Web  hindi.cri.cn
12-05-22
2012-05-23 10:33:39

यह चाइना रेडियो इंटरनेशनल है। श्रोता दोस्तो, न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम में, मैं हेमा कृपलानी आप सब का हार्दिक स्वागत करती हूँ। दोस्तो, एक बार फिर हम हाजिर है न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम के साथ। आज के कार्यक्रम में हम बात करेंगे की चीन में कैसे एक पत्नी ने फाड़े 4 लाख के नोट। चीनी संस्कृति का अटूट हिस्सा है पिओनी फूल और साथ-साथ बात करेंगे कि कैसे मल्टीटास्किंग में महिलाएँ हैं पुरुषों से बेहतर।

जी हाँ, सही सुना आपने कि चीन में एक पत्नी ने 4 लाख के नोट फाड़ दिए।

अगर आपकी पत्नी गुस्से में है तो अपने नोटों को बचाने की जुगत लगाना शुरू कर दीजिए। चीन में पति-पत्नी की टेंशन में बैंक कर्मचारियों के पसीने छूट गए। जब एक शख्स अपने साथ लगभग 4 लाख रुपए के फटे हुए नोट लेकर बैंक पहुंचा तो बैंक वालों के हाथ-पांव फूल गए। उन्हें माजरा समझ में ही नहीं आ रहा था और यह भी समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर अब वह करें क्या।

बैंक कर्मचारियों ने मदद करने का बीड़ा उठाया और जुट गए नोटों को जोड़ने की मुहिम में। लेकिन, नोटों को इतना छोटा-छोटा, लगभग चिन्दी कर फाड़ा गया था कि सारी मेहनत धरी रह गई। 4 घंटे की मशक्कत के बाद केवल एक नोट ही पूरा जोड़ा जा सका।

बैंक वालों ने हार मान कर हाथ खड़े कर दिए और यह कहकर अपने हाथ झाड़ लिए कि कहीं और से जाकर मदद लें। बताया जा रहा है कि जिस पत्नी ने नोट फाड़े वह मानसिक रूप से कुछ परेशान रहती थी और उसके इलाज के लिए ही पति ने घर में नोट रखे हुए थे। बाप-रे-बाप गुस्सा हो तो ऐसा हो वरना ना हो।

अब बात करते हैं पिओनी फूल के बारे में जो कि चीन में डिजाइनरस की पसंद है और पिओनी फूल का चीनी संस्कृति से क्या संबंध है।

चीनी संस्कृति में पिओनी, एक तरह का पौधा जिसके फूल बड़े, गोल और लाल या सफेद रंग के होते हैं। पिओनी- सुख, समृद्धि, खुशहाली और गुड लक का प्रतीक माना जाता है। यही कारण है कि कई चीनी और विदेशी फैशन डिजाइनरस ने अपने डिजाइनस में पिओनी के पैटर्न का उपयोग करना शुरू कर दिया है। कुछ डिजाइनरस का मानना है कि कपड़ों पर पिओनी के पैटर्न, डिजाइनस लोगों को इस भीड़-भड़ाके वाले शहर में कुछ समय के लिए सुकून देंगे। उनका यह भी मानना है कि पिओनी आजकल की आधुनिक कामकाजी महिला की तरह है- जो बाहर से देखने में रफ-टफ है, लेकिन अंदर से है बहुत साफ्ट और कोमल।

पिओनी, चीन का सबसे छोटा सजीव प्रतीक माना जाता है जिसका सदियों से इस्तेमाल सजावट के लिए होता रहा है और प्लम ब्लासम के साथ पिओनी चीन में एक परंपरागत पुष्प का प्रतीक भी है। जिसे अक्सर धनी और प्रतिष्ठा का फूल भी कहा जाता है, इसे चीनी कला का प्रतीकात्मक रूप भी माना जाता है। पिओनी का प्रयोग आमतौर पर टैटू के रूप में कोई मछली(सुनहरी मछली) के साथ किया जाता है। हर साल चीन में दर्जनों पिओनी प्रदर्शनियाँ और शो आयोजित किए जाते हैं। हालांकि, पिओनी को उगाना कोई आसान काम नहीं क्योंकि इसके पौधे को उगने में और उन पर फूल आने में 5 से 6 साल का समय लगता है।

