
चीनी नव वर्ष के समापन की परंपरा को संजोए हुए, उत्तरी चीन के हनान प्रांत के आन्यांग शहर की ह्वाश्यान काउंटी में स्थित ताउखो नामक प्राचीन कस्बे में भव्य अग्नि देव मेले का आयोजन किया गया। चीनी कैलेंडर के पहले महीने की 27 से 29 तारीख तक चलने वाला यह वार्षिक मेला उत्तरी चीन में नव वर्ष समारोह का अंतिम प्रमुख मेला माना जाता है। इस मौके पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक परेड का मुख्य आकर्षण रही पारंपरिक 'थाइगे' प्रस्तुति, जिसमें नन्हे कलाकार ऊंचे मंचों पर स्थापित होकर विभिन्न मुद्राओं में कला का प्रदर्शन करते हैं, जबकि कुछ कलाकार उन्हें अपने कंधों पर उठाकर जुलूस में चलते हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने ऊंची कलाबाजी वाले स्टिल्ट नृत्य, शानदार शेर नृत्य और मार्शल आर्ट के हैरतअंगेज करतब भी दिखाए, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।