Web  hindi.cri.cn
पेइ ताय ह समुद्री तट की यात्रा
2011-07-11 17:49:25

पेइ ताय ह समुद्री तट चीन के उत्तर में स्थित ह पेई प्रांत के छिन ह्वांग ताओ शहर के पश्चिम में स्थित है। यह चीन के पो हाय समुद्र का एक भाग है और चीन के उत्तर में स्थित एक प्रमुख बंदरगाह भी है। 19वीं शताब्दी के उत्तरार्ध से यह चीन का प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है।

पेय ताय ह में आज से लगभग 200 साल पहले कुछ नहीं था। चारों तरफ सुनसान जंगल ही जंगल था। सबसे पहले इस जगह की खोज इंग्लैंड के एक रेलवे इंजिनियर काईंडर क्लाउड विलियम ने किया था। उसने इस जगह को ग्रीष्म कालीन छुट्टी बिताने का सबसे अच्छा शहर बताया था। लेकिन उस समय विदेशियों को चीन में जमीन खरीदने का अधिकार नहीं था इसलिए उसने एक चीनी मित्र को यहाँ पर जमीन खरीद कर आवास बनाने का सुझाव दिया। 1898 में छिंग राजवंश ने इस जगह को औपचारिक तौर पर ग्रीष्म कालीन सैरसपाटे जगह में तब्दील करने की घोषणा की। साथ ही विदेशी लोगों को भी जमीन खरीदने का अधिकार दिया। इस घोषणा के साथ ही विदेशी लोगों ने चीनी मित्रों के साथ मिलकर यहाँ पर आवास बनाने शुरू किया साथ ही इस जगह की सुंदरता को निखारने का काम भी शुरू किया। देखते ही देखते यह जगह न केवल विदेशी सैलानियों के लिए एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया बल्कि चीनी पर्यटकों का भी यह पसंदीदा स्थल बन गया। समय के साथ इस जगह के न केवल नैसर्गिक सौंदर्य में बदलाव आया है बल्कि इस जगह की सुंदरता में मनुष्य ने भी अपना भरपूर योगदान दिया है।

पेय ताय ह का कुल क्षेत्रफल 70 वर्ग किलोमीटर है और कुल जनसंख्या लगभग 66,000 है। यह समुद्री तट पूर्व से पश्चिम तक लगभग 10 किलोमीटर लंबा है। यह ताय ह नदी से शुरू होकर यिन चियाओ तक फैला हुआ है। इसलिए इसे पेई ताय ह कहा जाता है।

पेई ताय ह चीन के विभिन्न शहरों से रेलवे और अंतरराज्यीय बस से जुड़ा हुआ है। पेइचिंग से पेइ ताय ह तक की दूरी रेलवे से मात्र 2 घंटे में तय की जा सकती है जबकि बस से यह दूरी लगभग चार घंटो में तय की जा सकती है। हाल में सरकार ने इस स्थल के पर्यटन के विकास के लिए पेइ ताय ह को हाई स्पीड रेलवे नेटवर्क से जोड़ने पर भी विचार कर रही है। हाई स्पीड रेलवे से इसकी दूरी मात्र 40 मिनट में तय की जा सकती है। पेय ताय ह चीन में निर्मित सबसे पहली पर्यटन रेलवे स्टेशन है। इसके अलावा चीन में विदेशी लोगों के लिए खोला गया सबसे पहला ग्रीष्मकालीन पर्यटन स्थल भी पेई ताय ह ही है।

पेई ताय ह के समुद्री तट को कई पर्यटन कंपनियों ने मिलकर कई भागों में बाँट दिया है। पर्यटक यहाँ पर किसी भी भाग में समुद्र में तैर सकते हैं। समुद्र के किनारे यहाँ पर पर्यटकों के सुविधा के लिए स्नानागार और शौचालय की व्यवस्था भी है। पर्यटक यहाँ पर दिन के समय छतरी के निचे आराम के साथ-साथ तरह-तरह के खेल भी खेलते हैं। यहाँ पर पर्यटन कंपनियों के तरफ से 200 चीनी युवान में लगभग 12 घंटों के लिए पाँच कुर्सियाँ और एक टेबल छतरी के साथ देते हैं। यहाँ पर पर्यटकों को समुद्र में घुमने के लिए एक बड़ा जहाज और कई छोटे-छोटे मोटरबोट भी हैं जिसका किराया प्रति व्यक्ति 30 युवान से लेकर 80 युवान तक है। कई विदेशी पर्यटकों के अनुसार यहाँ पर पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाएं काफी सस्ती हैं।

जब हमने यहाँ पर काम करने वाले एक कर्मचारी से पूछा तो उन्होनें कहा कि, यहाँ पर आने का सबसे उपयुक्त समय जून से लेकर अगस्त तक है। इस समय यहाँ का मौसम बहुत सुहावना होता है तथा धूप भी बहुत तेज निकलती है जिससे पर्यटकों को समुद्र में तैरने में काफी मजा आता है। उन्होनें कहा कि अगस्त के बाद पानी का तापमान कम होने लगता है जिससे पर्यटक धिरे-धिरे आना बंद कर देते हैं। उन्होनें आगे परिचय देते हुए कहा कि जुलाई और अगस्त का महिना सबसे ज्यादा व्यस्ततापूर्ण होता है। हमलोग प्रतिदिन लगभग 2000 पर्यटकों को सेवा देते हैं। यहाँ के लोगों का मुख्य आमदनी भी पर्यटन पर आधारित है। बहुत सारे लोगों को पर्यटन के जरिए जीवन-यापन चलाने का अवसर मिला है।

