Web  hindi.cri.cn
    टी टाइम 161110(अनिल और नीलम)
    2016-11-10 19:29:43 cri

    अनिलः दोस्तो, कितना अच्छा हो, अगर हर कंपनी का मालिक या बॉस ऐसा ही हो।

    गुजरात के हीरा कारोबारी गोविंद ढोलकिया ने अपने कर्मचारियों को इस बार दिवाली का बेहद शानदार तोहफा दिया। ढोलकिया ने पूरे स्टाफ कर्मियों को 10 दिन के लिए छुट्टियां बिताने का मौका दिया। लेकिन कर्मचारियों की उस वक्त खुशी का ठिकाना नहीं रहा जब इस कारोबारी ने 300 कर्मचारियों के साथ उनके 900 परिजनों को भी साथ ले जाने की छूट दे दी।

    एक अख़बार में छपी खबर के मुताबिक चीन की कई दिग्गज कंपनियां अपने कर्मचारियों को पेड हॉलीडे (छुट्टियां और उसका खर्च) उपहार स्वरूप देती हैं। शायद गोविंद ढोलकिया ने भी उन्हीं से प्रेरणा लेते हुए यह घोषणा की।

    सूरज और मुंबई के श्रीरामकृष्म एक्सपोर्ट्स के मालिक गोविंद ढोलकिया ने अपने कर्मचारियों के लिए 10 दिनों की छुट्टी का ऐलान किया। इसके बाद उन्होंने अपने कर्मचारियों और उनके परिजनों समेत 1200 लोगों को छुट्टियां बिताने के लिए ले जाने का तोहफा दिया।

    गोविंद ने एक विशेष एसी ट्रेन बुक कराई और उत्तराखंड के टूर के लिए 90 लाख रुपये रेलवे को दिए। कंपनी के एक कर्मचारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि यह कंपनी के सभी कर्मचारियों के लिए सालाना सैर-सपाटा कार्यक्रम का हिस्सा था। उसने बताया कि पिछले साल उन्हें दिवाली के मौके पर ऋषिकेश ले जाया गया था। उसने बताया कि मालिक गोविंद को वहां के लोग काकाजी के नाम से पुकारते हैं। काकाजी अपने कर्मचारियों से परिवार के सदस्यों की तरह ही पेश आते हैं और उनके साथ घूमने भी जाते हैं। सैर सपाटे के अनुभव को और शानदार बनाने के लिए काकाजी कर्मचारियों के परिजनों को भी साथ ले गए। इस दौरान सभी ने समाजसेवा भी की। बीते बृहस्पतिवार को उन्होंने नगर पंचायत के सहयोग से ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम में सफाई की। जबकि शुक्रवार को वे देहरादून के नजदीक सहस्त्रधारा के भ्रमण पर पहुंचे।

    स्वर्गाश्रम नगर पंचायत के एक सदस्य मनीष राजपूत ने बताया कि यह लोग 30 अक्तूबर तक वहां थे और सभी ने ऋषिकेश में दिवाली भी मनाई।

    नीलमः अब लीजिए दूसरी जानकारी देते हैं। दोस्तो, आपने मौत की सजा पाये किसी व्यक्ति के बरी होने की खबर तो सुनी होगी लेकिन एक अजीबोगरीब मामले में अमेरिका के मिशिगन प्रांत की एक अदालत ने एक कुत्ते को दूसरे कुत्ते की हत्या के लिए मौत की सजा सुनाई दी। इससे भी रोचक बात ये है कि मारे गए कुत्ते से उसका डीएनए टेस्ट का मिलान न होने पर उसे बरी कर दिया।

    बेहद अजीबो-गरीब यह मामला मिशिगन प्रांत का है जहां 'जेब' नाम के कुत्ते पर पड़ोस के घर में रहने वाले 'व्लाड' नाम के कुत्ते की हत्या का आरोप लगा लेकिन कई सप्ताह तक मौत की सजा पर रहने के बाद वह बरी होकर अपने मालिक के पास वापस लौट आया।

    बेल्जियाई मालिनोइस नस्ल के अपने कुत्ते को वापस पाकर कीनिथ जॉब काफी भावुक हो गए और उसे देखकर उन्होंने कहा कि जेब की त्वचा काफी भद्दी दिख रही है लेकिन वह ज़िंदा है।

