2008-06-27 16:22:55

व्यायाम पसंद करने वाले चीनी लोग

हर सुबह या शाम, पूर्वी चीन के शान तुंग प्रांत के जी नान शहर के छ्येन फो और ईंग श्योंग नामक पहाड़ों पर अनेक लोग चढ़ने आते हैं। वे अकेले होते हैं, या फिर मित्रों के साथ। प्रति दिन लगभग दस हजार लोग इन पहाड़ों की चढ़ाई करते हैं।

जी नान शहर के केंद्र में रहने वाले श्री च्याओ श्वू फू और सुश्री चांग ली च्वन पहाड़ पर चढ़ने के शौकीन हैं। उन्होंने बताया कि मौसम अच्छा होता है, तो वे लगभग हर रोज पहाड़ पर चढ़ने यहां आते हैं। वे आम तौर पर तड़के उठते हैं, और पहाड़ की चोटी पर चढने के बाद ताजा हवा में सांस लेते हैं। पहाड़ से उतरने के बाद वे परम्परागत चीनी व्यायाम खूंफू या थाई जी छ्वेन करते हैं और इस के बाद दिन के काम में लग जारते हैं। सुश्री चांग ली च्वन के अनुसार इस तरह का व्यायाम न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है,दिल को भी खुशी देता है। उन के अनुसार, पहाड़ पर चढ़ना हमारे जीवन का एक अभिन्न अंग बन गया है और हमें इस से खुशी भी मिलती है। मुझे लगता है कि पहाड़ पर चढ़ने में अनेक अच्छाइयां हैं। यह हृदय, रक्त शिराओं और पांव के लिए लाभदायक है। पहाड़ की चोटी पर पहुंचने पर तो दिल बहुत खुश होता है।

सुश्री चांग के पति श्री च्याओ भी पहाड़ पर चढ़ने के लाभ को गहरे महसूसते हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ की चढ़ाई एक बहुत अच्छा व्यायाम है। कई वर्षों से लगातार पहाड़ पर चढ़ने का व्यायाम करने से अब वे पहले की तरह मोटे नहीं रह गये हैं और उनका शरीर पहले से स्वस्थ हुआ है।

उत्तर-पूर्वी चीन के हार्बिन शहर के नागरिकों को सर्दियों में भी नदियों में तैरना पसंद है। हर वर्ष दिसम्बर के उत्तरार्द्ध से अगले वर्ष की फरवरी के मध्य तक, हार्बिन में तापमान शून्य के नीचे लगभग 15 से 40 सेन्टिग्रेड के बीच रहता है। ऐसे में लोग बर्फ जमी नदियों में तैरने के लिए तालाब बनाते हैं और उन में तैरते हैं। आम तौर पर जब वे नदियों से निकलते हैं, तो मोटे कपड़े पहन लेते हैं, नहीं तो, उन के शरीर पर जमा पानी तुरंत बर्फ बन जाता है।

हार्बिन के नागरिकों में युवाओं के अलावा, बूढ़े विशेषकर कुछ महिलाएं भी सर्दियों में तैरना पसंद करती हैं। 68 वर्षीय सुश्री छांग समींग इन में से एक हैं। पिछले 20 वर्षों में चाहे मौसम कितना ही खराब क्यों न रहा हो, उन्होंने सर्दियों में तैरना बंद नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस व्यावाम से उन्हें भारी लाभ मिला है। उन के अनुसार, सर्दियों में तैरते हुए अब मुझे 20 वर्ष हो चुके हैं। मुझे इससे बड़ा लाभ मिला है। हाल में शारीरिक जांच से पता चला है कि मेरा स्वास्थ्य ठीक है।

पिछली शताब्दी के 80 के दशक में उत्तर-पूर्वी चीन के हार्बिन शहर में सर्दियों के तैराकों के संघ की स्थापना की गई। अब यह हर वर्ष देश-विदेश के सर्दी के तैराकों को हार्बिन शहर आमंत्रित कर एक अंतरराष्ट्रीय मैच का आयोजन करता है।

