Web  hindi.cri.cn
    शिडंहाई झील
    2015-01-01 19:52:24 cri

    शिडंहाई झील के हेइलुडंच्याडं प्रांत के दक्षिण पूर्वी भाग में चीन व सोवियत संघ दोनों देशों की सीमा पर स्थित है। यह मिशान काउन्टी केंद्र से 50 किलोमीटर दूर है। इसका क्षेत्रफल 4380 वर्गकिलोमीटर है और इसका उत्तरी भाग चीन में तथा दक्षिणी भाग सोवियत संघ में पड़ता है।

    शिडंहाई झील प्राचीन काल में पेइछिन समुद्र के नाम से प्रसिद्ध थी। 17वीं शताब्दी में छिडं राजवंश में इसका नाम बदलकर शिडंहाई झील रखा गया। मानचू जाति की भाषा में शिडंहाई का मतलब है पानी नीचे की ओर बहता है। शिडंहाई झील समुद्र की सतह से 69 मीटर ऊंची है, इसकी अधिकतम गहराई 10 मीटर है। झील का पानी उत्तर-पूर्वी सुडंअछा नदी से गुजरकर ऊसूली नदी में गिरता है। झील के आसपास दलदली मैदान और रेतीले बांध फैले हुए हैं। उसके उत्तर-पश्चिमी किनारे पर सीधी चट्टानें खड़ी हैं और उसके उत्तर में लघु शिडंहाई झील स्थित है। इसका क्षेत्रफल 403 वर्गकिलोमीटर है। यह हेइलुडंच्याडं प्रान्त के कृत्रिम रूप से मछली पालने के मुख्य अड्डों में से एक है। शिडंहाई झील में प्राकृतिक जलीय उपजों की भरमार है, 40 किस्म की मछलियां और झींगे पाए जाते हैं। श्वेत मछली व कार्प मछलियां उसकी विशेष उपजें हैं।

    लघु शिडंहाई और शिडंहाई झील के बीच एक रेतीला बांध है। इसकी चौड़ाई लगभग एक किलोमीटर है, इसके तंग स्थान की चौड़ाई 100 मीटर है। वह प्राकृतिक रूप से बना एक रेतीला बांध है। इसपर सैकड़ों वर्ष पुराने चीड़ के जंगल हैं। यहां हिरन, श्यामक, कस्तूरी-चूहे और चकोर तथा तरह तरह के पशु-पक्षी पाए जाते हैं। यह रेतीला बांध आदिम स्थिति में सुरक्षित है, आज यह देश के प्राकृतिक सुरक्षित क्षेत्रों में गिना जाता है।

    रेतीले बांध के पश्चिमी भाग में आदिम मानव का एक अवशेष स्थल है। 1972 में हेइलुडंच्याडं प्रांत के पुरातत्व अन्वेषण दल ने यहां 5000 वर्ष पहले के एक आदिम मछुआ गांव खोज निकाला। यहां दस से अधिक प्राचीन केंद्रों से 2000 से ज्यादा मछली पकड़ने के काम आने वाले अस्थि-औजार व मिट्टी पात्र, जिन पर मछलियों के शल्क और मछली-जाल की सूक्ष्म व सुन्दर डिजाइनें अंकित हैं, प्राप्त हुए हैं।

    1 2
    © China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
    16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040