    जॉब कहते हैं, 'मुझे बोलने के लिए मत कहो क्योंकि मैं रोने लगूंगा।' मिशिगन के डेटरोइट शहर से 50 मील दूर उत्तर पूर्व में सेंट क्लेयर टाउनशिप में 24 अगस्त को व्लाड का शव मिला और जेब को उसके शव के पास खड़ा देखा गया।

    प्रशासन ने बताया कि पोमेरानियन नस्ल के मृत कुत्ते की चोटों से संकेत मिला कि उसे किसी बड़े जानवर ने मारा है। अदालत ने इसके लिए जेब को मौत की सजा सुनाई गई और मारे गए कुत्ते के शव पर मिले खून से उसका डीएनए टेस्ट कराने की भी मंजूरी दे दी गई। लेकिन बाद में डीएनए टेस्ट में जेब निर्दोष साबित हुआ और उसे बरी कर दिया गया।

    अनिलः अब अगली जानकारी से रूबरू करवाते हैं।

    ख़बर है कि भारत सरकार ने पांच सौ और एक हजार के नोट के बाद मुद्रा के लिहाज से देश का सबसे बड़ा दो हजार का नया नोट जारी किया है। हालांकि इससे पहले दस हजार का नया नोट भी जारी हुआ था, जिसे 1946 में वापस ले लिया गया।

    फिलहाल नये नोट आरबीआई के सभी रीजनल ब्रांचों में पहुंचा दिए हैं, जिसके बाद इन्हें बैंकों की चेस्ट ब्रांचों में भेज दिया जाएगा। जल्द ही नोट लोगों को एटीएम के जरिए मिलेंगे।

    बताया जाता है कि कुल छह हजार करोड़ के नए नोट जयपुर पहुंच चुके हैं। नोटों की प्रिंटिग मैसूर के प्रिंटिंग प्रेस में हो चुकी है । हालांकि अधिकारिक तौर पर न तो सरकार और न आरबीआई कोई पुष्टि की है।

    आरबीआई इससे पहले दस हजार रुपए का नोट भी छाप चुकी है। 1935 में स्थापना के बाद आरबीआई ने 1938 में दस हजार रुपए मूल्य का नोट छापा था। इसे 1946 में वापस ले लिया गया था। तब कानपुर का भारतीय रिजर्व बैंक कार्यालय बर्मा (अब म्यांमार) से लेकर भारत के एक बड़े हिस्से के लिए करेंसी चेस्ट का काम करता था। 1954 में भी दस हजार रुपये के नोट छापे गए थे जो 1978 तक चले।

    अब लीजिए सुनते हैं, तकनीक संबंधी जानकारी...

    वैदर टैक्नॉलाजी की मदद से मौसम की भविष्यवाणी की जाती है। मौसम विज्ञानी इसमें चाही गर्इ जगह का भूतपूर्व आैर वर्तमान वैदर डाटा इस्तेमाल कर उस जानकारी से उस जगह का वैदर फोरकास्ट करते हैं। ध्यान रहे कि यह केवल एक इंटेलिजेंट अनुमान होता है और कर्इ बार यह गलत भी होता है। वैज्ञानिक इसमें साइंटिफिक मैथड की मदद से घंटों और दिनों के हिसाब से गणना करते हैं।

    अब हम आपको बताते हैं मौसम की भविष्यवाणी के लिए प्रमुख पांच एप्स।

    सबसे पहला, वैदर टाइमलाइन:

    केवल 1 डॉलर की कीमत वाले इस एप में बेहद यूजफुल और रोचक फीचर्स के अलावा शानदार इंटरफेस और विजेट लायब्रेरी का यूज किया गया है। इसमें आप दिए गए पांच विकल्पों में से बेस्ट वैदर सर्विस का चुनाव कर सकते हो। इसमें मून व्यूअर से आप चंद्रमा को देख सकते हो, राडार मैप्स से आने वाले बादल और बरसात का पता लगा सकते हो।

    योविंडो फ्री वैदर:

    यह शानदार लुक वाला वैदर एप है। बादलों, सूरज आैर बारिश के लिए इसमें स्टाइलिश आइकन का यूज किया गया है। आपकी करंट लोकेशन का वैदर दिखाने के लिए इसमें कार्टून लैंडस्केप यूज किया गया है। यह एप यूज करने में आसान है आैर देखने में निहायत ही खूबसूरत है।

    सिंपल वैदर:

