अखिल- वैल्कम बैक दोस्तो, आप सुन रहे है संडे की मस्ती हमारे साथ। आज मैं आपको एक ऐसी बात बताने जा रहा हूं, जिसे सुनकर आप हैरान रह जाओगे। बात है 'जापानी चिड़िया' फोन पर बात करती है। हो गये ना हैरान।
अब मैं इसके बारे में बताता हूं। जापान में रहने वाले सतोको ओहनो नाम के एक शख्स के घर जैसे ही फोन की घंटी बजती है, वैसे ही उनकी मैना जिसका नाम है अबे चान, फोन उठाकर जापानी भाषा में बात करने लगती है। अबे चान न सिर्फ फोन पर बात करती है, बल्कि सीटी भी बजाती है। वह उनके घर में एक खिड़की से दूसरी खिड़की पर उड़ती रहती है और अक्सर अपने मालिक ओहनो का नाम लेती रहती है।
ओहनो ने अपनी इस मैना की वीडियो इंटरनेट पर पोस्ट की है। इसमें वह फोन पर बात करती है। ओहनो के मुताबिक कॉमन हिल मैना को बोलना बेहद पसंद होता है। ओहनो की इस छोटी सी चिड़िया की खासियत यह है कि यह एकदम इंसान के अंदाज में बात करती है।
फोन पर अबे चान (चिड़िया) क्या कहती है....यह मैं और मीनू जी बोलकर दिखाते है...।
चिड़िया : हैलो... क्या आप ओहनो फैमिली से बोल रहे हैं? सब ठीक तो है?
मालिक : अबे चान, तुम थोड़ा जल्दी बोल रही हो। पहले अच्छे से फोन पकड़ो और सही तरीके से बोलो 'हैलो'।
चिड़िया : ठीक है। समझ गई।
मालिक : क्या तुम सच में समझ गई। मुझे तुम पर भरोसा है। हैलो...। क्या ये गिफू में रहने वाली ओहनो फैमिली का घर है?
चिड़िया : ओके...। ठीक है। मैं समझ गई।
मालिक : ओके।
दोस्तों, मैं आप सभी को बता दूं कि कॉमन हिल मैना कौन होती है। कॉमन हिल मैना के पंख जैट ब्लैक होते हैं, जिस पर चमकीले ऑरेंज कलर की चोंच खूब फबती है। इतना ही नहीं, इसके सिर पर जगह-जगह पीले रंग के डॉट इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं। कॉमन हिल मैना की लंबाई 12 इंच के आस-पास ही होती है। यह स्वभाव से काफी चुलबुली और शैतान होती है। यह अलग-अलग तरह के आवाजों की मिमिक्री करने के लिए पहचानी जाती है।
अखिल- तो दोस्तों, कैसी लगी आपको यह जापानी चिडिया.... जो फोन पर बातचीत करती है।
चलिए... मैं अब आपको एक और मजेदार बात बताता हूं।
दोस्तों, 10 लाख की शादी कोई छोटी-मोटी बात नहीं और वह भी तब, जब शादी इंसानों की ना हो! हैरान हो गये ना.....। अरें... हैरान मत होंए... मैं आपको पूरी बात बताता हूं। मध्य प्रदेश के इंदौर में कई हजार लोगों के सामने गाय और बैल की शादी कराई गई। शादी वो भी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई। बैंड-बाजे के साथ बाकायदा बारात आई और घरातियों द्वारा स्वागत सत्कार भी किया गया। शादी में 5000 से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। इस शादी पर 10 लाख रुपये से भी ज्यादा रकम खर्च की गई। दुल्हन गाय का नाम गंगा है और दूल्हे बैल का प्रकाश।
गंगा के मालिक गोपाल पटवारी ने इस शादी का आयोजन किया था। गंगा को लाल रंग की साड़ी और जेवरों से सजाया गया था, जबकि दूल्हे बैल यानी प्रकाश को रंगीन शेरवानी और पगड़ी पहनाई गई थी। विधिवत हल्दी और गणेश पूजा भी हुई थी। मंडप पर पहले प्रकाश को लाया गया था। फिर मंत्रोच्चार के बीच गंगा को लाया गया। दोनों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और विवाह के बंधन में बंध गए।
