Web  hindi.cri.cn
    आपका पत्र मिला 2017-07-05
    2017-07-06 14:02:03 cri

    अनिलः आपका पत्र मिला प्रोग्राम सुनने वाले सभी श्रोताओं को अनिल पांडेय का नमस्कार।

    ललिताः सभी श्रोताओं को ललिता का भी प्यार भरा नमस्कार।

    अनिलः दोस्तो, आज के प्रोग्राम में भी हम हमेशा की तरह श्रोताओं के ई-मेल और पत्र पढ़ेंगे। इसके साथ ही व्हट्सएप के जरिए हम तक जानकारी पहुंचाने वाले श्रोताओं के पत्र भी शामिल किए जाएंगे। इस हफ्ते हमारे द्वारा आयोजित तुआनवू त्योहार के बारे में ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं ने उपहार हासिल कर लिए हैं। आशा है आपको ये पसंद आ रहे होंगे। तो लीजिए प्रोग्राम का आगाज करते हैं। पहला पत्र हमें आया है, सैदापुर अमेठी, उत्तर प्रदेश से अनिल द्विवेदी का। लिखते हैं कि आज का तिब्बत कार्यक्रम में तिब्बत के छिंगहाई प्रान्त के मशीनी बौद्ध भिछु श्यांग के बारे रोचक जानकारी हासिल हुई। प्राचीन समय में सूत्र जबानी याद किए जाते थे, पत्ते फिर लकड़ी पर छपाई आज साइबर युग में बौद्ध मंदिर का एनिमेशन हुआ है। 4.7 प्रतिशत प्रति वर्ष गरीबी दूर की जा रही है। गरीबी दूर करने के लिए स्थानीय जरूरत के मुताबिक समितियां बनाई गयी हैं। क्वान छे छिंग नामक महिला, जो कि 400-500 युआन कमाती थी, अब 60 लाख कमान लग गई है। इसमें सरकारी ऋण और सहकारी समिति ने उनका मनोबल बढ़ाया है। वास्तव में चीन सरकार सुदूर इलाके तक विकास को गति प्रदान करने की जो कोशिश कर रही है उसमें उसे सफलता भी मिल रही है। लोगों की आमदनी बढ़ी है और गरीबी से दूर होकर आधुनिक सुविधा संपन्न जीवन जी रहे हैं।

    चीन भारत आवाज कार्यक्रम में भारतीय खेल मंत्री के साथ वार्ता सुनने को मिली। खेल मैदान और खिलाड़ियों के विकास और समन्वित सोच सुनकर अच्छा लगा। खेल को प्रोफेशनल बनाने की कोशिश करना जरूरी है। इससे अधिक से अधिक खिलाड़ी खेल की तरफ आकर्षित होंगे। वहीं द्विपछिय मुद्दों पर भी बेबाक राय सुनने को मिली।

    जबकि आर्थिक जगत कार्यक्रम में आर्थिक समाचार में ब्रिक्स, एक पट्टी एक मार्ग-रोजगार प्राप्त युवा वेनछाओ के अनुभव से कंबोडिया के एक पट्टी एक मार्ग निर्माण में सकारत्मक और उत्साह भर गया। एक लाख 70 हजार रोजगार के मौकों का सृजन किया गया।

    ललिताः उन्होंने आगे लिखा है कि नमस्कार चाइना कार्यक्रम में बताया गया कि मार्सल आर्ट (कुंगफू) सीखने वालों का मन शांत और आत्मा नियंत्रित होती है। कहानी---महानायकों में चीन महाकाव्य में मंगोलो के बारे में बहुत जानकारी दी गयी। युद्ध कौशल अन्य वीर गाथाएं इस महाकाव्य में पढ़ने को मिलती हैं।

    चीनी कहानी कार्यक्रम में लूपान बढ़ई कुल्हाड़ी का कौशल दिखाना, आधे रास्ते पर ही रुकना, हिम पर्वत टिकाऊ नहीं तीनों नीतिकथाएं सुनने को मिली। आज प्रस्तुत सभी तीनों नीति कथाएं चीन की परंपराओं पर आधारित होने के साथ साथ प्रेरक और अनुभव परक रही।

