Web  hindi.cri.cn
10-09-30
2010-09-30 17:39:47

यह चाइना रेडियो इंटरनेशनल है। श्रोता दोस्तो, हर सप्ताह की तरह आज भी न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम मे मैं हेमा कृपलानी आप सब का हार्दिक स्वागत करती हूँ। श्रोताओ, पूरी उम्मीद करती हूँ कि आपको न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम पसंद आ रहा होगा। हम न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े हुए विभिन्न पहलुओं के बारे में ढेर सारी बातें करते हैं। जिनसे हम सब कहीं-न-कहीं जुडे़ हुए हैं। यहाँ चीन में क्या-क्या होता है, इन सब की जानकारी हम आपको देते रहते हैं। जिससे आपको यहाँ के जीवन के बारे में और अधिक जानने को मिले।

आज हम आपको चीनी त्योहार के बारे में बताने जा रहे हैं।

मिड ऑटम फेस्टिवल या चीनी भाषा में ज़ोगचियु त्योहार, यानि मध्य शरद त्योहार जिसे चीन में चीनी चंद्र त्योहार के नाम से भी जाना जाता है। चीनी केलंडर के अनुसार हर साल 8वें महीने के 15वें दिन पर मनाया जाता है। यह त्योहार इस समय मनाने का रिवाज इस कारण भी है क्योंकि इस दौरान पूर्ण चंद्र रहता है और वह बहुत आकर्षक लगता है। इस वर्ष यह त्योहार 22 सितंबर को पड़ा और यहाँ चीन में इसे तीन दिन 22 से 24 सितंबर तक मनाने के लिए अवकाश था। मध्य शरद त्योहार चीन के प्रमुख त्योहारों में से एक है। इसे पुनःमिलन का त्योहार भी कहते हैं क्योंकि घर के बाहर काम करने वाले इस त्योहार पर घर वापस आते हैं। इस त्योहार पर पारंपरिक मून केक खाया जाता है जिसका आकार गोल होता है तथा जो पूर्ण चंद्र व पुनर्मिलन का प्रतीक है। लगभग हर पारंपरिक चीनी त्योहार किंवदंतियों से जुड़ा हुआ है। मध्य शरद ऋतु त्योहार के बारे में भी कुछ प्राचीन कथाएँ प्रचिलित हैं जिनमें झंग अ का उड़कर चाँद पर जाना, जेड खरगोश का औषधियाँ बनाना और वु गांग का चेरी बे काटना। त्योहारों को मनाने के साथ-साथ ये कहानियाँ पीढ़ी दर पीढ़ी आगे चलती जा रही हैं। बच्चों के लिए आज भी चंद्रमा महोत्सव मनाने के साथ-साथ कहानियाँ सुनना एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। तो चलिए आज हम भी आपको मध्य शरद त्योहार से जुड़ी एक कहानी बताते हैं। यह कहानी है झंग अ का उड़कर चाँद पर जाना। कहा जाता है कि बहुत पहले आकाश में 10 सूरज होते थे। हर दिन एक सूरज, सूरज की माता शिहे सारथी के रथ पर बैठ कर आकाश की सैर करते थे। एक दिन अप्रत्याशित रूप से सभी 10 सूर्य एक साथ आकाश में दिखाई दिए, जिस कारण फसलें तुरंत सूख गई और पृथ्वी पर लोगों की आपदा का कारण बन गए। होओ यी, जो की स्थानीय धनुर्धर था, लोगों को तपती-जलती गर्मी में तड़पते देख दुखी हो गया और उनकी मदद करने का फैसला किया। होओ यी, कुनलुन पर्वत के शिखर पर चढ़ा और एक सूरज को छोड़ बाकी नौ को अपने तीरों से मार गिराया। ऐसा करने के बाद वह स्थानीय लोगों में हीरो बन गया और सब उसका सम्मान करते थे। कुछ समय बाद होओ यी ने झंग अ नामक सुंदरी से विवाह कर लिया और दोनों सुखी जीवन व्यतीत करने लगे। होओ यी अपनी तीरंदाजी कौशल के लिए बहुत प्रसिद्ध था जिस कारण उसकी कई लोग ईर्ष्या करने लगे जिनमें पंग मंग नामक एक दुष्ट भी था।