• हिन्दी सेवा• चाइना रेडियो इंटरनेशनल
China Radio International
चीन की खबरें
विश्व समाचार
  आर्थिक समाचार
  संस्कृति
  विज्ञान व तकनीक
  खेल
  समाज

कारोबार-व्यापार

खेल और खिलाडी

चीन की अल्पसंख्यक जाति

विज्ञान, शिक्षा व स्वास्थ्य

सांस्कृतिक जीवन
(GMT+08:00) 2007-09-24 14:52:24    
पेइचिंग में स्पेन का परिचय

cri
दोस्तो,चीन-स्पेन संबंधों के विकास को बढावा देने के लिए इस साल चीन में स्पेन-वर्ष मनाया जा रहा है। कुछ समय पूर्व पेइचिंग में चीनी लोगों को स्पेन के बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध कराने के सांस्कृतिक कार्यक्रम और कला-प्रदर्शनियां शुरू हुईं।

पेइचिंग के आलीशान पोली थिएटर में स्पेन की फ़्लामेंको गीत-नृत्य मंडली ने स्पेनिश विशेषतावाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों से चीनी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर लिया। फ्लामेंको स्पेन के नृत्यों,गीतों और वाद्य-संगीतों के संगम वाली परंपरागत कला है,जिसे स्पेन में `पा टोस `कहा जाता है।चीनी दर्शकों ने स्पेनिश कलाकारों द्वारा प्रस्तुत श्रेष्ठ कार्यक्रमों पर खूब तालियां बजाईं।

इस साल चीन में स्पेन वर्ष मनाने की एक गतिविधि के रूप में `फ्लामेंको कला-उत्सव`का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को स्पेन और चीन दोनों देशों की सरकारों ने भारी महत्व दिया है। उत्सव के दौरान स्पेनिश कला-प्रस्तुति,संगोष्ठी,गिटार व नृत्य-कक्षा और चित्र-प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां भी चलाई जा रही है। इस उत्सव में भाग ले रहे स्पेन के मशहूर गिटार-वादक गेराडो.न्यूनेज़ ने कहाः

" इस फ्लामेंको कला-उत्सव के दौरान हम ने पेइचिंग के सर्वानटेस इस्टिट्यूट में निःशुल्क प्रशिक्षण-कक्षा चलाई है। कक्षा में हम ने चीनियों को स्पेनिश गिटार बजाने और स्पेनिश नृत्य करने का कौशल सिखाया है। यह देखकर हमें बड़ी प्रसन्नता हुई है कि इतने सारे चीनी लोग फ्लामेंको कला में रूचि ले रहे हैं। उन में से कुछ लोगों ने हमें बताया कि उन के पास हमारी कला मंडली की सीडी भी है,लेकिन ज्यादा फायदा उन्हें हमारे रूबरू होने से मिला है। "

चीनी ललितकला भवन में `टिट्यान से गोया`नामक स्पेनिश चित्र-प्रदर्शनी भी चीनी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस प्रदर्शनी में लगे 52 चित्र स्पेन के प्राडो राजकीय संग्रहालय से सीधे लाए गए हैं और चीन में प्रथम बार प्रदर्शित किए जा रहे हैं।इन सभी के निर्माता पश्चिम के उच्च दर्जे के चित्रकार थे,जैसे 16वीं शताब्दी के वेनिस चित्र-शैली के प्रतिनिधि चित्रकार टिट्यान,17वीं सदी के महान मानववादी चित्रकार रुबेंस और 18वीं शताब्दी के स्पेनिश चित्र-शैली के प्रतिनिधि चित्रकार गोया इत्यादि। प्रदर्शित टिट्यान के एक चित्र `देवी वेनस`का दाम 5 करोड़ यूरो तक है।

स्पेन सरकार ने इस प्रदर्शनी को बहुत महत्वपूर्ण माना है। स्पेनिश राजा जुआन.कार्लोस ने अपनी चीन-यात्रा के दौरान इस प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए दो बार चीनी ललित कला भवन का दौरा किया और इस प्रदर्शनी का उद्धाटन किया। स्पेनिश प्राडो राजकीय संग्रहालय के महानिदेशक श्री मिरांडा का कहना हैः

"हमारे संग्रहालय के लिए यह बहुत गौरव की बात है कि इस संग्रहालय में सुरक्षित पश्चिमी चित्रों की इन श्रेष्ठ प्रतिनिधि-रचनाओं को चीन में प्रदर्शित किया जा रहा है। इस तरह की प्रदर्शनी चीनी चित्र-प्रदर्शनी के इतिहास में अपूर्व है।हम ने इस प्रदर्शनी के लिए जो 52 चित्र चुने हैं,वे हमारे संग्रहालय के सर्वोच्च स्तर के परिचायक हैं और हमारी नजर में वे सब पश्चिम की चमक-दमक वाले सुन्दर चित्र हैं। इन चित्रों से चीनी दर्शक पश्चिमी चित्र-कला के इतिहास की जानकारी ले सकते हैं। "

गत जून के अंत में शुरू हुई इस प्रदर्शनी ने अनगिनत चीनी दर्शकों को आकर्षित किया है।चीनी ललितकला भवन के संबद्ध जिम्मेदार व्यक्ति के अनुसार रोजाना कई हजार लोग यह प्रदर्शनी देखने आते हैं। सप्ताहांत में यह संख्या 10 हजार से भी अधिक हो जाती है। ली-युन नामक एक फोटोग्राफ प्रेमी ने कहाः

