2008-06-18 16:03:05

स्छ्वान प्रांत में सांस्कृतिक अवशेषों का राहत व संरक्षण कार्य

12 मई को दक्षिण-पश्चिम चीन के स्छ्वान प्रांत की वनछ्वान काउंटी में जबरदस्त भूकंप आया। भूकंप से व्यक्तियों की भारी हताहती हुई और संपत्ति का बड़ा नुकसान होने के अलावा सांस्कृतिक अवशेषों को भी क्षति पहुंची है। इस समय स्छ्वान प्रांत में भूकंप के बाद सांस्कृतिक अवशेषों का राहत व संरक्षण काम सक्रिय रूप से किया जा रहा है।

12 मई को स्छ्वान प्रांत की वनछ्वान काउंटी में रियक्टर स्केल पर 8.0 तीव्रता वाला भूकंप आया, जिससे वहां के सांस्कृतिक अवशेषों को बड़ी क्षति पहुंची है। स्छ्वान प्रांत के सांस्कृतिक अवशेष ब्यूरो की उप नेता सुश्री वांग छ्योंग ने कहाः

"सांस्कृतिक अवशेषों के लिए स्छ्वान भूकंप एक विपदा है। 128 राष्ट्रीय सांस्कृतिक अवशेष संरक्षण इकाइयों में 79 को नुकसान पहुंचा है, जिसका अनुपात 62 प्रतिशत है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार प्रांतीय सांस्कृतिक अवशेषों में 30 प्रतिशत, यानी 169 क्षतिग्रस्त हुए हैं। शहर व काउंटी स्तरीय सांस्कृतिक अवशेषों को हुए नुकसान की स्थिति की जांच अभी भी चल रही है। इस के अलावा संग्रहालय में सुरक्षित सांस्कृतिक अवशेषों का भी बड़ा नुकसान हुआ है। उदाहरण के लिए पेइछ्वान काउंटी में सांस्कृतिक अवशेष का भंडार मकानों के मलबे के नीचे दब गया। इसलिए सांस्कृतिक अवशेषों की स्थिति गंभीर है।"

दक्षिण-पश्चिम चीन का स्छ्वान प्रांत बहुत सुन्दर है। स्थानीय संस्कृति चीन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान पर है। विश्व प्रसिद्ध कवि ली पाए और साहित्यकार सू शी आदि सब स्छ्वान वासी थे। वर्तमान भूकंप ग्रस्त क्षेत्रों में बहुत से महत्वपूर्ण सांस्कृतिक व ऐतिहासिक अवशेष स्थित हैं, जिनमें सबसे मशहूर है विश्व संपदा तू च्यांग येन बांध। दो हजार वर्षों से भी अधिक समय के इतिहास वाली यह सिंचाई परियोजना अभी तक बाढ़ की रोकथाम व सिंचाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। खुशी की बात है कि वर्तमान भूकंप में तू च्यांग येन बांध को सिर्फ थोड़ी क्षति पहुंची है। लेकिन तू च्यांग येन में ही एक जगह पर स्थित विश्व संपदा ताओ धर्म के प्रसिद्ध पहाड़ छिंग छंग शान पर प्राचीन विशाल भवन गंभीर रूप से नष्ट हो गया है। भवन का अधिकांश भाग क्षति ग्रस्त हो गया है और कुछ भाग पूरी तरह ढह गया है।

भूकंप ग्रस्त च्यांग च शहर में भूकंप के बाद आए अतिरिक्त झटकों से सैंकड़ों वर्ष के इतिहास वाले छिंग राजवनश का भवन पूरी तरह ढह गया है। इस शहर में सबसे महत्वपूर्ण अवशेष कवि ली पाए के पुराने निवास को बड़ा नुकसान पहुंचा है। च्यांग च शहर के छिंग ल्येन कस्बे के उप नेता श्री चांग ये ने कहाः

"पहला भूकंप आने के बाद क्षतिग्रस्त हुए कुछ सांस्कृतिक अवशेष मरम्मत के बाद इस्तेमाल किए जा सकते थे, लेकिन उस के बाद जो अतिरिक्त झटके आए, उस में ये पूरी तरह ढह गए।"

आरंभिक आंकड़ों के अनुसार स्छ्वान प्रांत में करीब 60 संग्रहालयों, सांस्कृतिक अवशेष संरक्षण विभागों, समृद्ध भवनों और सांस्कृतिक अवशेष भंडारों को भूकंप से गंभीर नुकसान पहुंचा है। भूकंप आने के बाद स्छ्वान प्रांत के संबंधित कर्मचारियों ने शीघ्र ही अवशेषों का संरक्षण किया और इन अवशेषों को स्थानांतरित किया। स्छ्वान प्रांत के सांस्कृतिक अवशेष ब्यूरो की उप नेता सुश्री वांग छ्योंग ने कहाः

"तू च्यांग ये शहर गंभीर भूकंप ग्रस्त क्षेत्र है। तू च्यांग ये शहर के सांस्कृतिक अवशेष विभाग के कर्मचारियों ने शीघ्र ही अवशेष भंडार में राहत कार्य शुरू किया। भूकंप के बाद बड़ी बारिश हुई। हमारे भवन में बहुत से कागज़ वाले अवशेष संरक्षित थे। अगर आर्द्रता होगी, तो सारे खराब हो जाएंगे। कर्मचारियों ने जान खतरे में डाल कर भंडार में प्रवेश कर कागज़ वाले अवशेषों को ढका और उन्हें बचाया।"

स्छ्वान में सांस्कृतिक अवशेष राहत काम को चीनी राजकीय सांस्कृतिक अवशेष ब्यूरो और भरे देश के सांस्कृतिक अवशेष विभागों का समर्थन मिला है। भूकंप के बाद चीनी राजकीय सांस्कृतिक अवशेष ब्यूरो ने जल्द ही भूकंप ग्रस्त क्षेत्रों में अवशेषों के राहत कार्य, संरक्षण व स्थानांतरण के लिए विशेषज्ञ दल भेजा और भूकंप से पैदा होने वाले विपत्ति की स्थिति का आकलन किया।

इस लेख का दूसरा भाग अगली बार प्रस्तुत होगा, कृप्या इसे पढ़े। (ललिता)