    यह एक सिंपल डिजाइन वाला एप है जिसमें कर्इ जानकारियां आपको नहीं मिल सकेंगी। लेकिन अगर आप खूबसूरत मैटेरियल डिजाइन वाले वैदर एप को खंगालना चाह रहे हैं तो यह एक बेहतर च्वाइस होगी।

    वहीं मोरकास्ट और वैदरबग एप भी डाउनलोड किए जा सकते हैं। दोस्तों, ये ऐप वास्तव में बड़े काम आ सकते हैं।

    नीलमः अब सुनते हैं बॉलीवुड की ख़बरें....दोस्तो, अब आपको ऐसे बॉलीवुड सितारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो चैरिटी वर्क भी करते हैं।

    सबसे पहला नाम है, अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का। वह कई अभियान और चैरीटीज में अपना सहयोग देती हैं। इसके अलावा वह NDTV's ग्रीनाथन की ब्रांड एबेसेडर भी हैं। जो कि गांव और दूर-दराज इलाकों में बिजली पहुंचाने जैसे कार्य को सपोर्ट करती है।

    जबकि... अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने पहले ही आई बैंक को अपनी आंखे दान कर चुकी हैं। इसके अलावा यह टू हेल्प दी निडी की संस्थापक भी हैं।

    वहीं शबाना आजमी यूपी में मिजवां नाम का एनजीओ चलाती हैं, जो वहां के चिकनकारी के काम को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। मिजवां ने स्कूल, कॉलेज और कंप्यूटर सेंटर खोले हैं। उधर अभिनेत्री दिया मिर्जा भारत में केंसर मरीजों को जागरुक करने के विज्ञापन से जुड़ी हुई हैं।

    और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भारत में एड्स मरीजों को जागरुक करने का कैंपियन चलाती हैं।

    अनिलः अब समय हो गया है हेल्थ टिप्स का।

    महिलाओं में बढ़ रहे कैंसर के मामले महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर और सरवाइकल कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। रिपोर्ट की मानें तो विश्व भर में भारत और चीन ऐसे दो देश हैं जहां स्तन और गर्भाशय कैंसर से ग्रस्त महिलाओं की संख्या सर्वाधिक है। हर साल दुनियाभर में करीब आठ लाख महिलाओं की मौत गर्भाशय और स्तन कैंसर से होती है।

    रिसर्च के मुताबिक निम्न व मध्यम आय वाले देशों में ब्रेस्ट कैंसर, यूटरस कैंसर और महिलाओं में होने वाले कैंसर को रोकने के प्रयास अपर्याप्त रहे हैं। ब्रेस्ट कैंसर को रोकने के उपाय अगर आपको ब्रेस्ट कैंसर से बचना है तो धूम्रपान का सेवन बिल्कुल न करें। अगर करते हैं तो धीरे-धीरे कम करने की कोशिश करें। सुबह या शाम एक बार वॉक पर जरूर जाएं। जितना हो सके शारीरिक रूप से ज्यादा सक्रिय हों। नॉनवेज खाना पसंद है तो आपको इस तुरंत छोडऩा होगा। जितना हो सके कम मात्रा में रेड मीट का सेवन करे। अपने खाने में नमक का सेवन भी कम करें, क्योंकि ज्यादा नमक सेहत के लिए हानिकारक होता है। गर्भनिरोधक गोलियों का लगातार सेवन न करें।

    अब आपको बताते हैं ..ये जानकारी। काली चाय में एपि गैलो कैटेचिन गैलेट नाम का रसायन होता है जो ब्रेस्ट कैंसर से शरीर को सुरक्षा प्रदान करता है। खट्टे फल खट्टे फलों में फाइटोकेमिकल्स होते हैं जो कैंसर की कोशिकाओं को विकसित होने से रोकने में मदद करते हैं।

    खट्टे फलों में सेब, अंगूर,पीच, नाशपाती, केला आदि लेने से ब्रेस्ट कैंसर होने की संभावना कुछ हद तक कम हो जाती है। ग्रीन टी ग्रीन टी में एन्टी-इन्फ्लेमेट्री गुण होता है जो ब्रेस्ट कैंसर को बढ़ने से रोकने में मदद करता है। एक गिलास पानी में चाय के कुछ पत्ते डालकर तब तक उबाले जब तक कि वह सूख कर आधा न हो जाए।

