Web  hindi.cri.cn
    क्वाडंचओ शहर के खुले दरवाजे
    2014-05-12 09:59:07 cri

     

    क्वाडंचओ शहर धुर दक्षिण चीन में स्थित क्वाडंतुडं प्रान्त की राजधानी है। चीन के खुले 14 समुद्रतटीय शहरों में क्वाडंचओ शहर का अपना महत्वपूर्ण स्थान है। जो कोई क्वाडंचओ की यात्रा करने जाता है वह गहरी छाप लेकर वापस लौटता है। यह एक चलहपहल भरा प्राचीन शहर है और अर्ध-उष्णकटिबन्धीय जलवायु होने के कारण इस के प्राकृतिक दृश्य अतिसुन्दर है। जोड़ों में यह शहर उत्तरी शीत जलवायु के प्रभाव से रहित रहता है, गरमियों में प्रशान्त महासागर से आने वाली हवा से ठंडाया रहता है और खूबसूरत चूच्याडं नदी इस शहर से गुजरकर बहती है, यही वजह है कि नदी के दोनों तटों पर फैली सड़कें सदाबहार पेड़ों व रंगबिरंगे फूलों से सजी रहती हैं।

    क्वाडंचओ, चीन का एक प्राचीन विदेश व्यापार बन्दरगाह है। छिन राजवंश काल से ही वह एक महत्वपूर्ण विदेश व्यापार बन्दरगाह बन गया था। आज से एक हजार वर्ष से भी अधिक समय पहले थाडं राजवंश काल के दौरान क्वाडंचओ शहर में दक्षिण-पूर्वी एशिया, दक्षिण एशिया, पश्चिम एशिया व अफ्रीका से आए व्यापारियों का जमघट लगता था। आज क्वाडंचओ की विख्यात ह्वाएशडं मस्जिद ठीक थाडं राजवंश की विदेशी बस्ती के अवशेष-स्थल पर मौजूद है। मस्जिद के अन्दर ईटों से बनी 36.3 मीटर ऊंची एक गोल मीनार खड़ी है जो उस जमाने में जहाजों के बन्दरगाह से आवागमन की सूचक थी।

    ऐतिहासिक कारणों व भौगोलिक सुविधाओं के कारण क्वाडंचओ शहर नए चीन की स्थापना के बाद भी विदेश व्यापार का एक मुख्य शहर बना रहा। 1957 से हर वर्ष के बसन्त व शरद में यहां दो बार निर्यात-माल मेला लगता है। इसमें शरीक होने के लिए दुनिया के विभिन्न स्थानों से व्यापारी आते हैं।

    विदेश के लिए द्वार खोलने के संदर्भ में क्वाडंचओ शहर के पास अनेक अनुकूल स्थितियां मौजूद हैं। यह शहर हाडंकाडं व मकाओ के करीब स्थित है और हाडंकाडं से हवाई जहाज द्वारा बीस मिनट में तथा रेलगाड़ी व हाइड्रोफाएल से सिर्फ दो घंटों में यहां पहुंचा जा सकता है, इस से वैदेशिक आर्थिक सम्पर्क बड़ा सुविधाजनक हो जाता है। क्वाडंचओ प्रवासी चीनियों का विख्यात घर है, जहां प्रवासी चीनियों, चीनी मूल के विदेशियों तथा हाडंकाडं व मकाओ के देशबंधुओं की संख्या बहुत ज़्यादा है और वे दुनिया के 70 से अधिक देशों व क्षेत्रों में फैले हुए हैं। वे क्वाडंचओ के लिए वैदेशिक आर्थिक संपर्क का सेतु हैं और उन में बड़ी सक्रियता के साथ पूंजी लगातेहैं। क्वांडचओ चूच्याडं डेल्टा पर स्थित है और यहां विशाल भूमि फैली हुई है। इसलिए यहां भरपूर उपजें पैदा होती हैं। इस विशाल क्षेत्र में अनेक नगर व कस्बे फैले हुए हैं, उद्योग व व्यापार का धंधा खूब विकसित हैं और आर्थिक विकास के लिए भरपूर सुविधाएं व विशाल बाजार मौजूद है। क्वाडंचओ शहर दक्षिण चीन में जल, थल व वायु-परिवहन का केंद्र भी है। पेइचिंग क्वाडंचओ रेलवे, जो उत्तर व दक्षिण चीन को जोड़ने वाली एक महाधमनी है, अन्य मुख्य रेलवे-लाइनों से मिलकर क्वाडंचओ शहर को देश के अन्य महानगरों के साथ और ज्यादा घनिष्ट रूप से जोड़ती है। क्वाडंचओ में स्थित ह्वाडंफू बन्दरगाह दक्षिणी चीन का सब से बड़ा समुद्री बन्दरगाह है और यहां माल के उतार-चढ़ाव की वार्षिक मात्रा दो करोड़ टन है। ह्वाडंफू बन्दरगाह से जाने वाले समुद्री माल-जहाज दुनिया के 110 से अधिक देशों व क्षेत्रों तक पहुंचते हैं। नदियों में जल-परिवहन का कार्य भी अपेक्षाकृत विकसित है। पिछले 50 से अधिक वर्षों में निरंतर निर्माण के कारण अब इस शहर की औद्योगिक बुनियाद मजबूत बन गई है। इस के अलावा यहां छोटे-बड़े अनेक वैज्ञानिक अनुसंधानालय हैं। क्वाडंचओ शहर और इस के आसपास के इलाकों में अनेक प्राचीन सांस्कृतिक अवशेष-स्थल व रमणीक पर्यटन स्थल हैं, जो पर्यटन-उद्योग का विकास करने के लिए भरपूर सुविधाएं प्रदानकर सकते हैं।

    1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11
    © China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
    16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040