रूस-भारत आर्थिक सहयोग फिर से बढ़ा
2017-06-02 10:29:30 cri
रूस और भारत के बीच आर्थिक और व्यापारिक सहयोग फिर से बढ़ रहा है और अपने पुराने रास्ते पर लौट आया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 1 जून को सेंट पीटर्सबर्ग में यह बात कही।
पुतिन ने सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित अन्तरराष्ट्रीय आर्थिक मंच के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों ने अर्थव्यवस्था, व्यापार और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया।
पुतिन ने कहा कि इस साल की पहली तिमाही में रूस और भारत के बीच व्यापार में 29 प्रतिशत का इजाफ़ा हुआ है। इसके साथ ही पूंजी में भी बेहतरीन स्थिति बनी रही। भारत में रूस की पूंजी 4 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक रही, जबकि रूस में भारत की पूंजी 8 अरब डॉलर से ज्यादा है।
गौरतलब है कि अन्तरराष्ट्रीय आर्थिक मंच का आयोजन वर्ष 1997 से शुरू हुआ, जो रूस में सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक आर्थिक मंच बन गया है।
(ललिता)