Web  hindi.cri.cn
चीनी मिट्टी के बर्तनों की राजधानी चिंग तेह चन
2012-09-04 10:26:18

प्रिय मित्रो , जैसा कि आप को मालूम है, चीन दुनिया भर में चीनी मिट्टी के बर्तनों के बादशाह के नाम से मशहूर है। अंग्रेजी भाषा में चीनी मिट्टी के बर्तनों के लिए चीन शब्द का ही प्रयोग किया जाता है। शायद यह चीनी मिट्टी के इतिहास व उसकी असाधारण कला की सब से उचित व्याख्या है। चीनी मिट्टी के बर्तनों ने विश्व को एक अपने सुंदर कला से परिचित कराया। चीनी मिट्टी के बर्तनों की कला ने चीनी मिट्टी बर्तन उद्योग के कुछ प्रसिद्ध शहरों को भी जन्म दिया। चिंग तेह चन शहर इन सब में सबसे विख्यात है। आज के चीन का भ्रमण कार्यक्रम में आज हम आप को चिंग तेह चन लिये चलते हैं।

चिंग तेह चिन पूर्वी चीन के उत्तर-पूर्वी च्यांग शी प्रांत में स्थित है। करीब 290 साल पहले एक फ्रांसीसी पादरी अंट्रेकोले ने चिंग तेह चन की भूमि पर कदम रखा और अपने मित्रों को चीनी मिट्टी के बर्तनों की इस राजधानी की जानकारी कुछ इस प्रकार दीः चिंग तेह चन पर्वतों व पर्वतीय ढलानों से घिरे मैदान पर खड़ा है। इसके बगल के पर्वत से निकलने वाली दो नदियां एक-दूसरे में विलीन होकर एक किलोमीटर से अधिक लम्बे मिहाने का निर्माण करती हैं। यहां से शहर में प्रविष्ट होने पर चारों तरफ आग भभकती दिखती है और सब ओर धुंआं मंडराता नजर आता है। रात को यह शहर आग में घिरा मालूम पड़ता है।

चीनी मिट्टी बर्तन उद्योग चिंग तेह चन का एकमात्र मुख्य उद्यम है। हजारों वर्ष पुराना यह उद्योग इस शहर का आर्थिक स्तंभ है तथा उस की आत्मा और प्राण भी। कहा जा सकता है कि चीनी मिट्टी के बर्तनों के बिना शायद यह शहर भी न रहा होता।

चीनी मिट्टी बर्तन उद्योग ने चिंग तेह चन को सुंदरता व खुशहाली दी। 14 लाख की आबादी वाले इस शहर में चीन के अन्य बहुत से शहरों की तरह सुधार व खुले द्वार की नीति से भारी परिवर्तन आया है। शहर में लम्बी-चौड़ी सड़कों का जाल बिछ चुका है और इन सड़कों के किनारों पर गगनचुम्बी इमारतें खड़ी हैं। शहर की हर जगह चहल-पहल व आधुनिकता से व्याप्त है। पर आज के इस आधुनिक माहौल के पीछे इस के चीनी मिट्टी के बर्तनों के इतिहास की छाप छिपी नहीं रह सकी है। हजारों-लाखों देशी-विदेशी पर्यटक यहां चीनी मिट्टी के बर्तनों को देखने आना नहीं भूलते।

चीनी मिट्टी बर्तन उद्योग चिंग तेह चन में कोई दो हजार वर्ष पहले पैदा हुआ। शहर में व उस के उपनगरीय क्षेत्र में आज भी चीनी मिट्टी के बर्तनों की कई प्राचीन भट्टियां तरह सुरक्षित हैं। मजे की बात है कि इस शहर का ढांचा पूरी तरह इन प्राचीन भट्टियों के आधार पर बना हुआ है। स्थानीय निवासी चंग फंग कहते हैं कि चिंग तेह चन शहर के पुराने क्षेत्र में एक भी सीधी गली या सड़क देखने को नहीं मिलती। इस समय हम जहां खड़े हैं, उस के पीछे एक पुरानी भट्टी का खंडहर है। जाहिर है कि आसपास की सभी इमारतें इस भट्टी को केंद्र में रखकर बनवायी गयी होंगी। ऐसे निर्माण समूहों की चिंग तेह चन शहर के पुराने क्षेत्र में बहुतायत है। ये चिंग तेह चन के शानदार चीनी मिट्टी बर्तन उद्योग के साक्षी हैं।