पेई ताय ह आने वाले विदेशी पर्यटकों में रूसी लोगों की संख्या सबसे ज्यादा होती है। जब हमने यहाँ पर लगभग बीस वर्षों से कार्यरत कर्मचारी जिनकों लोग प्यार से शियाओ तिए कहते हैं, से पूछा तो उन्होनें कहा कि, पेइ ताय ह रूसी लोगों के लिए सबसे नजदीकी समुद्री तट है। रूसी लोगों के लिए काला सागर छोड़कर बाकी के सारे समुद्री तटों के लिए युरोप जाना पड़ता है, जिसमें समय और पैसे की काफी बर्बादी होती है। पेई ताय ह आने के लिए रूसी लोग चीन के हारपीन प्रांत से सीधी रेल सेवा के जरिए आ जाते हैं। और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यहाँ पर बहुत सस्ते दामों में पर्यटन सुविधा उपलब्ध है।

समय के साथ-साथ यहाँ आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। अब यहाँ युरोप से भी काफी पर्यटक आते हैं। पेइ ताय ह उत्तरी चीन के लोगों के लिए पसंदीदा पर्यटन स्थल बन गया है। यहाँ पर चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन के सदस्यों के लिए भी एक समुद्री भाग सुरक्षित है। यहाँ पर केवल पार्टी के लोग ही तैर सकते हैं तथा इस जगह का सुरक्षा तथा रखरखाव भी चुस्त-दुरूस्त है। यहाँ पर आने वाले पर्यटकों में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता माओ त्स तुंग भी शामिल हैं। उन्होनें इस जगह के बारे में एक कविता में भी उल्लेख किया है। आज भी जुलाई माह में यहाँ पर पार्टी के सदस्य गर्मी की छुट्टियाँ मनाने आते हैं।

पेइ ताय ह नव दंपतियों के लिए भी बहुत आकर्षक है। नये-नये शादी के जोड़े पहने लोग यहाँ पर फोटों खिंचवाते बरबस ही नजर आ जाते हैं। यहाँ पर एक तट इसी काम के लिए प्रसिद्ध है। एक फोटोग्राफर के अनुसार, प्रतिदिन सिर्फ फोटों खिंचवाने के लिए आने वाले पर्यटकों की संख्या सौ से भी ज्यादा होती है। लोग शादी के जोड़े में सजे-धजे फोटो खिंचवाने में तल्लीन दिखते हैं।

पेय ताय ह इलाके की रौनकता शाम होने के साथ ही पूरे परवान पर होती है। इस शहर की सुंदरता यहाँ के रंग-बिरंगे इमारतों से और बढ़ जाती है। सभी इमारतें पश्चिमी शैली की बनी है जिससे ऐसा लगता है जैसे शाम होते ही आप किसी युरोपीय शहर में पहुँच गये हों। सड़कों के किनारे पेड़ों पर लाईटों की सजावट बहुत ही मनमोहक है। यहीँ पर समुद्री तट पर स्थित एक पार्क में अंग्रेज रेलवे इंजिनियर काइंडर क्लाउड विलियम की प्रतिमा स्थित है। ऐसा कहा जाता है कि उसने इसी जगह से पेय ताय ह का सुंदर नजारा देखा और इस जगह को पर्यटन स्थल बनाने का विचार यहीं पर आया था। यहाँ पर रंग-बिरंगे लाईटों से सजे इमारतें और बार तथा उन बारों में मीठी-मीठी संगीत की धुन पर्यटकों का ध्यान आकर्षित करने के लिए काफी है। यहाँ पर रूसी पर्यटकों के ज्यादा होने के कारण, यहाँ की तमाम इमारतों और सड़कों का नाम चीनी और रूसी भाषा में लिखा गया है। आप इसी से अंदाजा लगा सकते हैं कि पेय ताय ह रूसी लोगों के लिए सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थल क्यों हैं।

यह समुद्री तट न केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है बल्कि यहां का समुद्री खान-पान भी लोगों को काफी आकर्षित करता है। यहाँ पर जगह-जगह पर रेस्तरां में समुद्री खान-पान मिलता है। सबसे दिलचस्प तो यहाँ के तुंग चिंग रोड पर रास्ते के किनारे कबाब वाले लगते हैं। उनके पास तरह-तरह की खाद्य सामग्री होती हैं जिनमें समुद्री मछलियाँ काफी प्रसिद्ध है। इन सबको पकाकर बेचा जाता है जो खाने में बहुत ही स्वादिष्ट होती है। इस स्ट्रीट पर रात भर चहल-पहल होती है।

संदर्भ आलेख
आप की राय लिखें
सूचनापट्ट
• वेबसाइट का नया संस्करण आएगा
• ऑनलाइन खेल :रेलगाड़ी से ल्हासा तक यात्रा
• दस सर्वश्रेष्ठ श्रोता क्लबों का चयन
विस्तृत>>
श्रोता क्लब
• विशेष पुरस्कार विजेता की चीन यात्रा (दूसरा भाग)
विस्तृत>>
मत सर्वेक्षण
निम्न लिखित भारतीय नृत्यों में से आप को कौन कौन सा पसंद है?
कत्थक
मणिपुरी
भरत नाट्यम
ओड़िसी
लोक नृत्य
बॉलिवूड डांस


  
Stop Play
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040