Web  hindi.cri.cn
सु चाउ- पूर्व का वेनिस, झीलों का शहर
2011-10-19 09:58:44

अरुण आनंद

सु चोउ को झीलों का शहर भी कह सकते हें और पूर्व का वेनिस भी। चीनी और विदेशी पर्यटक यहां बड़ी संख्या में आते हैं।

इस शहर की संस्कृति की खास बात यह है कि यहां 500 वर्ष पूर्व बसा शहर का पुराना हिस्सा अब भी अपने मूल स्वरूप में मिल जाएगा। लगभग 14 वर्ग किलोमीटर में फैले इस इलाके में लोग एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए नावों का इस्तेमाल करते हैं।

सु चोउ का प्राचीन लोक संगीत भी काफी प्रसिद्ध है और यहां कई बगीचे हैं जिनका ऐतिहासिक महत्व है। सु चोउ के लोग भागदौड़ में भरोसा नहीं रखते। यहां जीवन अपनी गति से चलता है- न सुस्त, न तेज।

सु चोउ में हम्बल गार्डन ऑफ द एडमिनिस्ट्रेटर नाम से विख्यात बगीचा युनेस्को की 'विरासत सूची'में शामिल है। इस बगीचे की स्थापत्य कला दर्शकों को बहुत प्रभावित करती है और यहां कई ऐसे स्थान हैं जहां आप अपने साथ मनचाहा वक्त बिता सकते हैं। शांति के साथ इतिहास में कुछ देर लौटना यहां संभव है। भागदौड़ भरी जिंदगी से राहत पाने की इच्छा रखने वालों को यहां जरूर आना चाहिए।

पुराने शहर में शाम को काफी रौनक होती है। यहां देर शाम परम्परागत लोक संगीत के साथ लकड़ी की नाव पर बैठकर सु चोउ की सैंकड़ों वर्ष पुरानी सांस्कृतिक विरासत के साथ साक्षात्कार करना दिलचस्प अनुभव है। आधुनिक सुविधाओं के बावजूद कहीं भी व्यवसायीकरण का प्रभाव नहीं दिखता है।

सु चोउ की खासियत सह भी है कि यहां का भोजन मसालेदार नहीं होता है। लगभग सभी व्यंजनों में कुछ हद तक मीठेपन का अहसास होता है। जितना मीठा भोजन है उतने ही बेहतर यहां के लोग बतौर मेजबान भी हैं।

आम लोग यहां अभी भी नगरीय संस्कृति की अफरा तफरी से बचे हुए हैं। लोग विनम्र हैं। यहां की झीलें, बगीचे और संग्रहालय तथा परम्परा और आधुनिकता का मेल इसे अपने आप में दिलचस्प पर्यटन स्थल बनाता है जहां आकर चीन की वैविध्यपूर्ण सांस्कृतिक परम्पराओं से रूबरू हुआ जा सकता है।

समाप्त ।

1 2 3 4 5 6
आप की राय लिखें
Radio
Play
सूचनापट्ट
मत सर्वेक्षण
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040