Web  hindi.cri.cn
    रुचिकर मुस्लिम सांस्कृतिक पर्यटन गतिविधियां
    2015-03-17 13:22:09 cri

    प्रिय दोस्तो, आप को मालूम होगा कि चीन में इस्लाम धर्म का इतिहास एक हजार वर्ष से भी पुराना है। वर्तमान में चीन की दस से अधिक अल्पसंख्यक जातियों के करीब तीन करोड़ लोग इस्लाम धर्म पर विश्वास करते हैं। चीन के बहुत से क्षेत्रों में बड़ी तादाद में इस्लाम धर्म संबंधी प्राचीन अवशेष भी सुरक्षित हैं। यदि आप मुस्लिम हैं और आपकी चीन की मुस्लिम संस्कृति में दिलचस्पी है, तो आप मुस्लिम सांस्कृतिक पर्यटन की गतिविधियों में भाग लेने से भी नहीं चूकना चाहेंगे।

    पिछले अनेक वर्षों से चीनी अतर्राष्ट्रीय पर्यटन एजेंसी मुस्लिम सांस्कृतिक पर्यटन गतिविधियों में सक्रिय रही है। इन पर्यटन गतिविधियों में चीन की राजधानी पेइचिंग , उत्तर-पश्चिमी चीन में स्थित प्राचीन शहर शी आन और निंगशा ह्वी स्वायत्त प्रदेश की राजधानी इन छ्वान का दौरा शामिल है। पेइचिंग की चर्चा करने पर लोगों को विश्वविख्यात प्राचीन राज प्रासाद, लम्बी दीवार की याद आती है, पर बहुत अधिक लोगों को नहीं मालूम कि पेइचिंग की न्यू चेह नामक सड़क भी कम चर्चित नहीं है , जहां मुस्लिम लोग केंद्रित हैं। यह सड़क पहले ल्यू चेह सड़क के नाम से जानी जाती थी। कहा जाता है कि जब उत्तर-पश्चिमी चीन के सिनच्यांग वेवुर स्वायत्त प्रदेश के ई ली क्षेत्र के मुस्लिम लोग पेइचिंग में बसे और अपने निवास स्थलों में बेर और अनार उगाने लगे तो, उन के रहने के क्षेत्र को ल्यू यानी अनार सड़क की संज्ञा दी गयी। चीनी भाषा में ल्यू और न्यू शब्दों का उच्चारण मिलता-जुलता है , इसलिए धीरे-धीरे ल्यू चेह सड़क न्यू चेह सड़क के नाम से जानी जाने लगी। आज न्यू चेह सड़क पर दस हजार से अधिक मुस्लिम बसे हुए हैं। मुस्लिमों का पसंदीदा हरा रंग इस सड़क के हर कोने में दिखता है। हरे रंग के रेस्त्रां और हरी छत वाले रिहायशी मकान इस सड़क के आकर्षण का केंद्र हैं। सफेद टोपी पहने मुस्लिम बुजुर्ग न्यू चेह पर आराम से टहलते दिखाई देते हैं। न्यू चेह सड़क गहरे मुस्लिम पर्यावरण का आभास देती है। इस सड़क पर स्थित प्राचीन मस्जिद बहुत लोकप्रिय है। सन 996 में निर्मित यह मस्जिद पेइचिंग की सब से पुरानी और सब से बड़ी मस्जिद मानी जाती है और विश्व की प्रसिद्ध मस्जिदों में से एक है। इस मस्जिद का क्षेत्रफल कोई छै हजार वर्गमीटर है। पश्चिम की ओर खुलने वाली यह मस्जिद चीन की प्राचीन वास्तु शैली और अरब मस्जिद निर्माण शैली का सामंजस्यपूर्ण नमूना मानी जाती है। यह मस्जिद न्यू चेह सड़क पर रहने वाले मुस्लिमों का गौरव भी है। चीन के केंद्रीय जातीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर मा ली शिन न्यू चेह सड़क पर तीस सालों से अधिक समय से रहते आये हैं। उन्हों ने इस सड़क का परिचय देते हुए कहा

    न्यूचेह मस्जिद चीन की इस्लामी सांस्कृतिक निधियों में से एक है। मस्जिद में कई सौ वर्ष पहले अरब से चीन आये इमाम की समाधि भी है। समाधि के पास खड़े शिलालेख पर तराशे गये अरबी शब्द स्पष्ट दिखते हैं। इसके साथ ही यहां 1694 के तत्कालीन छिंग राजवंशी राजा खांग शी का आज्ञापत्र और तीन सौ वर्ष पुरानी हस्तलिखित कुरान भी अच्छी तरह सुरक्षित है।

