Web  hindi.cri.cn
"माओथाई" चीन की राष्ट्रीय शराब
2016-05-15 16:51:45 cri

जैसे भारत की चाय, अमेरिका की कोका कोला, रूस की वोडका दुनियाभर में मशहूर है, उसी तरह चीन की माओथाई को भी राष्ट्रीय पेय की संज्ञा दी गई है। चीन में माओथाई शराब का इतिहास 135 ईसा पूर्व जितना पुराना है, जब चीन के सम्राट वु को क्वोचोउ प्रांत की इस शराब का स्वाद का पता चला था। माओथाई क्वोचोउ प्रांत का ही एक शहर है, जहां ज्वार और गेंहू से बनने वाली इस सफेद चीनी वाइन यानि माओथाई का उत्पादन होता है। माओथाई चीन की सबसे महंगी शराब मानी जाती है, इसमें करीब 53 प्रतिशत अल्कोहल की मात्रा होती है। चीनी लोग इस पर गर्व करते हैं और इसे राष्ट्रीय शराब का दर्जा दिया जाता है।

माओथाई अपने अनूठे स्वाद के लिए जानी जाती है। इसका स्वाद थोड़ा तेज़ होता है, कुछ-कुछ वोडका जैसा और यह अंगूर की शराब से एकदम अलग होती है। इसकी महक किसी को भी नशे से सराबोर कर सकती है। आमतौर पर इस शराब को किसी खास मौके जैसे शादी समारोह, जन्मदिन, बिजनेस डीलिंग या चीनी त्यौहार पर ही पिया जाता है। जब कोई विदेशी किसी चीनी के यहां मेहमान बनकर आता है तो उसे माओथाई जरूर परोसी जाती है। यह चीनी लोगों का आदर-सत्कार का एक नमूना है।

मौजूदा समय में माओथाई का दैनिक उत्पादन करीब 2.7 लाख बोतलें और 300 से ज्यादा किस्मों का उत्पादन है। फैक्ट्री में सफेद वर्दी में महिलाएं सभी लाल-सफेद बोतलों का अच्छे से निरीक्षण करती हैं। लगभग प्रत्येक महिला इस फैक्ट्री में हर रोज 6 घंटे की शिफ्ट करती है और हफ्ते में 5 दिन काम करती है। उनका वेतन सालाना एक लाख चीनी युआन (करीब दस लाख रूपये) होता है, जो कि औसत आमदनी से कहीं ज्यादा है।

अन्य शराब के ब्रांडों का गढ़ माने जाने वाला क्वोचोउ प्रांत पूरे चीन में शराब व्यापारियों का हब है। माओथाई शहर के आसपास 157 गांव हैं जो माओथाई के लिए ज्वार और गेंहू का उत्पादन करते हैं। माओथाई बनाने में ज्वार का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होता है। शराब बनाने की फैक्ट्री में मजदूर और कच्चा माल सप्लाई करने वाले किसान, निश्चित रूप से देश की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

क्वोचोउ माओथाई ग्रुप के डिप्टी जनरल मैनेजर, यांग ताईयोंग का कहना है कि माओथाई उस वातावरण की वजह से जहां उत्पादन होता है, और अपनी विशेष तकनीक और गुणवत्ता की वजह से देश का गौरव है। उनका कहना है कि स्थानीय अर्थतंत्र का बहुत बड़ा हिस्सा क्वोचोउ माओथाई पर निर्भर रहता है, जहां करीब 70 हजार किसान खेतों में और इसके अलावा 20 हजार मजदूर इसके उत्पादन साधनों में काम करते हैं। करीब 70 से 80 प्रतिशत जनसंख्या की आय सफेद वाइन उद्योग से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से आती है।

1 2 3 4 5
आप  की  राय  लिखें
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040