वर्ष 2012 में तिब्बत में 1 अरब 10 करोड़ युआन की पूंजी लगाकर 1 हज़ार प्रशासनिक गांवों में आवासीय वातावरण का निर्माण किया जाएगा, ताकि वहां किसानों व चरवाहों के आवासीय वातावरण में व्यापक सुधार आ सके।
तिब्बत स्वायत्त प्रदेश के शीर्ष नेता छन छ्वानक्वो ने तिब्बत आर्थिक कार्य बैठक में कहा कि अगले साल तिब्बत सरकार ग्रामीण पुस्तकालय, खेल व संस्कृति, ग्रामीण चिकित्सा उपकरण, सौर ऊर्जा प्रकाश व्यवस्था और देहाती मार्ग आदि 10 परियोजनाओं के निर्माण को महत्व देगी, ताकि किसानों व चरवाहों का आवासीय वातावरण में बड़ा सुधार आ सके। इसके अलावा, तिब्बत में पेयजल स्रोतों से संबंधित 18 परियोजनाएं भी पूरी की जाएंगी, जिससे 3 लाख लोगों को स्वच्छ पानी मिल सकेगा। साथ ही 25 हज़ार लोगों को बिजली की सुविधा मिलेगी, 4 हज़ार किमी. लंबे ग्रामीण मार्ग का निर्माण पूरा होगा और 90 प्रतिशत लोगों को फोन व डाक की सुविधा भी मिलेगी।
गौरतलब है कि अब तक तिब्बत में 1 हज़ार 5 सौ प्रशासनिक गांवों में आवासीय वातावरण का निर्माण पूरा हो चुका है। बारहवीं पंचवर्षीय योजना के दौरान तिब्बत में कुल 5 हज़ार 4 सौ से अधिक प्रशासनिक गांवों में आवासीय वातावरण निर्माण पूरा किया जाएगा।
(दिनेश)