    अनिलः अनिल ने आगे लिखा है कि विश्व का आईना कार्यक्रम में भारतीय लोगों के बीच फिल्मों की दीवानगी और आंकड़ों की नजर से भी इस प्रकाश डाला गया। भारतीय फिल्मों की एक तिहाई आमदनी विदेशों से होती है। फ़िल्म उद्योग दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है। फिल्मों के मसाले पर बहुत ही सारगर्भित रिपोर्ट पसंद आई। भारत के मोटर बाजार में 30 प्रतिशत वृद्धि और आने वाले समय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। आपकी रिपोर्ट सही है कि भारत के गांवों में वाहनों की मांग बढ़ी है। भारतीय ग्रामीणों की खरीद शक्ति में भी इजाफा हुआ है।

    वहीं आपका पत्र मिला प्रोग्राम में पिछले कार्यक्रमों के विपरीत इस बार सीआरआई के कई श्रोताओं के पत्र शामिल किए गए। विभिन्न विषयों पर श्रोताओं की बेबाक राय सुनने को मिली। आज आपने हमारे पत्रों को भी कार्यक्रम में स्थान दिया। इसके साथ ही मेरे दुर्घटना ग्रस्त होने की जानकारी मित्रों को बांटने के लिये हार्दिक धन्यवाद। केसिंग उड़ीसा के भाई सुरेश अग्रवाल जी ने भी फोन कर हमारा हालचाल जाना। दुर्घटना में लगी चोट और स्थानीय लोकेशन पर भी चर्चा हुई। भाई सुरेश जी से बात करने के बाद मेरे हाथ का दर्द भी खुशी से दब गया। फिर बातें होंगी इस वादे के साथ बात समाप्त हुई।

    हम बहुत खुश हैं कि श्रोता हमारे कार्यक्रम के जरिए अच्छे दोस्त बन सके हैं। आप सभी का बहुत बहुत धन्यवाद।

    ललिताः अनिल द्विवेदी जी ने आगे लिखा है कि बाल-महिला स्पेशल कार्यक्रम में एक्यूपंक्चर (तांत्रिक उपचार) के बारे में जानकारी मिली। जर्मन उपचार संघ के पूर्व अध्यक्ष 73 वर्षीय रेजिना एक्यूपंक्चर का जाना माना नाम है। चीनी परंपरा चिकित्सा को बहुत मेहनत से किताबे व सुई की खोज की। आज पचास हजार चिकित्सक जर्मनी में लोगों का इलाज कर रहे हैं।

    टी टाइम कार्यक्रम में सुनवाया गया कि 21 साल की उम्र में कीमो थैरेपी इलाज के पहले संगीत कार 26 साल तक स्टोर शुक्राणु से बेटा बेटी के रूप में पैदा हुए। इस दम्पत्ति को हार्दिक बधाई। स्वास्थ्य के बारे में जानकारी में मच्छरों को हटाने के लिए अमेरिका ने विशेष प्रकार की रोशनी का प्रयोग किया। इससे मच्छर इधर उधर भागने लगते हैं। मीठे पेय पदार्थ से होने वाले हानिकारक तथ्यों ने तो हमें डरा ही दिया। श्रोताओ के पत्रों में मेरे पत्र के साथ शंकर प्रसाद शम्भू, राजेश कुमार मेहरा, सुरेश अग्रवाल जी के पत्र भी पढ़े गये। इससे एक विषय पर अलग अलग विचार सुनने को मिले।

    अनिलः वहीं चीन का तिब्बत कार्यक्र में सुनवाया गया कि तिब्बती स्कूल के बच्चे पढ़ाई के बाद प्रतिदिन नृत्य सीखते हैं। नृत्य अधयापक के अनुसार ये उत्साहजनक है। बच्चे और अभिभावक खुशी जाहिर करते हैं। कलात्मक स्तर को बढ़ाने के उनकी रुचि का प्रशिक्षण दिया जाता है। द्विभाषी शिक्षा व्यवस्था कानून को 97 प्रतिशत बच्चों ने स्वीकार कर लिया है। इससे बच्चे स्थानीय भाषा के अलावा दूसरी भाषा भी पढ़ते हैं।

