काउन्टी) राज्य के रहने वाले थे। वे कनफ्यूशियस के पोते चि सि के शिष्य थे और अपने को कनफ्यूशियस के विचारों का उत्तराधिकारी मानते थे। वे "राजोचित तरीके"व"दयालुता की नीति"की वकालत करते थे तथा शासकों को जनता का दिल जीतकर अपने शासन को सुस्थिर बनाने की सलाह देते थे। वे काफ़ी समय तक शिक्षा-कार्य और विभिन्न राज्यों के भ्रमण में जुटे रहे। उनके शिष्यों ने उनके विचारों व कथनों को "मनशियस"नामक पुस्तक में लिपिबद्ध किया था।

श्युन चि (लगभग 313-238 ई.पू.) का असली नाम श्युन ख्वाङ या श्युन छिङ था और वे चाओ राज्य के निवासी थे। उनके विचार "श्युन चि"नामक पुस्तक में लिपिबद्ध किए गए थे। यद्यपि उन्हें कनफ्यूशियसवादी विचारशाखा का ही एक प्रतिनिधि माना जाता है, तथापि उन्होंने कनफ्यूशियस और मनशियस के विचारों की आलोचना करते हुए उनका विकास भी किया। साथ ही उन्होंने दूसरी विचारशाखाओं के विचारों को भी आलोचनात्मक रूप से ग्रहण किया। उनका मत था कि मनुष्य प्रकृति पर अवश्य विजय प्राप्त कर सकता है और "दैव द्वारा मनुष्य को अपने लाभ के लिए जो भी दिया जाता है उस का उसे उपयोग करना चाहिए।"उनका विचार था कि शिष्य को गुणों में अपने गुरु से उसी तरह श्रेष्ठतर होना चाहिए जिस प्रकार "आसमानी रंग नीले से निकलने के बावजूद नीले से कहीं अधिक निखरता है"। उन के दर्शन में भौतिकवाद के कुछ तत्व मौजूद थे।

हान फ़ेइ (लगभग 280-233 ई.पू.) श्युन चि के शिष्य और हान राज्य के निवासी थे। उन के विचार "हान फ़ेइ चि"नामक पुस्तक में संकलित किए गए थे। वे दैवी इच्छा और भूत-प्रेत जैसे अन्धविश्वासों तथा"पुरातन की ओर लौटने"के विचारों का विरोध करते थे तथा सभी सत्ता अधिराज के हाथ में केन्द्रित होने और विधि सम्मत शासन चलाने की वकालत करते थे। वे विधानवादी विचारशाखा के प्रतिनिधि थे। छिन राज्य द्वारा चीन का एकीकरण किए जाने के पश्चात जो राजनीतिक कदम उठाए गए थे, उन में से ज्यादातर हान फ़ेइ के विचारों का ही मूर्त और विकसित रूप थे।

एक अन्य विचारशाखा युद्धविज्ञान से संबंधित थी, जिसके मुख्य प्रतिनिधि वसन्त और शरद काल के युद्धनीतिज्ञ सुन ऊ और युद्धरत राज्य काल के युद्धनीतिज्ञ सुन पिन थे। "सुन चि का युद्धशास्त्र"सुन ऊ की और "सुन पिन का युद्धशास्त्र"सुन पिन की रचनाएं थीं। उन के द्वारा प्रतिपादित रणनीतिक व कार्यनीतिक विचारों में द्वंद्ववाद के तत्व मौजूद थे।

युद्धरत-राज्य काल की साहित्यिक उपलब्धियों में छ्वी य्वान (340 – 278 ई. पू.) का काव्य सर्वप्रमुख है। चीन के साहित्यिक जगत को अपनी ओजपूर्ण रचनाओं से आलोकित करने वाले अमर कवि छ्वी य्वान छू राज्य के नागरिक थे। उन्हें अनेक बार अपने राज्य से निर्वासित किया गया था। उन्होंने "ली साओ"(विलाप) और अन्य बहुत सी कविताओं की रचना की तथा लोकगीतों की शैली अपनाकर काव्यरचना की एक नई शैली को जन्म दिया, जिसे "छू छि"(छू राज्य का गाथाकाव्य) नाम दिया गया। इस शैली की बाद के कवियों पर गहरी छाप पड़ी।