Web  hindi.cri.cn
चीन में त्योहार
2012-02-14 19:02:36

 

चीन को अगर त्योहारों का देश कहा जाए तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। इस देश में मुख्य जाति हान के अलावा 55 अल्पसंख्यक जातियां हैं, जिनके रीति-रिवाज और त्योहार भी अलग-अलग हैं। लेकिन कुछ त्योहार ऐसे भी हैं जो हजारों साल से चीनी लोगों के द्वारा मनाया जाता आ रहा है। आज के कार्यक्रम में हम आपको ऐसे ही एक चीनी त्योहार युन श्याओ का परिचय देंगे।

इस साल चाईना रेडियो इंटरनेशनल की मदद में देशी और विदेशी मेहमानों ने चीन का परंपरागत त्योहार युन श्याओ मनाने का आनंद उठाया। युन श्याओ चीनी वसंत त्योहार के ठीक पंद्रह दिन बाद मनाया जाने वाला नया साल का दूसरा मुख्य त्योहार है। अगर इस त्योहार के इतिहास के बारे में बात करें तो यह त्योहार लगभग 2000 सालों से मनाया जाता आ रहा है। ऐतिहासिक आलेखों के अनुसार, यह त्योहार चीन के हान राजवंश के समय से ही मनाया जाता आ रहा है। इस त्योहार को युन श्याओ क्यों कहते हैं इसके पीछे भी एक रोचक कहानी है। चीनी भाषा में युन की ध्वनि एकता की ध्वनि से मिलती-जुलती है, और श्याओ का अर्थ रात से है। यानि इस रात को नये साल की पहली पूर्णिमा होती है और चांद गोल गोल निकलता है। इसलिए इस त्योहार को युन श्याओ कहा जाता है अर्थात पूर्णिमा रात। चीन एक बड़ा देश है इसलिए विभिन्न जगहों पर इस त्योहार को मनाने के रस्म भी भिन्न भिन्न हैं। इस दिन मुख्य तौर पर लोगों में लालटेन टांगना और देखना, युन श्याओ नामक विशेष खाद्य खाना, लालटेन पर लिखी पहेलियां सुलझाना, ड्रैगन नृत्य और सिंह नृत्य करने की परंपरा है। इसलिए इस त्योहार को लालटेन त्योहार भी कहा जाता है।

इस त्योहार के दिन लोग अपने घरों को तरह-तरह के लालटेन से सजाते हैं। सड़कों की गलियों में भी रंगबिरंगे लालटेन टांगे जाते हैं। लोग बाहर जाकर लालटेन देखने का आनंद भी उठाते हैं। लोगों ने लालटेन टांगना और इसे देखने का आनंद उठाना कैसे शुरू किया, इसके बारे में भी एक रोचक कहानी है। ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर, कहा जाता है कि, हान राजवंश के समय का एक सम्राट मिंग ती बौद्ध धर्म में विश्वास करता था। जब उसे पता चला कि बौद्ध भिक्षु नये साल की पहली पूर्णिमा की रात को भगवान बुद्ध के शरीर की पूजा करते हैं और देखने जाते हैं तो उसने सैनिकों को पूरे राजभवन और मंदिर को कागज के बने रंगबिरंगे लालटेनों से सजाने की आज्ञा दी। साथ ही उसने आम लोगों को भी अपने घरों को लालटेनों से सजाने का हुक्म जारी किया। इस तरह बाद में यह प्रथा काफी प्रचलित हो गई और लोग इसे त्योहार के रूप में मनाने लगे। तब से ही घरों को लालटेन से सजाना एक रिवाज बन गया। हान राजवंश में हान राजवंश के सम्राट वू ती के समय यह एक महत्वपूर्ण त्योहार का रूप ले चुका था। इस दिन राजभवन में महत्वपूर्ण अनुष्ठान का आयोजन किया जाता था। समय के साथ-साथ घरों को लालटेन से सजाने के समय में भी परिवर्तन होता रहा है। हान राजवंश में सिर्फ त्योहार के दिन ही घरों को लालटेन से सजाया जाता था, जबकि थांग राजवंश में यह दिवस तीन दिन तक चलता था। सुंग राजवंश में यह अवधि बढ़कर पांच दिन की हो गयी वहीं मिंग राजवंश में यह दिवस दस दिनों तक चलता था। इन सभी राजवंशों में थांग राजवंश में घरों को लालटेन से सजाने की कला बहुत भव्य मानी जाती है। थांग राजवंश के समय चीन एक समृद्ध राष्ट्र के रूप में जाना जाता था। उस समय आम लोगों की जीवन स्थिति बहुत सुदृढ़ थी। उस समय के लोग अपने घरों को रंगबिरंगे लालटेनों से सजाने के अलावा आसपास के जगहों को भी लालटेनों से सजाते थे। लोग लंबे-लंबे बांस का प्रयोग कर ऊंचे ऊंचे लालटेन टांगते थे। उस की रोशनी में न केवल राजभवन का प्रांगण बल्कि सारा शहर रंगबिरंगी रोशनी से जगमगाता रहता था। आमतौर पर लालटेन कागज के बने होते थे, लेकिन राजभवन में प्रयुक्त कुछ लालटेन रेशम के कपड़ों के भी बने होते थे। लालटेनों की आकृति भी बहुत रोचक हुआ करता था। कई लालटेन मानव की आकृति लिए होते थे तो कई लालटेन विभिन्न तरह के जानवरों का आकार भी लिए होते थे। यह प्रथा आज भी प्रचलित है। आज भी लोग अपने घरों को तरह-तरह की आकृति वाली लालटेनों से सजाते हैं।