    आज आपकी पसंद में आखिरी दो गाने हमें बिल्कुक पसंद नहीं आये। लेकिन किसी ने तो इसकी फरमाइश की होगी, इसलिए आपने इन्हें बजाया।

    टिप्स में नट्स और ड्राई फ्रूट्स से मिलने के फायदे के बारे में बताया गया। उसमें फाइबर और रेशे सेहत के लिए फायदे मन्द होता है। बादाम में उम्र स्थिर हो जाती है, अखरोट में त्वचा और बालो के साथ दिमाग को भी मजबूत करने के आवश्यक तत्व पाये जाते हैं। खसखस और अंजीर में भी भरपूर मात्रा में एंटी ऑक्सीडेंट और अन्य पोषक तत्व मिलते हैं। अर्थात ड्राई फ्रूट खाना फायदा मन्द होता है। सूर्य नमस्कार से भी लाभ होता है। वहीं सूर्य नमस्कार आसन को इतनी जल्दी बताया कि इसे करने में सफलता नही मिल पाएगी। पिछले दिनों मुझे चोट लगी थी और आपरेशन हुआ था। जिसके बाद कई लोगों के सलाह के बाद से ही और आज आपने भी बता दिया। शुबह 4-4 काजू और बादाम दूध के साथ ले रहा हूँ। बादाम लेने की वही प्रक्रिया है रात भर भिगोने के बाद शुबह छीलकर खाता हूँ। बादाम खाने से लगातार बना रहने वाला सिर दर्द भी दूर हो जाता है जिसका प्रमाण मैं स्वयं हूँ।

    संडे की मस्ती में चीनी गीत की रचना और समय काल के परिचय के साथ आज की मस्ती की शुरुआत हुई। गीत के पूरे हिंदी भावानुवाद ने अपनी जिंदगी के प्रति भी उद्देलित कर दिया। आखिर समय गया 2014 में राष्ट्रपति ने रूस में गीत पर ही अपने विचार दिए और कहा मेरा समय कहाँ गया।

    अनिल जी, हमें प्रतिक्रिया भेजने के लिए आपका बेहद शुक्रिया। और उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में भी आप योंही लगातार हमसे संपर्क बनाए रखेंगे। शुक्रिया।

    ललिताः अब पेश है अगला पत्र, जिसे व्हट्सएप के जरिए हमें भेजा है, भिंड मध्य प्रदेश से अनामदर्शी मसीह ने। लिखते हैं कि मैं आपका एक पुराना और नियमित श्रोता हूँ, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से आपको पत्र नहीं लिख पा रहा था, लेकिन अब फिर से नियमित रूप से पत्र लिखना शुरू कर रहा हूं।

    1 जुलाई को सुबह का कार्यक्रम सुना, इसमें विश्व समाचार पसंद आये। इसके बाद चीन का तिब्बत कार्यक्रम में तिब्बती क्षेत्रो में दिभाषी शिक्षा व्यवस्था लागू करने के संबंध में रिपोर्ट अच्छी लगी। उसके बाद दक्षिण एशिया फोकस में दक्षिण एशिया से जुडी हुई कुछ खबरें और समीक्षाएं अच्छी लगी।

    आपकी पसंद प्रोग्राम में 'रही नए-नए रास्ता नया-नया' गीत बेहद पसंद आया।

    'संडे की मस्ती' में चीनी गीत 'समय कहा गया' हिंदी अनुवाद सहित बेहद पसंद आया। इसके बाद फिल्म महोत्सव पर विशेष रिपोर्ट, 'समय कहा गया' फिल्म पर जानकारी और इसका ट्रेलर अति उत्तम रहा और हिंदी गीत भी पसंद आया। अजीबो-गरीब समाचार में अन्धविस्वसी महिला द्वारा विमान पर सिक्के फेके जाने की जानकारी वाकई अनोखी थी। हिंदी फिल्मों पर भी जानकारी अच्छी लगी। तीनों जोक्स भी बेहद पसंद आये और अंत में हर बार की तरह चीनी भाषा का कार्यक्रम भी सुना जो पसंद आया। आपकी सुबह की सभा का प्रसारण बेहद स्पस्ट सुनाई दे रहा है। हार्दिक शुभकामनाओं सहित।