"प्रदर्शनी-भवन में कदम रखते ही मैं आश्चर्यचकित हो गई,वाह, कितने सुन्दर चित्र हैं।मैं उन सब का, कम से कम उन में से कुछ का फोटो खींचना चाहती थी।लेकिन फोटो लेने की मनाही है।मै बहुत उदास हुई और अनेक बार मन बनाया कि चोरी-छिपे कुछ फोटो खींच लूं। लेकिन ऐसा करने की हिम्मत नहीं हुई।इतने सुन्दर चित्र मैं ने पहले कभी नहीं देखे हैं।इन चित्रों में जो सूर्य की रोशनी और किरणें दिखाई गई है,वह फोटो में प्रदर्शित रोशनी व किरणों से जरा भी कम नहीं है। मैं यहां सिर्फ कह सकती हूं कि ये चित्रकार असाधारण रूप से संवेदनशील है।मैं सचमुच चाहती हूं कि इन चित्रों में से कम से कम एक को घर ले जाऊं और हर रोज उसे देखकर आनन्द उठाऊं ।"

इस प्रदर्शनी की सूचना देने के लिए चीनी ललितकला भवन ने पेइचिंग के मुख्य क्षेत्रों में पोस्टर लगाए हैं।बस-अडडों,मेट्रो,बड़ी दुकानों और उच्च शिक्षालयों में ये पोस्टर देखे जा सकते हैं।चीनी ललितकला भवन ने संबंधित विशेषज्ञों के सेमिनार और चित्रकला संबंधी शिक्षा जैसे आयोजन भी किए हैं,ताकि चीनी लोगों में सुन्दर चित्रों के जरिए सौंदर्य-बोध बढ सके।चीनी ललितकला भवन के महानिदेशक श्री फ़ान ती-आन के अनुसार स्पेन की इस चित्र-प्रदर्शनी के जरिए चीनी लोग प्राचीन पश्चिमी कला की सारगर्भिता छू सकते हैं। चीन में विदेशी खासकर यूरोपीय कला-प्रदर्शनी देखने के मौके कम नहीं है। लेकिन स्पेन की यह चित्र-प्रदर्शनी विशेष तौर पर उल्लेखनीय है,क्योंकि उस में जो पारंपरिक यूरोपीय कला का वातावरण व्याप्त है,वह सब से प्रगाढ़ है।यह प्रदर्शनी दर्शकों को श्रेष्ठ प्राचीन कला की आध्यात्मिक दुनिया में ले जा सकती है।

श्री फ़ान ती-आन ने कहा कि चीनी लोगों को स्पेन की समृद्ध संस्कृति बहुत भाती रही है और इस का लुत्फ उठाना भी पसंद है।इस चित्र-प्रदर्शनी ने चीनी लोगों को स्पेनिश संस्कृति के ज्यादा निकट पहुंचाने में मदद की है।

पेइचिंग के अन्य एक प्रमुख संग्रहालय---राजधानी संग्रहालय में स्पेनिश वास्तुकला-प्रदर्शनी लग रही है,जिस का नाम है "गाओडी की दुनियाःवास्तु,ज्यामिति और डिजाइन "।यह प्रदर्शनी भी चीनी लोगों के लिए नयी है। गाओडी स्पेन के आधुनिक काल में सब से विख्यात वास्तु कलाकार हैं।उन्हों ने ज्यामिति-विद्या के अनुसार विशेष डिजाइन करके स्पेन के बार्सेलोना शहर में ऐसा वास्तु-समूह बनाया है,जिस के निर्माण में बहुत सी रंगारंग मृत्तिका ईंटों का इस्तेमाल किया गया है। इस से यह वास्तु-समूह लोगों को ऐसा अहसास कराता है मानो वह जल पर तैर रहा हो।बार्सेलाना इसी वास्तु-समूह के कारण विभिन्न देशों के वास्तु कलाकारों की नजर में श्रेष्ठ शहर बन गया है। श्री गाओडी की 17 रचनाओं को स्पेन का प्रथम राष्ट्रीय संरक्षण मिला है और 3 रचनाओं को यूनेस्का द्वारा विश्व सांस्कृतिक विरासतों की सूची में शामिल किया गया है।

स्पेन के वैदेशिक संस्कृति-प्रसार कार्यालय के प्रबंधक श्री सेर्रानो ने कहाः

"हमें बताया गया है कि जिन चीनी लोगों ने बार्सेलोना की यात्रा की है,वे सब वहां के वास्तु-समूह की सुन्दरता से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके हैं।इसलिए हमें आशा है कि गाओडी की रचनाओं को चीन में लाकर अधिक चीनियों को स्पेनिश वास्तु की सुन्दरता देखने का मौका दिया जाएगा।"

यह प्रदर्शनी देखने के बाद अनेक चीनी दर्शकों ने कहा कि उन्हों ने पहले कभी नहीं सोचा था कि बार्सेलोना में भी इतनी अद्भूत वास्तु देखने को मिल सकती है।जब मौका मिलेगा ,वे जरूर वहां जाकर देखेंगे।

इस साल चीन-स्पेन वर्ष मनाने की गतिविधियां साल भर चलेंगी। पेइचिंग के अलावा शांघाई और क्वांगतु आदि प्रांतों व शहरो में भी स्पेन के बारे में सांस्कृतिक कार्यक्रमों,कला-प्रदर्शिनयों और संगोष्ठियों जैसे आयोजन किए जाएंगे,जिन की दोनों देशों की जनता के बीच समझ व मैत्री बढाने में अहम भूमिका होगी।