पिओनिस, लंबे और सुगंधित होने के कारण इन्हें सजावटी फूलों के उपयोग में लाया जाता है और अब इन्हें बहुत बड़ी मात्रा में उगाया जा रहा है। लुओयांग, हनान प्रांत का सबसे प्राचीन शहर अपने पिओनी फूलों की खेती का केन्द्र जाना जाता है। सदियों से माना जाता गया है कि लुओयांग के पिओनी व्यापक रूप से देश भर के बेहतरीन पिओनी हैं। चीनी लोगों का मानना है कि पिओनी सुन्दरता, पवित्रता और प्रेम का अवतार है। एक पौराणिक कथा के अनुसार थंग राजवंश की महारानी वू ज़तिआन जो चीन के इतिहास में एकमात्र महिला थीं जिन्हें महारानी की उपाधि मिली, अपने शाही बाग में गईं। उन्होंने अपने माली को आज्ञा दी कि एक ही दिन में सारे फूल अपने बागों में दिखाई दे, ताकि वह उन्हें निहार सकें। जब वह दिन आया तो सभी फूल केवल पिओनी को छोड़कर खिले। गुस्से में लाला-पीली हुई महारानी ने पिओनी को जला दिया और फिर वहाँ से बाहर निकालकर छांग-आन में भेज दिया।

चीन में पिओनी उगाने का लंबा इतिहास रहा है और पिओनी फूल का उपयोग दवाइयाँ बनाने के लिए किया जाता है। पूर्वी हान राजवंश (25-220) के दौरान प्रकाशित कृषि और औषधीय पौधों पर लिखी गई एक चीनी किताब शन्नोंग बनसाओ जिंग में इस बात का उल्लेख किया गया है कैसे पिओनी का प्रयोग दवाइयों के लिए किया जाता है।

सुई वंश (581-618) के दौरान, चीनी लोगों ने सजावटी प्रयोजनों के लिए पिओनी की खेती करनी शुरू कर दी। तांग राजवंश (618-907) के दौरान पिओनी एक लोकप्रिय फूल था विशेषकर राजवंश की राजधानी छांग-आन जो अब शांक्शी प्रांत की राजधानी शिआन कही जाती है। पिओनी की खेती थांग राजवंश के दौरान उत्तरी और दक्षिणी चीन में फैल गई थी। इसके अलावा उस युग के दौरान पिओनी की महिमा के विवरण के लिए कई कविताएँ भी रची गई थीं।ली बाय ने,जो प्राचीन काल में चीन के एक लोकप्रिय कवि थे पिओनी की तुलना प्राचीन चीन की चार सुन्दरियों में से एक, यानी थांग राजवंश के एक सम्राट की उपपत्नी यांग युहुआन से की। लुओयांग उत्तरी सोंग राजवंश (960-1127) के दौरान पिओनी खेती का प्रमुख केंद्र बन गया। लुओयांग के लोग पिओनी की खूबसूरती को सराहने लगे, परिणामस्वरूप उन्होंने अपनी इस निहारने की आदत को जारी रखते हुए इसकी खेती करना शुरू कर दिया। चुयांग शियू, एक चीनी राजनेता, इतिहासकार, निबंधकार, और कवि ने पिओनी के सौंदर्य की महिमा का विवरण अपने कई निबंधों और कविताओं में किया था। पिओनी की खेती मिंग (1368-1644) और छिंग (1644-1911) राजवंशों के दौरान बहुत लोकप्रिय रही। वास्तव में, पिओनी को दोनों राजवंशों के दौरान राष्ट्रीय फूल का सम्मान भी दिया गया था। तीन बड़े बागान लियांग गार्डन, छिंहुआ गार्डन और हुएयान गार्डन में विशेषतौर पर पिओनी की खेती की जाती है। अब तो शानतुंग प्रांत के हैज़ में 30 लाख,333,333.5 वर्ग मीटर क्षेत्र को पिओनी कलटीवेशन बेस बना दिया गया है यानी अब वहाँ केवल पिओनी की खेती की जाती है। अब वहाँ 600 से ज़्यादा किस्मों की पिओनी उगाई जाती हैं जो कि दुनिया में सबसे बड़ा पिओनी कलटीवेशन बेस है।

और अब बात करते हैं कि कैसे मल्टीटास्किंग में महिलाएँ हैं पुरुषों से बेहतर।

पुरुष अक्सर अपनी शक्ति और कुशलता के बारे में बड़ी-बड़ी बातें करते रहते हैं, लेकिन एक अध्ययन में उनकी इस सोच के विपरीत नतीजे आए हैं। इसमें कहा गया है

कि जब एक साथ कई काम निपटाने हों तो महिलाओं का कोई जवाब नहीं। वे अपनी कार्य कुशलता से पुरुषों को फिसड्डी साबित कर देती हैं।