    अनामदर्शी जी, हमें पत्र भेजने के लिए आपका बहुत धन्यवाद। आशा है आप आगे भी हमें पत्र भेजते रहेंगे। शुक्रिया।

    अनिलः लीजिए अब पेश है अगला पत्र, जिसे भेजा है केसिंगा ओड़िशा से मॉनिटर सुरेश अग्रवाल ने। लिखते हैं कि साप्ताहिक "अतुल्य चीन" के तहत पश्चिमी पेइचिंग के फुंगक्वांग लिंग क्षेत्र में स्थित लुंग छुआंग मन्दिर में तैनात एक मशीनी भिक्षु के बारे में दी गयी जानकारी मन में कौतूहल पैदा कर गयी। यह जान कर आश्चर्य हुआ कि मशीनी भिक्षु एक दिन में न केवल तीन लाख प्रश्नों के बारे में उत्तर दे सकता है, अपितु वीचैट के ज़रिये बातचीत भी कर सकता है। कार्यक्रम में बौध्द-धर्म के प्रचार-प्रसार में विज्ञान और तकनीक के पुराने रिश्ते का ज़िक्र किया जाना भी अच्छा लगा।

    कार्यक्रम में आगे छिंगहाई प्रान्त की कठोर भौगोलिक परिस्थिति के बीच उस पठारी क्षेत्र में रहने वाले लोगों के दुरूह जीवन को आसान बनाने में चीन सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों पर जानकारी प्रदान की गयी।

    कार्यक्रम "चीन-भारत आवाज़" के अन्तर्गत भारतीय खेल-मंत्री विजय गोयल से साथ साक्षात्कार का दूसरा भाग सुना। गोयल ने भारत में खेलों को बढ़ावा देने सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों का विस्तृत ब्यौरा दिया, जिसे सुन कर उम्मीद की जा सकती है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार निश्चित तौर पर इस क्षेत्र में कुछ अच्छा करेगी।

    "आर्थिक जगत" के तहत पेइचिंग में सम्पन्न ब्रिक्स सहयोग वार्ता और इस बार ब्रिक्स का अध्यक्ष होने के नाते चीन सभी सदस्य राष्ट्रों की मदद करना चाहता है, पर अच्छी जानकारी दी गयी। जब कि विशेष रिपोर्ट में 'विदेश में आर्थिक और व्यापारिक सहयोग क्षेत्र के निर्माण में चीनी उपक्रमों का विकास' विषय के तहत थाईलैंड और कम्बोडिया में विकसित आर्थिक क्षेत्रों की चर्चा अत्यन्त महत्वपूर्ण लगी।

    ललिताः सुरेश जी ने आगे लिखा है कि प्रवास पर होने के कारण 27 जून को ताज़ा प्रसारण सुनना सम्भव नहीं हुआ, परन्तु अपने फ़ोन के ज़रिये सीआरआई की वेबसाइट से बराबर जुड़ा रहा। चीन के हांगकांग विशेष क्षेत्र की स्थापना की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा 26 जून को पेइचिंग में आयोजित हांगकांग की वापसी की 20वीं वर्षगांठ पर प्रदर्शनी का दौरा किये जाने सम्बन्धी जानकारी सूचनाप्रद लगी। एक अन्य जानकारी में 26 जून को प्रकाशित "चीनी न्यू मीडिया विकास रिपोर्ट" के मुताबिक वर्ष 2016 में चीन में वेबकास्ट के उपयोगकर्ताओं की संख्या 34 अरब तक जा पहुंचने का समाचार भी चीन की एक बड़ी उपलब्धि की ओर इंगित करता है। धन्यवाद इस तमाम महत्वपूर्ण जानकारी के लिये।