दरअसल पंग मंग होओ यी का एक शिष्य था। एक दिन होओ यी अपने मित्र से मिलने के लिए यात्रा कर रहा था तब पश्चिम की रानी माँ ने उसे अपने वीर उपक्रम के लिए इनाम के रूप में अमर होने के लिए अमृत दिया। साथ ही यह चेतावनी भी दी कि वह एक साल की पूजा-पाठ तथा एक साल के उपवास के बाद ही अमृत पीए उससे पहले नहीं। होओ यी ने झंग अ को अमृत संभालकर रखने के लिए दिया और झंग अ ने उसे खजाने की तरह समझ कर अपने गहने के बक्से में रख दिया। दुर्भाग्य से इस रहस्य के बारे में पंग मंग को भी पता लग गया और वह इसे चुराने की योजना बनाने लगा। कई दिनों के बाद जब होओ यी अन्य प्रशिक्षुओं के साथ शिकार के लिए बाहर गया, तब पंग मंग ने बीमार होने का नाटक किया और घर पर ही रूक गया।होओ यी के जाने के बाद पंग मंग, झंग अ को वह अमृत देने के लिए मजबूर करने लगा। झंग अ जब जान गई कि वह पंग मंग से जीत नहीं सकती और उसे अमृत देना ही पड़ेगा, इस भय से वह स्वयं अमृत को पी गई। अमृत पीते ही उसने पाया कि वह उड़ने लगी और आकाश की ओर जाने लगी।वह अपने पति से बेइंतहा प्यार करती थी इसलिए वह चाँद पर अमर होकर रहने लगी क्योंकि चाँद धरती से सबसे करीब है और वह अपने पति को वहाँ से देख सकती है। दोपहर बाद जब होओ यी शिकार से लौटा तो उसे पता चला कि क्या हुआ था। दुखी दिल और पागलों की तरह लगातार अपनी पत्नी का नाम पुकारता हुआ वह घर के पीछे बगीचे में गया। ताज्जुब की बात है, उन्होंने पाया कि उस रात चाँद अत्यंत स्वच्छ और उज्जवल था, और वहाँ झंग अ की तरह दिखने वाली एक छाया भी थी। होओ यी ने चाँद को पकड़ने की भरसक कोशिश की पर वह ऐसा करने में असफल रहा। उसके बाद होओ यी ने अपने नौकरों को आदेश दिया कि बगीचे में एक मेज़ पर वे उसकी पत्नी झंग अ के पसंदीदा भोजन जैसे नमकीन और फल वहाँ रखें। शीघ्र ही आसपास के लोगों को भी झंग अ के अमर होने का समाचार मिला तो उन्होंने भी चाँद के नीचे मेज़ लगाकर झंग अ के अच्छे भाग्य तथा सुरक्षा के लिए प्रार्थना करने लगे। तब से चीन में मध्य शरद ऋतु के दौरान चाँद की पूजा करने का रिवाज शुरू हुआ। यह है कहानी मिड ऑटम फेस्टिवल के बारे में। इस त्योहार के दौरान खाए जाने वाले मून केक बहुत स्वादिष्ट होते हैं तथा उनकी कई वैराइटियाँ भी मिलती हैं जैसे कि मून केक के भीतर तिल की पेस्ट, रेड बीन पेस्ट या फिर अंडे का पीला भाग और उनके ऊपर चीनी भाषा में इस त्योहार के बारे में कुछ लिखा भी होता है। लोग एक-दूसरे को मून केक भेंट करते हैं, इस त्योहार पर सब मिलकर एक साथ मून केक खाते हैं। हम ने भी यहाँ मून केक का खूब मज़ा लिया।

श्रोताओ, त्योहार चाहे कोई भी हो या कहीं का भी हो उनके साथ कोई-न-कोई कथा जुड़ी रहती है और साथ में होता है खास किस्म का भोजन जो उस त्योहार के मौके पर ही खाया और पकाया जाता है। पूरा परिवार साथ मिलकर उन्हें मनाता है। सच में त्योहार हमारे निरस जीवन में फिर से उमंग, उल्लास और ताज़गी भर देते हैं।

दोस्तो, अब सुनिए एक मज़ेदार खबर जिसे सुन बच्चे तो बच्चे बड़े भी खुश हो जाएँगे। खबर कुछ इस प्रकार है..........

