Web  hindi.cri.cn
कानसू-भूकंप से 94 लोगों की मौत, राहत कार्य जारी
2013-07-23 17:12:04

22 जुलाई की रात तक उत्तर पश्चिमी चीन के कानसू प्रांत में आए भूकंप में 94 व्यक्ति मारे जा चुके हैं, जबकि 1 लापता हैं और 1001 घायल बताए जाते हैं। इसके साथ ही भूकंप से 1 लाख 23 हज़ार व्यक्ति प्रभावित हुए हैं। वर्तमान में राहत और पुनर्निर्माण का कार्य जोरों पर है।

22 जुलाई की रात को कानसू प्रांत के तिनशी शहर में भूकंप के बाद पहली न्यूज़ ब्रीफिंग आयोजित हुई, जिसमें भूकंप के बाद हताहतों की स्थिति और राहत कार्य के बारे में अवगत कराया गया। तिनशी भूकंप विरोधी निर्देशन विभाग के उप जनरल निर्देशक चांग ईतू ने कहा कि वर्तमान में राहत कार्य की प्राथमिकता लोगों को बचाना और आपदा पीड़ितों का पुनः बंदोबस्त करना है। उन्होंने कहा:

"वर्तमान में हम नागरिकों को बचाने को प्राथमिकता दे रहे हैं। अब तक 5 लोग मलबे में दबे हुए हैं, हम लाइफ डिटेक्टर से उनकी खोज कर रहे हैं और उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही आपदा पीड़ित नागरिकों के जीवन बंदोबस्त कार्य पर भी हम महत्व देते हैं।"

गौरतलब है कि भूकंप आने के तुरंत बाद चीनी जन मुक्ति सेना, सैन्य पुलिस और फायर फाइटर समेत 1800 से अधिक लोगों ने आपदा प्रभावित क्षेत्र पहुंचकर राहत कार्य शुरु किया। कानसू प्रांत, शहर, कांउटी और जिले जैसे चार स्तरीय 1 हज़ार से ज्यादा सरकारी कर्मचारी भी बचाव कार्य में लगे हुए हैं। कानसू प्रांत के सार्वजनिक सुरक्षा और अग्निशमन दल के अफ़सर चांग छुनई ने हमारे संवाददाता से कहा कि अब अग्निशमन विभागों ने 27 व्यक्तियों को बचाया, जिनमें 22 लोग घायल हुए और 5 मारे गए। चांग के अनुसार भूकंप के बाद 72 घंटे के भीतर वे आपदा प्रभावित नागरिकों की खोज करते हुए उन्हें लगातार बचाने की कोशिश में लगे हैं। चांग ने कहा:

"हम अति महत्वपूर्ण 72 घंटों में एक-एक परिवार में खोजने के साथ-साथ यथासंभाव कोशिश करेंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा व्यक्तियों को बचाया जा सके।"

वहीं, चीनी सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के अधीनस्थ अग्निशमन ब्यूरो के ट्रेनिंग विभाग के प्रधान वेई हानतोंग ने कहा कि आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का दायरा विशाल होने और गांवों में मकान कमजोर होने से राहत कार्य पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा:

"गांवों के बीच की दूरी बहुत ज्यादा है। विशेषकर गंभीर स्थिति वाले क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण कुछ गांवों में मृतकों की संख्या ज्यादा है। पश्चिमी चीन स्थित इन क्षेत्रों का आर्थिक स्थिति कमजोर है, कुछ गांवों के मकानों की भूकंप विरोधी क्षमता भी नाजुक है।"

वर्तमान में भूकंप आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राजमार्ग, बिजली और दूर संचार की बहाली की कोशिश की जा रही है। अब तक 50 प्रतिशत घरों में बिजली की सप्लाई बहाल हो चुकी है, भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में दूर संचार बुनियादी तौर पर सामान्य हो चुका है। 23 जुलाई की सुबह 6 बजे तक भूकंप प्रभावित सभी गांवों के मार्ग खोल दिए गए हैं।

मौजूदा भूकंप में 1 लाख 20 हज़ार से अधिक कानसू वासी प्रभावित हुए हैं। अब तक 30 हज़ार व्यक्तियों को दूसरी जगहों पर ले जाया गया है। चीनी नागरिक मामला मंत्रालय ने कानसू प्रांत को 10 हज़ार तंबू, 30 हज़ार रजाई, 5 हज़ार रोलअवे बिस्तर और 10 हज़ार स्लीपिंग बैग भेजे हैं। इसके साथ ही प्रांत ने 50 लाख प्रांतीय राहत राशि अनुदान कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में इंस्टेंट नूडल्स और मिनरल वॉटर पहुंचाया।

22 जुलाई की रात तक आपदा पीड़ित क्षेत्रों में पहले खेप के तंबू स्थापित किए गए। भूकंप के केंद्र के रूप में मिनश्यान कांउटी में हमारे संवाददाता ने देखा कि तमाम लोगों ने मकान के बाहर रात बिताई। उनसे पूछे जाने पर कि वे सरकार से क्या मदद चाहते हैं?तो उन्होंने छोटी सी मांग पेश की। एक महिला ने कहा:

"अगर अब हमें तंबू उपलब्ध कराया जाए, तो अच्छी बात होगी। लेकिन मुझे मालूम है कि बहुत ज्यादा लोगों को हम से अधिक आवश्यकता है। इस तरह अब हमें कुछ नहीं चाहिए।"

राहत कार्य के चलते अब कानसू प्रांत के भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में जीवन स्थिति धीरे-धीरे बहाल हो रही है। चीनी मौसम ब्यूरो की भविष्यवाणी के अनुसार 23 जुलाई को भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में मौसम अच्छा रहा, जो राहत कार्य के स्वर्णिम 48 घंटों के लिए ज़रूरी है। लेकिन रात को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बारिश होने की आशंका है, आंशिक क्षेत्रों में भारी बारिश का भी अनुमान है। इस तरह राहत कार्य के लिए चुनौतियां मौजूद हैं।

(श्याओ थांग)

आप की राय लिखें
Radio
Play
सूचनापट्ट
मत सर्वेक्षण
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040