    अनिलः सुरेश जी ने आगे लिखा है कि साप्ताहिक "विश्व का आइना" के तहत भारत में लोगों में फ़िल्में देखने की दीवानगी पर विस्तृत और महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी। उनका यह कहना सही जान पड़ा कि भारत में सिनेमा की अत्यधिक लोकप्रियता का कारण टिकटों का अपेक्षाकृत सस्ता होना है। विश्व में बॉलीवुड फ़िल्मों की बढ़ती लोकप्रियता के साथ यह जानकारी भी सूचनाप्रद लगी कि भारतीय फ़िल्मों की बॉक्स ऑफ़िस आय का एक-तिहाई विदेशों से आता है और भारत में वर्तमान में बनने वाली एक-तिहाई फ़िल्मों में नाच-गाना नहीं होता। और हाँ, भारत सरकार द्वारा उदारता दिखाते हुये सिनेमा को उद्योग का दर्ज़ा दिये जाने के बाद अब देश की अर्थव्यवस्था में उसका योगदान तीस अरब पचास करोड़ डॉलर होना अपने आप में महत्व रखता है। एक अन्य जानकारी में भारत में छोटी मोटरों की बिक्री में तीस प्रतिशत की वृध्दि होने और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की क्रयशक्ति बढ़ने के अलावा अमरीका में 'बकरा योग' के बढ़ते चलन सम्बन्धी समाचार रुचिकर लगे।

    "आपका पत्र मिला" के अन्तर्गत हर बार की तरह आज भी श्रोताओं के पत्रों और प्रतिक्रियाओं को समुचित स्थान दिये जाने के अलावा व्हट्सएप्प के ज़रिये भेजी गयी जानकारी में कोआथ, बिहार के सैयद सईद और जमशेदपुर के एस.बी.शर्मा द्वारा प्रेषित जानकारी उपयोगी लगी। धन्यवाद।

    ललिताः सुरेश जी ने आगे लिखा है कि साप्ताहिक "बाल-महिला स्पेशल" के तहत जर्मनी में प्राचीन चीनी चिकित्सा पध्दति के विकास सम्बंधी रिपोर्ट महत्वपूर्ण लगी।

    "आपकी पसन्द" में श्रोताओं के पसन्दीदा फ़िल्मों के छह गानों के साथ दी गयी तमाम जानकारी भी स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण लगी।

    "सन्डे की मस्ती" का आगाज़ 'समय कहाँ गया' शीर्षक मशहूर चीनी गीत से उसका भावार्थ समझाते हुये किया जाना रुचिकर लगा। सन्डे स्पेशल के तहत पेश विशेष रिपोर्ट में दक्षिण-पश्चिमी चीन के सछ्वान प्रान्त की राजधानी छंगतु में आयोजित 2017 ब्रिक्स फ़िल्म सहयोग सम्मेलन और ब्रिक्स के पांच सदस्य देशों द्वारा बनायी गई प्रेम और जीवन शक्ति से परिपूर्ण फ़िल्म 'समय कहाँ गया' की चर्चा महत्वपूर्ण लगी। कार्यक्रम में भारतीय खण्ड की फ़िल्म 'मुम्बई धुंध' पर निदेशक मधुर भण्डारकर और चीनी खण्ड की फ़िल्म 'वसन्त का आगमन' पर निदेशक च्याचंग ख के विचार सुन कर फ़िल्म की भूमिका समझने में आसानी हुई। दक्षिण अफ़्रीक़ी फ़िल्म 'पुनर्जन्म' के अलावा रूसी फ़िल्म पर भी अच्छी जानकारी हासिल हुई। धन्यवाद फिर एक अच्छी प्रस्तुति के लिये।

    सुरेश अग्रवाल जी, हमें नियमित रूप से पत्र भेजने के लिए आपका बहुत धन्यवाद।

    अनिलः लीजिए दोस्तों, अब पेश है अगला पत्र, जिसे भेजा है दरभंगा बिहार से शंकर प्रसाद शंभू ने। लिखते हैं कि हमारे क्लब के सभी सदस्य आप के द्वारा प्रसारित कार्यक्रम नियमित तौर पर सुन रहे हैं!

