चीनी पाक कला दुनिया में बहुत विख्यात है। आंकड़ों के अनुसार चीनी पकवानों की किस्में दस हजार से अधिक हैं। दीर्घकालिक ऐतिहासिक विकासक्रम में चीन के विभिन्न क्षेत्रों में नाना प्रकार की स्थानीय विशेषताओं वाली पाक प्रणालियां बनी हैं, जिन में आठ पाक प्रणालियां सब से मशहूर हैं। इन आठ पाक प्रणालियों में शांगतुंग पाक प्रणाली, स्छ्वान पाक प्रणाली, क्वांगतुंग पाक प्रणाली, च्यांगसू पाक प्रणाली, चच्यांग पाक प्रणाली, फ़ूच्येन पाक प्रणाली, हू नान पाक प्रणाली और आन ह्वी पाक प्रणाली शामिल हैं। इन पाक प्रणालियों के पकवानों का स्वाद भी भिन्न-भिन्न है। मसलन् स्छ्वान का खाना बहुत तीखा मिर्चवाला होता है, च्यांगसू का खाना बहुत मीठा स्वाद लिए होता है, क्वांगतुंग के खाने का स्वाद काफ़ी फीका व हल्का होता है। डम्पलिंग का इतिहास चीन में हजारों वर्षों से अधिक पुराना है। वह चीनी लोगों के सब से पसंदीदा पकवानों में से एक है। यह समोसे की तरह होता है, जिस में आलू की जगह मांस का कीमा और सब्जी आदि भर कर गुचिया जैसे बनाया जाता है, फिर पानी में उबालकर खाया जाता है। क्योंकि उस का आकार प्रकार पुराने जमाने में प्रचलित स्वर्ण व चांदी से बनी मुद्रा “य्वान पाओ”जैसा है, इसलिए चीनी लोग वसंतोत्सव और अन्य दूसरे उत्सवों पर डम्पलिंग बनाना और खाना पसंद करते हैं, यह खुशहाल और सम्पन्न होने का प्रतीक है।