घरों को लालटेन से सजाने के अलावा, घर के बाहर लालटेन देखने की भी परंपरा बहुत पुरानी है। थांग और सुंग राजवंश के समय में लोग दूर-दूर से शहर में लालटेन देखने आते थे। इस दिन लालटेन की रोशनी में शहर की रौनकता में चार चांद लग जाता था। कहा जाता है कि, इस दिन अविवाहित लोग जीवन साथी की भी तलाश करते थे। शहर में लालटेन देखने के दौरान लोग अपना मनपसंद जीवनसाथी की भी तलाश करते थे। इसलिए लोग इस त्योहार का बेसब्री से इंतजार करते थे। लालटेन की बात करें तो और एक लालटेन से जुड़ी बड़ा रोचक तथ्य है। प्राचीन काल में लालटेन पर तरह-तरह की पहेलियां भी लिखी जाती थी। लोग इन पहेलियों को सुलझा कर अपनी बुद्धिमता का भी परिचय देते थे। कहा जाता है कि कुछ पहेलियां तो लोग अपने मनपसंद जीवनसाथी की तलाश में भी लिखते थे। पहेलियां न केवल लोगों के बुद्धिमता का परिचायक होता था, बल्कि लोगों की कलात्मक शक्ति का भी परिचायक होता था। उस समय लोगों में एक दूसरे को लालटेन उपहार स्वरूप भेंट करने का भी रिवाज था। लोग एक-दूसरे को खुद लालटेन बनाकर उपहार के रूप में देते थे।

युन श्याओ त्योहार पर चीनी लोगों में युन श्याओ नामक खाद्य खाने का भी रिवाज है। यह खाद्य पदार्थ आकार में बिल्कुल भारतीय रसगुल्ले की तरह होता है। इस पदार्थ का नाम युन श्याओ इसलिए पड़ा क्योंकि इसे युन श्याओ के दिन खाया जाता है। चीन के कुछ प्रांतों में इसे थांग युन भी कहा जाता है। इसके पीछे भी एक रोचक कहानी है। कहा जाता है कि हान राजवंश के सम्राट वूती के दरबार में एक जादुकार था जिसका नाम तुंग फांग स्वो था। एक बार वह जब महल में प्रवेश कर रहा था तो उसने देखा कि एक महिला कुंए में कूदकर जान देने जा रही थी। महिला का नाम युन श्याओ था। उसने तुरंत उस महिला को बचाया और उसे आत्महत्या करने का कारण पूछा। महिला ने कहा कि जब से वह महल में आयी, तब से अपने परिवारजनों से नहीं मिल पायी है। इससे अच्छा तो मर जाना ही अच्छा है। तुंग फांग स्वो ने उसे उसके परिवारजनों से मिलवाने का वादा किया। उसने सम्राट से नये साल की पहली पूर्णिमा को पूरे शहर में लालटेन टांगने और थांग युन खाने के लिए कहा और अगर ऐसा नहीं किया गया तो पूरे शहर में आपदा आ जाएगी। सम्राट ने उसकी बात मानकर पूरे शहर को लालटेन से सजवा दिया और शहरवासियों को लालटेन देखने के लिए आमंत्रित भी किया। युन श्याओ के परिवारजन भी शहर में लालटेन देखने पहुंचे। उन्होंने एक लालटेन पर युन श्याओ नाम लिखा देखा, फिर जोर-जोर से वह नाम लेकर पुकारने लगे। युन श्याओ ने जब अपना नाम पुकारते हुए सुना तो दौड़कर उस व्यक्ति के पास पहुंची और इस तरह वह अपने परिवारजनों से मिल पायी। तभी से युन श्याओ त्योहार के दिन सभी परिवारजन एक साथ मिलकर इस त्योहार को मनाते हैं और इस दिन युन श्याओ या थांग युन नामक खाद्य खाते हैं।

युन श्याओ चावल के आटे का बना एक मीठा पदार्थ है। पहले चिकनी चावल के आटे में पानी मिलाकर गूंथा जाता है, उसके बाद छोटी-छोटी टिकियों में तरह-तरह के फल, सब्जी, मांस आदि डालकर उसे गोल आकार दिया जाता है। फिर उसे पानी में उबालकर पकाया जाता है, कुछ जगहों पर तेल में भी पकाया जाता है। चीनी लोगों के सभी परिवारजन एक साथ मिलकर युन श्याओ खाते हैं।

चीन में कुछ जगहों पर इस दिन ड्रैगन नृत्य या सिंह नृत्य का आयोजन भी किया जाता है। लोग कपड़ों का इस्तेमाल कर उसे ड्रैगन या सिंह का रूप देते हैं, फिर उसे पहनकर नृत्य करते हैं। यह नृत्य बहुत रोमांचकारी होता है। कभी-कभी तो ड्रैगन की लंबाई 200 मीटर तक होती है। इतने लंबे ड्रैगन को संभालने के लिए भी लगभग पचास-साठ लोग होते हैं और वे ढ़ोल की धुन पर एक साथ थिरकते हैं। आज भी चीन के हांगकांग और मकाओ में यह नृत्य काफी प्रसिद्ध है।

श्रोता दोस्तो, अभी आप सुन रहे थे चीनी पारंपरिक त्योहार युन श्याओ त्योहार के बारे में एक रिपोर्ट। अब विकास को आज्ञा दीजिए। नमस्कार।

आप की राय लिखें
Radio
Play
सूचनापट्ट
मत सर्वेक्षण
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040