    24 जून को प्रस्तुत कार्यक्रम "आपकी पसंद" में सुनवाया गया कि कई सालों की कोशिश के बाद आखिरकार शोधकर्ताओं ने दुनिया के 8वें आश्चर्य का ठिकाना मालूम करने में कामयाबी हासिल कर ली है। यह जगह बहुत पहले खो गई थी। अब शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि इस लापता हो चुके 8वें आश्चर्य को वे बहुत जल्द दुनिया के सामने ले आएंगे। रिपोर्ट बेहद पसंद आयी!

    हिंदी फ़िल्म ससुराल, छाया, दीवार, महबूबा और कॉल गर्ल के गीतों का भी हमने आनंद लिया।

    कार्यक्रम सण्डे की मस्ती के अन्तर्गत चीनी गीत सम्राज्ञी वू त्सथ्यान में थांग राजवंश में महारानी का गुणगान बेहद पसंद आया! संडे स्पेशल में वालिबॉल मैच में भारत और ब्राजील के खिलाड़ियों के बीच मैत्री और विश्व संवेदनशील कहानी में इंग्लैंड के लेखक वेलैंड यंग की कहानी "क्या देखा है भविष्य में" अच्छी लगी! एक बेहतरीन प्रोग्राम पेश करने के लिए फिर से धन्यवाद।

    शंभू जी और आपके सभी दोस्तों का हम शुक्रिया अदा करना चाहेंगे कि आप लगातार हमें टिप्पणी भेजते रहते हैं।

    ललिताः अब पेश है कार्यक्रम का अगला पत्र, जिसे भेजा है ज़िला सुपौल बिहार से शत्रुघन महतो ने। लिखते हैं कि कार्यक्रम अतुल्य चीन में चीनी संस्कृति और समाज के बारे में जानकारी से मुझे चीनी लोगों के रीति रिवाज के बारे में जानकारी हासिल होती है। वहीं महानायकों का चीन में चीन कवियों और लेखकों की रचनाओं व उनके जीवन के बारे में जानकारी भी अच्छी लगती है।

    शत्रुघन महतो जी हमें प्रतिक्रिया भेजने के लिए आपका बहुत धन्यवाद।

    अनिलः दोस्तो, अब पेश हैं व्हट्सएप के जरिए जमशेदपुर झारखंड से एस.बी.शर्मा द्वारा भेजा गया जोक।

    अध्यापक:- रमेश बेटा घर की परिभाषा बताओ ?

    रमेश:- सर जो घर हौंसलें से बनाये जाते हैं उसे "हाउस" कहते हैं।

    जिन घरों में हवन होते हैं, उन्हें "होम" कहते हैं।

    जिन घरों में हवा ज्यादा चलती है उन्हें "हवेली" कहते हैं।

    जिन घरों में दीवारों के भी कान होते हैं उन्हें "मकान" कहते हैं।

    और जिन घरों के लोन की किश्त भरते-भरते आदमी लेट जाता है उन्हें "फ्लैट" कहते हैं।

    और जिन घरों में यह भी पता ना हो कि बगल के घर में कौन रहता है उन्हें "बंगला" कहते हैं।

    अध्यापक यह सुनकर अभी तक ICU से बाहर नहीं आ पाये हैं।

    शर्मा जी जोक भेजने के लिए शुक्रिया। उम्मीद करते हैं कि आने वाले दिनों में आप प्रोग्राम के बारे में भी टिप्पणी भेजेंगे।

    दोस्तों आप सभी का एक बार फिर से शुक्रिया।

    अनिलः दोस्तो, इसी के साथ आपका पत्र मिला प्रोग्राम यही संपन्न होता है। अगर आपके पास कोई सुझाव या टिप्पणी हो तो हमें जरूर भेजें, हमें आपके खतों का इंतजार रहेगा। इसी उम्मीद के साथ कि अगले हफ्ते इसी दिन इसी वक्त आपसे फिर मुलाकात होगी। तब तक के लिए अनिल पांडेय और ललिता को दीजिए इजाजत, नमस्कार।

    ललिताः बाय-बाय।

    © China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
    16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040