मनोविज्ञानियों द्वारा किए गए अध्ययन के परिणामों में कहा गया है कि जब स्त्री-पुरुष, दोनों को चाबी ढूंढ़ने या आसान गणित समस्याओं को सुलझाने जैसे कई साधारण काम एक ही समय दिए जाएं तो पुरुषों के मुकाबले महिलाएं बेहतर साबित होती हैं।

द डेली टेलीग्राफ में छपी अध्ययन रिपोर्ट के अनुसार महिलाएं अपने अन्य कामों को निपटाने में व्यस्त रहने के दौरान भी किसी समस्या का समाधान करने में अधिक कुशल होती हैं।

यूनिवर्सिटी ऑफ हर्टफोर्डशाइर के मनोविज्ञानी प्रोफसर कीथ लाज ने कहा कि हमने इस बारे में किस्से कहानियों में ही सुना था कि महिलाएं कई कामों को एक साथ बेहतर ढंग से निपटा सकती हैं लेकिन इस बारे में कोई ठोस सबूत उपलब्ध नहीं था। मनोवैज्ञानिकों ने 50 छात्रों और 50 छात्राओं को तीन काम एक साथ निपटाने के लिए आठ मिनट का समय दिया। इन तीन कामों में साधारण गणित समस्याओं को सुलझाने और नक्शे पर रेस्तरां ढूंढ़ने के साथ ही काल्पनिक मैदान में खोई चाबी को ढूंढ़ने के लिए रणनीति तैयार करना शामिल था।

इन कामों को करने के दौरान उन्हें एक फोन कॉल मिली जिसमें उन्हें उत्तर देने या उत्तर न देने का विकल्प चुनना था। उत्तर देने पर उन्हें अन्य कामों को अंजाम देने के साथ ही सामान्य ज्ञान की एक अतिरिक्त परीक्षा देनी पड़ी।

महिलाएं जहां एक साथ सभी चारों गतिविधियों को कुशलता से अंजाम देने में सफल रहीं, वहीं पुरुष औसत रहे लेकिन चाबी ढूंढ़ने की योजना बनाने के मामले में वे बिल्कुल फिसड्डी साबित हुए। प्रोफसर लॉज ने कहा कि इससे पता चलता है कि महिलाएं एक साथ कई कामों को निपटाने में पुरुषों से बेहतर हैं। हम यहां किसी को नाराज़ नहीं करना चाहते क्योंकि ऐसा एक स्टडी का मानना है लेकिन अगर सुबह के समय आप किसी भी घर में जाएं तो आप यह जान जाएँगे कि बच्चों को स्कूल में भेजने से लेकर, पति के दफ्तर जाने तक और घर के अन्य सदस्यों की देखभाल से लेकर घर की जिम्मेदारियाँ बखूबी एक साथ निभाने का काम दिन-रात, सुबह-शाम, 24 घंटे, सातों दिन कौन कर रहा है। इसका फैसला आप करें।

श्रोताओं, आपको हमारा न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम का यह क्रम कैसा लगा। हम आशा करते हैं कि आपको पसंद आया होगा। आप अपनी राय व सुझाव हमें ज़रूर लिख कर भेजें, ताकि हमें इस कार्यक्रम को और भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकें। क्योंकि हमारा न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम आप से है, आप के लिए है, आप पर है। इसी के साथ हमारा न्यूशिंग स्पेशल कार्यक्रम यहीं समाप्त होता है। आप नोट करें हमारा ई-मेल पताः hindi@cri.com.cn । आप हमें इस पते पर पत्र भी लिख कर भेज सकते हैं। हमारा पता हैः हिन्दी विभाग, चाइना रेडियो इंटरनेशनल, पी .ओ. बॉक्स 4216, सी .आर .आई.—7, पेइचिंग, चीन , पिन कोड 100040 । हमारा नई दिल्ली का पता हैः सी .आर .आई ब्यूरो, फस्ट फ्लॉर, A—6/4 वसंत विहार, नई दिल्ली, 110057 । श्रोताओ, हमें ज़रूर लिखयेगा। अच्छा, इसी के साथ मैं हेमा कृपलानी आप से विदा लेती हूँ इस वादे के साथ कि अगले हफ्ते फिर मिलेंगे।

तब तक प्रसन्न रहें, स्वस्थ रहें। नमस्कार

आप की राय लिखें
Radio
Play
सूचनापट्ट
मत सर्वेक्षण
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040