    प्रिय श्रोताओ , न्यूचेह सड़क देखने के बाद अब हम निकलते हैं, मुस्लिम सांस्कृतिक पर्यटन के दूसरे गंतव्य स्थल शी आन शहर की ओर। रेल से पेइचिंग से शीआन पहुंचने में लगभग 12 घंटे लगते हैं। प्राचीन शीआन के अनेक विख्यात रमणीक पर्यटन स्थल देखने लायक हैं। शीआन शहर के पूर्व में स्थित चीन के प्रथम राजा छिन शह ह्वांग की समाधि की खुदाई में प्राप्त सैनिकों व घोड़ों की मिट्टी से बनी मूर्तियां तो सभी देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर खींचती ही हैं। शी आन के अनगिनत प्राचीन सांस्कृतिक अवशेषों को छोड़ दें तो यहां पेइ य्वान मन नाम से प्रसिद्ध एक मुस्लिम बहुलक्षेत्र भी है। पेइ य्वान मन क्षेत्र की सब से बड़ी विशेषता यह है कि यहां पुरानी चीनी वास्तु शैलियों में निर्मित काष्ठ दुकानों के अलावा कई सौ वर्ष पुराने खानदानी मकान और तत्कालीन अधिकारियों के शानदार निवास स्थान जस के तस सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि पेइ य्वान मन क्षेत्र शी आन शहर का ऐसा क्षेत्र है , जिस की ऐतिहासिकता को बड़े ढंग से बरकरार रखा गया है। पेइ य्वान मन की सड़कों के दोनों किनारों पर खड़ी बेशुमार छोटी- बड़ी दुकानों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। हर दुकान के सामने पत्थर के बाड़े खड़े हैं और पत्थर की लालटेनें भी लगी हैं। पहले यहां की अधिकतर दुकानें खाद्य और स्थानीय उत्पाद बेचती थीं , पर इधर के सालों में पर्यटन कार्य का विकास होने के चलते कुछ दुकानें स्थानीय शैली में तैयार पर्यटन सामग्री, लिपिकला व अन्य कृतियां भी बेचने लगी हैं। इधर पेइ य्वान मन क्षेत्र को एक प्राचीन सांस्कृतिक सड़क का रूप दिया गया है। जब दिन ढलने लगता है, तो पेइ य्वान मन के दोनों किनारों पर भीड़ लग जाती है, दुकानदारों और ग्राहकों के बीच मोल- तोल की आवाज सुनने में बड़ा मजा आता है , बहुत से लोग देर रात तक सड़क पर टहलते हैं और अपनी मनपसंद कलात्मक कृतियां खरीदते हैं या स्थानीय स्वादिष्ट पकवान चखते हैं। चीनी अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन एजेंसी के गाइड ऊ रुई ने पेइ य्वान मन की चर्चा में कहा

    पेइ य्वान मन का पश्चिमी भाग मुस्लिम बहुलक्षेत्र है। इस क्षेत्र में चीन की सब से प्रख्यात पुरानी मस्जिद खड़ी है। आम दिनों में बड़ी तादाद में मुस्लिम लोग पेइय्वान मन सड़क से होकर नमाज पढ़ने के लिए इस मस्जिद में आते हैं । इतना ही नहीं , इस सड़क पर बहुत से मुस्लिम रेस्त्रां भी हैं, जिन की पाककला चीन में अपना विशेष स्थान रखती है।

    अच्छा दोस्तो , शी आन की पेह य्वान मन सड़क से अब हम मुस्लिम पर्यटन लाइन के अंतिम गंतव्य स्थल निंग शा ह्वी स्वायत्त प्रदेश की राजधानी इन छवान का दौरा करने चलते हैं। निंगशा ह्वी स्वायत्त प्रदेश चीन का एक मुस्लिम प्रांत माना जाता है । समूचे स्वायत्त प्रदेश में तीन हजार से अधिक छोटी-बड़ी मस्जिदें हैं , जिन में इस स्वायत्त प्रदेश की राजधानी इन छ्वान शहर की नान क्वान मस्जिद सब से विख्यात है । इस मस्जिद का इतिहात पेइचिंग की न्यूचेह मस्जिद जितना पुराना नहीं है। गत शताब्दी के पचास वाले दशक में पुनर्निर्माण के बाद इस का क्षेत्रफल 13 हजार वर्गमीटर तक विस्तृत हो गया। आज पूरी मस्जिद में 63 भवन और 41 उपभवन हैं। गत सदी के 90 वाले दशक में इस का कई बार जीर्णोद्धार किया गया। अब यह मस्जिद इन छ्वान शहर का प्रतीक वास्तु बन गयी है। पेइचिंग और शी आन की तुलना में इन छ्वान में चीजों का दाम काफी सस्ता है। पर्यटकों को बहुत कम पैसों में बड़ा अच्छा स्थानीय खाना खाने को मिलता है। हमारी गाइड शह ली ने कहा

    असल में ह्वी जाति बहुत मिलनसार और मेहमाननवाज है। इस जाति के लोग मेहमानों का हार्दिक स्वागत करते हैं। प्रिय दोस्तो , यदि आप को चीन के भ्रमण का मौका मिला, तो इन छ्वान शहर आना न भूलिएगा।

    © China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
    16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040