चॉकलेट खाओ, अवसाद भगाओ

चॉकलेट खिलाकर आप किसी का दिल जीत सकते हैं, लेकिन एक नए अध्ययन के मुताबिक अधिक चॉकलेट खाने से अवसाद से पीड़ित व्यक्ति भी खुशमिजाज हो जाता है।

केलिफोर्निया विश्वविद्यालय के अध्ययनकर्ताओं ने बताया है कि ऐसा आभास होता है कि मिजाज का संबंध चॉकलेट से है, जबकि अन्य खाद्य सामग्री और अवसाद के बीच ऐसा कोई संबंध नहीं है जो मिजाज पर असर डाल सके।

कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के सैन डिएगो स्कूल ऑफ मेडिसीन के मुख्य अध्ययनकर्ता ब्रिटीस गोलांब ने बताया कि हमारे अध्ययन ने लंबे समय से कायम उस धारणा की पुष्टि कर दी है कि जब लोग अवसाद महसूस करते हैं, तब वह चॉकलेट खाना पसंद करते हैं।

बहरहाल, अध्ययन में चॉकलेट और अवसाद के बीच संबंध होने की बात तो कही गई है, लेकिन कारण का ब्योरा नहीं दिया गया है।

चलिए, त्योहारों का समय है, चॉकलेट खाने का मज़ा लेते हैं। हाँ, मगर ज़रूरत से ज्यादा नहीं।

श्रोताओं, आपको हमारा न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम का यह छब्बीसवां क्रम कैसा लगा। हम आशा करते हैं कि आपको पसंद आया होगा। आप अपनी राय व सुझाव हमें ज़रूर लिख कर भेजें, ताकि हमें इस कार्यक्रम को और भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकें। क्योंकि हमारा न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम आप से है, आप के लिए है, आप पर है। कर भला तो हो भला। इसी विचार के साथ हमारा न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम यहीं समाप्त होता है। आप नोट करें हमारा ई-मेल पताः hindi@cri.com.cn । आप हमें इस पते पर पत्र भी लिख कर भेज सकते हैं। हमारा पता हैः हिन्दी विभाग, चाइना रेडियो इंटरनेशनल, पी .ओ. बॉक्स 4216, सी .आर .आई.—7, पेइचिंग, चीन , पिन कोड 100040 । हमारा नई दिल्ली का पता हैः सी .आर .आई ब्यूरो, फस्ट फ्लॉर, A—6/4 वसंत विहार, नई दिल्ली, 110057 । श्रोताओ, हमें ज़रूर लिखयेगा। अच्छा, इसी के साथ मैं हेमा कृपलानी आप से विदा लेती हूँ इस वादे के साथ कि अगले हफ्ते फिर मिलेंगे।

तब तक प्रसन्न रहें, स्वस्थ रहें। नमस्कार

संदर्भ आलेख
आप की राय लिखें
सूचनापट्ट
• वेबसाइट का नया संस्करण आएगा
• ऑनलाइन खेल :रेलगाड़ी से ल्हासा तक यात्रा
• दस सर्वश्रेष्ठ श्रोता क्लबों का चयन
विस्तृत>>
श्रोता क्लब
• विशेष पुरस्कार विजेता की चीन यात्रा (दूसरा भाग)
विस्तृत>>
मत सर्वेक्षण
निम्न लिखित भारतीय नृत्यों में से आप को कौन कौन सा पसंद है?
कत्थक
मणिपुरी
भरत नाट्यम
ओड़िसी
लोक नृत्य
बॉलिवूड डांस


  
Stop Play
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040