    अब समय हो गया है, श्रोताओं की टिप्पणी शामिल करने का।

    नीलमः पहला पत्र हमें आया है, केसिंगा उड़ीसा से सुरेश अग्रवाल का।

    वह लिखते हैं, "टी टाइम" के अन्तर्गत विश्व के सबसे छोटे देश, जो कि इंग्लैंड के सफोल्क समुद्री तट से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक वीरान टापू पर बसा है और जिसका नाम सीलैंड है, के बारे में जान कर इसलिये हैरानी नहीं हुई कि गत 9 अक्टूबर 2012 को रॉय बेट्स नामक व्यक्ति ने खुद को प्रिंस घोषित कर उस खंडहरनुमा इमारत पर कब्ज़ा कर लिया था। वैसे भी कुल 27 लोगों की बिसात ही क्या है, कि उन्हें देश का दर्ज़ा दिया जाये। मेरी राय में तो उनका वर्चस्व भी किसी अन्य देश पर टिका होगा। मेरी राय में तो इस तरह के ज़बरन हथियाये गये देशों को 'माइक्रो नेशन' का दर्ज़ा दिया जाना ही सही जान नहीं पड़ता। यह बात भी क़ाबिल-ए-ग़ौर है कि जहाँ सीलैंड पर 9 अक्टूबर 2012 को रॉय बेट्स नामक व्यक्ति ने खुद को प्रिंस घोषित कर कब्जा किया था वहीं रॉय बेट्स की मौत के बाद उस पर उनके बेटे माइकल का शासन है। अच्छा है कि माइक्रो नेशन कहे जाने वाले इन छोटे देशों को, अन्तर्राष्ट्रीय मान्यता नहीं मिलती। सीलैंड का क्षेत्रफल 250 मीटर यानी कि करीब 0।25 किलोमीटर है। खंडहर हो चुके इस किले को सीलैंड के साथ-साथ रफ फोर्ट के नाम से भी जाना जाता है। दुनिया का सबसे छोटा देश वेटिकन सिटी को माना जाता है, जिसका क्षेत्रफल 0।44 वर्ग किलोमीटर है और यहां की जनसंख्या 800 है। फिर इसका दारोमदार काफी हद तक रोम पर निर्भर करता है।

    हाँ, यह जानकारी अवश्य चौंकाने वाली लगी कि -अंटार्कटिक महासागर के छह लाख वर्गमील क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा समुद्री पार्क बनाया जाएगा। यूरोपीय संघ और 24 देश शुक्रवार को इस पर सहमत हो गए। अंटार्कटिक समुद्री जीव संसाधनों के संरक्षण के लिए बने आयोग ने ऑस्ट्रेलिया के होबार्ट में हुई बैठक में कहा कि रॉस सागर समुद्री पार्क को 35 वर्षों के लिए मछली पकडऩे की व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बंद किया जाएगा।

    जानकारियों के क्रम में अमरीका की एक लड़की ने सिर्फ 15 महीने में 196 देश घूमकर विश्व रिकॉर्ड बनाया और उक्त यात्रा पर कोई 1.32 करोड़ का खर्च आया, जानकारी काफी महत्वपूर्ण लगी। 27 वर्षीय 'कैसी डि पिकोल' गर्व से कहती हैं, 'मैंने दुनिया घूमी है'। इस उम्र में भी अगर वो ऐसा कहती हैं तो वो सही कह रही हैं। कैसी डि पिकोल के ज़ज़्बे को सलाम। भारत में 2020 तक कुल एक अरब मोबाइल यूजर्स हो जाएंगे और भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार है, इसमें दोराय नहीं।

    हेल्थटिप्स में अत्यधिक सेल्फी लेने का शौक़ रखने वाले हो सकते हैं मनोरोग का शिकार, जानकारी अत्यन्त उपादेय लगी। मनोवैज्ञानिकों की बैठक में कहा गया है कि दिन में तीन से चार सेल्फी लेना सामान्य बात है, लेकिन दस से 20 सेल्फी लेने वाला 'सेल्फाइटिस' बीमारी से ग्रस्त हो सकता है। स्वास्थ्य सम्बन्धी दूसरी जानकारी में एल्युमिनियम फॉयल में रखा खाना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है, पर भी महती जानकारी प्रदान की गई।

