Web  hindi.cri.cn
शनचन का दौरा
2012-07-16 16:04:07

मित्रो, चीन के हांगकांग के पास स्थित शनचन का नाम आपने सुना ही होगा। चलिए आज चलते हैं शनचन के दौरे पर। दक्षिणी चीन का समुद्रतटीय शहर शनचन चीन का प्रथम विशेष आर्थिक क्षेत्र है। पिछले बीसेक वर्षों के तेज विकास के बाद वह एक छोटे मछुवा गांव से एक बड़े आधुनिक शहर का रूप ले चुका है, उसकी आबादी 50 लाख के अंक को पार कर गयी है और क्षेत्रफल दो हजार से वर्गकिलोमीटर से अधिक हो गया है। इस शहर में घूमते हुए आप उसके अत्यंत आधुनिक वातावरण और बगीचेनुमा सुंदरता और शांति का आभास कर सकते हैं ।

चीन के अन्य बहुत से शहरों की तरह शन चन में भी गगनचुम्बी इमारतों की कतारें खड़ी दिखती हैं। शहर में किसी जाल की तरह बिछी छोटी-बड़ी सड़कें छायादार वृक्षों के बीच से झांकती नजर आती हैं और कारों, बसों के अलावा और अनेक वाहन इन व्यस्त सड़कों पर तेजी से दौड़ते दिखाई देते हैं। शहर की सड़कों के किनारों पर खड़ी नई इमारतें इस की आधुनिकता का द्योतक ही हैं। 328 मीटर ऊंचा ती वांग भवन शहर की सब से ऊंची इमारत माना जाता है और शनचन व हांगकांग की सीमा पर स्थित है। प्रसिद्ध शनचन-हांगकांग झरोखा इसी भवन के सब से ऊपरी भाग में है।

शनचन-हांगकांग झरोखे में 15 प्रमुख पर्यटन क्षेत्र स्थापित हैं। इन में मोममूर्ति कक्ष, सिनेमाघर और शहर की चीन ब्रिटेन सड़क की अनुकृति भी है और पर्यटकों के लिए विश्रामगृह, रेस्तराओं और मनोरंजन व क्रीड़ा स्थलों आदि सुविधाओं का भी बंदोबस्त है। तीन सौ मीटर ऊंची इस इमारत से हांगकांग व शनचन की रौनक साफ-साफ देखी जा सकती है। इस वक्त आप प्याले में रखी गाढ़ी खुशबूदार काफी की चुस्की लेते हैं तो मजा और बढ़ जाता है। शनचन-हांगकांग झरोखे में कार्यरत के अनुसार ती वांग पर्यटन स्थल की खिड़कियों से आप शनचन और यहां की श्यांगच्यांग नदी के अद्भुत सौंदर्य का आनन्द उठा सकते हैं और यहां के विविध पर्यटन मुद्दों का सुन कर, देख कर या उनमें होने वाली क्रीड़ा के जरिए अनुभव कर सकते हैं। यह सब लोगों पर गहरी छाप छोड़ता है।

चीन की समुद्रतटीय रेखा 18 हजार किलोमीटर लम्बी है और इतने लम्बे तट पर अब बड़ी तादाद में विभिन्न तरह के पर्यटन संस्थापनों का निर्माण हो चुका है। शनचन का श्याओ मई शान उन में से एक है।

श्याओ मई शा विश्राम गांव शनचन के पूर्व में तीस किलोमीटर दूर ता फंग खाड़ी में स्थित है।यह तीन ओर से हरेभरे पर्वतों से घिरा है और इसका हल्के पीले रंग वाला तट दक्षिण से पूर्व की ओर फैला है। सर्दियां हों या गर्मियां पर्यटक यहां पूरी निश्चिंतता से धूप, समुद्री लहर व कोमल तट का मजा ले सकते हैं। इतना ही नहीं, वे समुद्र में तैरने के साथ कई क्रीड़ा भी करते हैं और नाव पर सवार होकर समुद्र यात्रा भी कर सकते हैं । और हां , यहां जोखिम भरे मनोरंजक खेल बुंजी कूद का भी मजा लिया जा सकता है।