इस शादी का आयोजन एक खास मकसद से भी किया गया था। खेती आबाद रहे, ओला या बारिश से फसल को नुकसान न हो, इसी को ध्यान में रखते हुए शादी का आयोजन किया गया। असल में आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि और भारी बारिश से लोगों की खेती बरबाद हो गई थी, जिससे उनका काफी नुकसान हुआ था।
शादी के आयोजन में शामिल लोगों का कहना है कि हमारे गांव में ऐसा ना हो, इसलिए हमने साधु और पुजारी की सलाह पर इस शादी का आयोजन किया। ऐसा माना जाता है कि इस तरह की शादी से गांव में शांति बनी रहती है।
अखिल- तो दोस्तों, यह थी गाय-बैल की शादी। इस पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है, हमें जरूर भेजें।
मीनू- अखिल जी.. आपने यह तो वाकई लाजवाब बात बताई। मैं तो पहली बार सुन रही हूं कि गाय और बैल की शादी कराई गई है। खैर.. मैं भी एक मजेदार और रोचक बात बताती हूं।
अखिल जी.. कभी आपके साथ ऐसा हुआ है कि आपने कोई सपना देखा है और आपका सपना सच्चा हो जाए...।।
अखिल- नहीं.. मीनू जी... मेरे साथ ऐसा कभी नहीं हुआ।
मीनू- पर ऐसा लंदन में 41 साल के नील ट्रॉटर के साथ हुआ है। उसने सपना देखा और बन गया 850 करोड़ का मालिक।
अखिल- अरे वाह.. क्या किस्मत निकली उसकी।
मीनू- नील ट्रॉटर ने 800 रुपए की लॉटरी खरीदी। पता नहीं उसके दिमाग में क्या आया और उसे लगा कि वह लॉटरी में बड़ी रकम जीतने वाला है। उसने लॉटरी खुलने के पहले अपने पिता जिम ट्रॉटर को फोन भी किया और कहा कि मैं कल करोड़पति बनने वाला हूं। अगले दिन उसकी किस्मत ऐसी पलटी कि वह विश्व में चौथी सबसे बड़ी लॉटरी की रकम जीतने वाला इंसान बन गया।
लॉटरी में लिखे सभी सातों नंबर मैच कर गए और वह 850 करोड़ रुपए का विजेता बन गया। नील पेशे से कार मकैनिक हैं और कार रेसिंग ड्राइवर भी हैं। हालांकि उसके पिता जिम ट्रॉटर एक बड़े बिजनेसमैन हैं। लेकिन नील की ख्वाहिश थी कि वह खुद की मेहनत या किस्मत से करोड़ों कमाए। फिलहाल नील और उसकी पार्टनर निकी आटवे इस समय जीत की खुशी में मस्त हैं। मामला ब्रिटेन की राजधानी लंदन का है।
नील का कहना है कि उसे लग तो रहा था कि इस बार लॉटरी जीतने में सफल रहेगा लेकिन इतनी बड़ी रकम की कल्पना भी नहीं की थी। उसने जो रकम जीती है, वह अपने पिता की कुल संपत्ति से बहुत ज्यादा है। नील से पूछा गया कि इस रकम से वह क्या क्या करेगा तो उसने जवाब दिया कि अभी तो मैं जीत की खुशी मना रहा हूं। आगे वह अपने लिए कुछ अच्छी किस्म की रेसिंग कार खरीदेगा, कुछ लग्जरी कार भी। वह अपने बिजनेस को नए सिरे से बढ़ाएगा।
रकम के कुछ हिस्से से सिस्टर की मदद करेगा, जो अभी अपनी लाइफ में सफल नहीं हो पाई है। नील की एक 10 साल की बेटी भी है, जो उसके पहले पार्टनर से है। नील का कहना है कि बेटी की सारी इच्छाएं पूरी कर सकेगा। नील और निकी अब पूरी दुनिया में घूमकर मौज-मस्ती करने की प्लानिंग में भी हैं।
अखिल- दोस्तों... नील और निकी तो पूरी दुनिया घूमकर मौज-मस्ती करेंगे पर आप लोग हर रविवार संड़े की मस्ती सुनकर मौज-मस्ती कीजिए....। पर अभी हम सुनते है एक बढिया गाना... उसके बाद बताएंगे कि पाकिस्तान में प्रधानमन्त्री कार्यालय और संसद की बिजली कटी, बिल नहीं चुकाया था...।
(गाना-2)