पर्यटक चिंग तेह चन में मामूली मिट्टी के सूक्ष्म सुंदर बर्तनों में बदलने की पूरी प्रक्रिया देख सकते हैं। आम तौर पर चीनी मिट्टी के बर्तन बनाने की प्रक्रिया के दो प्रमुख भाग होते हैं। सब से पहले उस्ताद मिट्टी के बर्तनों के सुंदर नमूने बनाते हैं और फिर इन नमूनों को भट्टी में पकाने का अनुभव रखने वाले उस्ताद समुचित आंच पर बेहद सावधानी से पकाते हैं। यह एक बेहद जटिल प्रक्रिया है। भट्टी का भिन्न तापमान अलग-अलग क्वालिटी के बर्तनों को जन्म देता है। कह जाता है इसका सही अनुभव पाने में दस साल से अधिक का समय लगता है। 70 वर्ष के अनुभवी उस्ताद वांग येन शंग अपना अनुभव बताते हुए कहते हैं कि मैं ने 11 वर्ष की उम्र से ही अपने पिता से चीनी मिट्टी के बर्तन बनाना सीखना शुरू कर दिया था। तब से आज तक यह काम करते हुए मुझे 61 साल हो चुके हैं।हमारे परिवार की पांच पीढियां इस धंधे से जुड़ी रही हैं।

पीढ़ी दर पीढ़ी चली आई इस अनोखी कला ने चिंग तेह चन को चीनी मिट्टी के बर्तनों की राजधानी बनाया और इस शहर ने चीनी मिट्टी के बर्तनों की नयी दुर्लभ किस्मों का सृजन किया। विश्वविख्यात ची हुंग बर्तन उन में से एक है।

रंगीन ची हुंग बर्तन चिंग तेह चन के चीनी मिट्टी के चार प्रसिद्ध बर्तनों में से माना जाता है। यह बर्तन बनाने की कला कोई पांच सौ वर्ष पहले मिंग राजवंश में शुरू हुई। उस के चमकदार लाल रंग में बैंगनी की झलक होती है। इससे वह देखने में बहुत सुंदर लगता है। कहावत है कि ची हुंग बर्तन बनाना इतना कठिन है कि हजार भट्टियों में बने इन बर्तनों में सिर्फ एक ही बढ़िया निकलता है। ऐसा ची हुंग बर्तन बहुत महंगा होता है। 2002 में दो सौ वर्ष पुराना एक ची हुंग बर्तन हांगकांग की एक नीलामी में दो करोड़ दस लाख हांगकांग डॉलर में बिका। इस दुर्लभ बर्तन को देशी-विदेशी पर्यटक आज चिंग तेह चन के चीनी मिट्टी बर्तन संग्रहालय में देख सकते हैं । इस संग्रहालय में कार्यरत कर्मचारी रूई फ़ह शंग कहती हैं कि चिंग तेह चन का चीनी मिट्टी बर्तन संग्रहालय अपने पैमाने और यहां संग्रहीत वस्तुओं की दृष्टि से देश में प्रथम है। यहां चिंग तेह चन के हरेक काल के बढिया बर्तनों समेत मिंग व छिंग राजवंशों के कोई दस बेशकीमती ची हुंग बर्तन भी सुरक्षित हैं।

चिंग तेह चन चीनी मिट्टी बर्तन संग्रहालय में सुरक्षित दस हजार से अधिक मूल्यवान बर्तनों में ची हुंग के अलावा विविध प्रकार के अनेक रंगीन दुर्लभ बर्तन भी शामिल हैं।

प्रिय मित्रो, अभी आप ने चिंग तेह चन की चीनी मिट्टी के बर्तन बनाने की प्रक्रिया और इन बर्तनों के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस छोटे शहर से विदाई लेने से पूर्व हर कोई इसकी याद रखने के लिए कुछ न कुछ खरीदना चाहता है। चिंग तेह चन में ऐसी छोटी-बड़ी दुकानों की लंबी कतारें नजर आती हैं, जहां से आसानी से आप अपनी पसंद की चीज खरीद सकते हैं।

आप की राय लिखें
Radio
Play
सूचनापट्ट
मत सर्वेक्षण
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040