इधर चीन के संबंधित विभागों ने नागरिकों को व्यायाम के लिए प्रेरित करने के लिए अनेक गतिविधियां भी आयोजित की हैं। मिसाल के लिए, हर वर्ष के जून माह में चीनी राष्ट्रीय खेल ब्यूरो देश में स्वास्थ्य सप्ताह का आयोजन करता है। शहरों की म्यूनिसिपल सरकारें, ग्रामीण कस्बे, अन्य इकाइयां और स्कूल अपनी वस्तुस्थिति के अनुसार, मजदूरों, किसानों, युवाओं, महिलाओं व बूढ़ों आदि के लिए विभिन्न व्यायाम गतिविधियां आयोजित करते हैं।

उत्तरी पेइचिंग के माद्येन पार्क में पर्यटकों के लिए व्यायाम का एक विशेष स्थल खोला गया है। यहां न केवल बास्केट बॉल मैदान है, विभिन्न किस्मों के व्यायाम उपकरण भी उपलब्ध हैं। यहां हर रोज अनेक लोग व्यायाम करने के लिए इकट्ठे होते हैं।

66 वर्षीय ल्यू छ्यो सन पार्क के निकट रहते हैं। वे हर रोज इस पार्क में व्यायाम करते हैं। उन्होंने कहा, आम तौर पर मैं यहां रोज एक घंटे से ज्यादा समय व्यायाम करता हूं। यहां व्यायाम के दस से ज्यादा उपकरण उपलब्ध हैं। हम पहले भी व्यायाम करना चाहते थे, लेकिन, तब ऐसे उपकरण उबलब्ध नहीं थे। अब शहरों में व्यायाम के अनेक उपकरण स्थापित किये गये हैं।

चीन में माद्येई पार्क जैसे व्यायाम स्थलों की संख्या काफी ज्यादा है। इन पार्कों में अनेक अवकाशप्राप्त लोग भी व्यायाम करते हैं, जबकि छुट्टियों के दिनों में आसपास के नागरिक यहां आते हैं। छात्र यहां बास्केटबॉल व बैडमिंटन खेलते हैं। जबकि युवा मां-बाप बच्चों को लेकर आना पसंद करते हैं।

फैशनेबल चीनी युवा व्यावसायिक व्यायाम केंद्रों में भी जाकर व्यायाम करते हैं। पेइचिंग की छिंग न्याओ व्यायाम कंपनी पेइचिंग की सब से बड़ी खेल कंपनियों में से एक है। यहां आयातित व्यायाम उपकरण उपलब्ध हैं। और लोग यहां व्यायाम नृत्य, भारतीय योग, थाई जी तथा बैले का अभ्यास कर सकते हैं।

छिंग न्याओ व्यायाम कंपनी पिछले तीन वर्षों में पांच व्यायाम केंद्र खोल चुकी है जिन्होंने 20 हजार से ज्यादा लोगों को आकृष्ट किया है। सुश्री चांग देन आधे वर्ष से इसकी सदस्य हैं। सुश्री चांग ने कहा, यहां का माहौल बहुत अच्छा है। मेरे घर में भी व्यायाम के उपकरण उपलब्ध है, फिर भी मैं घर में व्यायाम करना पसंद नहीं करती।

सुश्री चांग का मकसद संतुलित आहार करना और शरीर को सुन्दर बनाना है। हर हफ्ते वे तीन-चार बार यहां आती हैं। दो महीने पहले, उन्होंने एक निजी कोच को आमंत्रित किया। दो महीनों के प्रशिक्षण के बाद, सुश्री चांग के भार में सात-आठ किलो की कटौती हुई। उन्होंने कहा कि लोग भिन्न-भिन्न लक्ष्यों से यहां व्यायाम करते हैं। कुछ यहां व्यायाम के माहौल की खोज करने आते हैं तो कुछ मित्र बनाने के लिए। सुश्री चांग ने कहा कि खुद उन्होंने यहां आने के बाद अनेक नये मित्र बनाये हैं।