    अनिलः वहीं खेल की ख़बरों में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में भारत द्वारा पाकिस्तान को 3-2 से हराकर खिताब पर कब्जा किये जाने का समाचार काफी उत्साहवर्द्धक लगा। वैसे भी भारत इस टूर्नामेंट में अपना एक भी मुकाबला नहीं हारा। अहम् बात यह भी है कि इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान भारत से दोबार हारा। कार्यक्रम में आज पेश तीनों जोक्स में -'संता को वोडाफोन में ओपरेटर की जांब मिली' जोक सबसे उम्दा लगा। धन्यवाद् फिर एक अच्छी प्रस्तुति के लिये। सुरेश जी, पत्र भेजने के लिए शुक्रिया।

    अब पेश करते हैं, दूसरा पत्र, जिसे भेजा है, झालावाड़ राजस्थान से राजेश कुमार मेहरा ने। वह लिखते हैं, आपका प्रोग्राम सुना। कार्यक्रम की शुरुआत में दुनिया के सबसे छोटे देश सीलैंड के बारे में बताया गया। यह जानकर आश्चर्य हुआ कि वहां केवल 27 लोग रहते हैं। वहीं अगली जानकारी में अंटार्कटिक महासागर में दुनिया का सबसे बड़ा समुद्री पार्क बनाए जाने का समाचार भी अच्छा लगा। जबकि अमेरिका की एक युवती का अकेले दुनिया की सैर करने का विश्व रिकार्ड बनाना अपने आप में आश्चर्यजनक कहा जाएगा। वहीं हेल्थ टिप्स के समाचारों में सैल्फ़ी लेने के बढ़ते चलन और होने वाली परेशानी के साथ-साथ एल्युमिनियम फॉयल के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान पर दी गयी जानकारी भी अहम लगी। इसके साथ ही प्रोग्राम में पेश जोक्स और गीत-संगीत से भी अच्छा मनोरंजन हुआ। धन्यवाद अच्छी प्रस्तुति के लिए।

    राजेश जी, टिप्पणी भेजने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।

    नीलमः अब पढ़ते हैं अगला पत्र, जिसे भेजा है पश्चिम बंगाल से रविशंकर बसु ने।

    उन्होंने लिखा है, दुनिया के सबसे छोटे देश सीलैंड और वेटिकन सिटी के बारे में आपने जो जानकारी दी, उससे हम सभी का सामान्य ज्ञान बढ़ेगा। वहीं अंटार्कटिक महासागर के छह लाख वर्ग मील क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा समुद्री पार्क बनाये जाने पर दी गई जानकारी भी बहुत सूचनाप्रद लगी । जबकि अमेरिका की 'कैसी डि पिकोल' 15 महीने में 196 देश घूमकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। उनकी हिम्मत नारी शक्ति के लिए एक मिसाल बनेगी । वहीं भारत में 2020 तक 1 अरब मोबाइल उपयोगकर्ता होंगे। फ़िलहाल भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार है। ज्यादा सेल्फी लेने वालों लोगों पर जो बुरा असर पड़ता है ,इसके बारे में आप द्वारा चेतावनी महत्वपूर्ण लगी । एल्युमिनियम फॉयल में रखा खाना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। यह जानकारी भी महत्वपूर्ण लगी ।एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में भारत ने अपने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-2 के अंतर से मात देकर एशियन चैपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। इसके लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मुबारकबाद।

    बसु जी प्रोग्राम के बारे में टिप्पणी भेजने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।

    श्रोताओं की टिप्पणी यही संपन्न होती है, अब समय हो गया है, हंसगुल्लों का।

    पहला जोक...

    किसी ने एक शादी शुदा आदमी से पूछा

    आप शादी से पहले क्या करते थे?

    उसकी आँखों में आंसू आ गए और बोला..

    जो मेरा मन करता था।

    दूसरा जोक..

    बंता: आप तो डॉक्टर के पास जाने वाले थे, क्या हुआ?

    संता: यार कल जाऊँगा, आज थोड़ी तबियत ख़राब है!

    तीसरा और अंतिम जोक.

    शिक्षक : ऐसा कोई उदाहरण बताओ जो साबित करे कि गरमी से चीज़े फैलती हैं तथा ठंड में सिकुड़ती हैं.

    विद्यार्थी : गर्मियों में दिन बड़े होते हैं तथा सर्दियों में छोटे

    © China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
    16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040