Tuesday   Aug 26th   2025  
Web  hindi.cri.cn
लोकसभा अध्यक्ष से मिले शी चिनफिंग
2014-09-19 18:44:43 cri

चीनी राष्ट्राध्यक्ष शी चिनफिंग ने 19 सितंबर को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से मुलाकात की।

शी चिनफिंग ने कहा कि महाजन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। भाजपा के सत्ता में आने के बाद चीन व भारत के संबंधों का तेज विकास हुआ। वर्तमान दुनिया के दो सबसे बड़े विकासशील देशों व नवोदित बाजार वाले देशों के रूप में चीन व भारत के विकास का लक्ष्य बराबर है। विकास की अवधारणा मिलती-जुलती है और विकास की रणनीति एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों देशों को सहयोग बढ़ाते हुए और घनिष्ठ विकास साझेदारी का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने चीन-भारत सांस्कृतिक आदान-प्रदान की योजना बनायी। हमें सांस्कृतिक व मानवीय आदान-प्रदान बढ़ाते हुए दोनों देशों के लोगों की परंपरागत मैत्री मजबूत करना चाहिए।

शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि चीनी राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा और भारत की लोकसभा, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच मैत्रीपूर्ण सहयोगी संबंध हैं। आशा है कि दोनों पक्ष लगातार आदान-प्रदान बढ़ाते हुए दोनों देशों के आपसी विश्वास, सहयोग व मैत्री को मजबूत करते रहेंगे।

महाजन ने भारतीय लोकसभा की ओर से शी चिनफिंग की भारत यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत व चीन के लोगों के बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान का लंबा इतिहास है। भारत की जनता चीन के विकास की प्रगति की प्रशंसा करते हुए आशा करती है कि दोनों देश सहयोग का विस्तार करते हुए साथ मिलकर विकास करेंगे। भारतीय लोकसभा व भारतीय सांसद चीन के साथ आदान-प्रदान बढ़ाते हुए राष्ट्रीय प्रशासन के बारे में अनुभवों का आदान-प्रदान करने और दोनों देशों के संबंधों का विकास करने को तैयार है। (मीनू)

© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040