श्याओ मई शा के तट पर चालीस मीटर से भी अधिक ऊंचा बुंजी टावर खड़ा है। बुंजी खेलने वाला पर्यटक इस टावर पर आकर अपने दोनों पैरों को एक लम्बी मजबूत लचीली रस्सी से बांधता है और फिर सिर नीचे की ओर कर दोनों बांहें फैलाये बाहर कूद पड़ता है। जब वह रस्सी से झूलता समुद्र की सतह से एक निश्चित फासले पर पहुंचता है तो रस्सी उसे लगातार तट पर गिरने से रोकती है। यह खेल तब तक जारी रहता है, जब तक इस रस्सी का लचीलापन खत्म नहीं हो जाता।

पर सच बात यह है कि सभी पर्यटकों में यह जोखिम भरा खेल खेलने का साहस नहीं होता। इसलिए इस विश्राम गांव में अन्य अनेक रोचक मनोरंजक कार्यक्रमों का भी प्रबंध है। यहां पर्यटक समुद्र में क्रीड़ा कर सकते हैं और समुद्र की गहराई में जा कर मछलियों व अजीबगरीब जलोपजों को निहार सकते हैं। पर्यटक ल्यू का कहना है कि श्यो मई शा विश्राम गांव की विशेषता यह है कि इसका वातावरण बहुत रमणीक है, यहां सभी पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध हैं और यहां छुट्टी बिताना और तैरनी भी सुरक्षित ही नहीं है इसका दाम भी सस्ता है।

प्रिय मित्रो, चीन का प्रथम खुला चिड़ियाघर-शनचन जंगली जानवरों का संग्रहालय भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का एक केंद्र है। इस चिडियाघर का क्षेत्रफल 12 लाख वर्गमीटर है और वह अर्धउष्ण कटिबंधीय पारिस्थितिकी वाला पर्यटन स्थल भी है। इस चिड़ियाघर में तीन सौ से अधिक किस्मों के दस हजार से ज्यादा जानवर हैं। पर्यटक इस चिड़ियाघर में हिरण, हाथी जैसे शाकाहारी जानवरों के पास जा सकते हैं, जबकि खूंखार जानवरों को देखने के लिए उनका एक विशेष वाहन पर सवार होना जरूरी होता है। एक पर्यटक इस विशेष वाहन पर बैठने पर बहुत खुश नजर आये, उन्होंने कहा कि अब मैं खूंखार जानवरों के इलाके में हूं। यहां वे पिंजरों में बंद नहीं हैं, बल्कि खुले मैदान पर टहलते हैं। मैं अब उस पर्वत की ओर जा रहा हूं जिस पर बाघ रहते हैं। उस की इस बात पर वाहन पर सवार सभी पर्यटक हंस पड़े। दरअसल खूंखार जानवरों के इस इलाके में प्रविष्ट होने पर पर्यटक दक्षिण चीनी बाघों के झुंडों को वहां स्वतंत्र रूप से घूमते और अफ्रीकी सिंह को अपने वाहन के चारों तरफ चक्कर लगाते देखकर डरे बिना नहीं रहते।

खूंखार जानवरों के क्षेत्र से बाहर निकलकर पर्यटक घोड़े व ऊंट की सवारी कर सकते हैं और जानवरों की कलाबाजी और अजीब अभिनय का लुत्फ भी ले सकते हैं।

शनचन में इन मनमोहक पर्यटन स्थलों के अतिरिक्त अपने ही ढंग के अनेक पार्क भी हैं। इनमें विविध मनोरंजक कार्यक्रमों वाली उल्लास घाटी और चीनी इतिहास, संस्कृति, कला, प्राचीन वास्तुशैली व जातीय रीतियों को प्रतिबिंब करने वाली चीन की शानदार झांकियां ढेरों पर्यटकों को अपनी ओर खींचती हैं।

आप की राय लिखें
Radio
Play
सूचनापट्ट
मत सर्वेक्षण
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040