2008-09-29 17:03:02

चीन की तीसरा समानव अंतरिक्ष उड़ान सफल रही, अंतरिक्षयात्री पेइचिंग में वापस लौटे

 28 सितंबर की रात पूर्वनिर्धारित मिशन को पूरा करने के बाद शनचो सात अंतरिक्षयान उत्तर चीन में सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर उतरा, और तीनों अंतरिक्षयात्री सकुशल वापसी मॉड्युल से बाहर आ गए। चीन की तीसरी समानव अंतरिक्ष उड़ान सफल रही है। दूसरे दिन यानी 29 तारीख को तीनों अंतरिक्षयात्री पेइचिंग वापस लौटे।
   28 तारीख की रात को चीनी प्रधानमंत्री श्री वन चा पाओ ने पेइचिंग अंतरिक्ष उड़ान नियंत्रण केंद्र में शनचो सात अंतरिक्षयान पृथ्वी पर वापस लौटने की प्रक्रिया देखी और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय कमेटी, चीनी राज्य परिषद व चीनी केंद्रीय फौजी आयोग का बधाई-पत्र पढ़कर सुनाया और शनचो सात समानव अंतरिक्ष उड़ान की सफलता पर बधाई दी। बधाई-पत्र में कहा गया है कि शनचो सात अंतरिक्ष उड़ान की सफलता इस बात का प्रतीक है कि चीन दुनिया में ऐसा तीसरा देश बन गया है, जिसे स्वतंत्र रूप से अंतरिक्षयान के बाहर कार्यवाही करने की तकनीक हासिल हो चुकी है। समानव अंतरिक्ष तकनीक का विकास करना और बाह्य अंतरिक्ष का शांतिपूर्ण उद्देश्य से प्रयोग करना चीनी  जनता की अथक कोशिश और उद्देश्य है।
   चेई ची कांग, ल्यू बो मिंग व चिंग हाई फंग तीन अंतरिक्षयात्री 29 तारीख को विशेष विमान से पेइचिंग वापस लौटे।
    शनचो सात समानव अंतरिक्षयान 25 तारीख की रात को उत्तर पश्चिमी चीन के च्यो छ्वान उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से प्रक्षेपित किया गया था। उड़ान के दौरान, अंतरिक्षयात्री चेई ची कांग ने प्रथम बार स्पेस वॉक किया। विश्लेषकों का मानना है कि शनचो सात अंतरिक्ष उड़ान की सफलता से चीन की अंतरिक्ष प्रयोगशाला के निर्माण के लिए तकनीकी आधार तैयार हो गया है।