• हिन्दी सेवा• चाइना रेडियो इंटरनेशनल
China Radio International
चीन की खबरें
विश्व समाचार
  आर्थिक समाचार
  संस्कृति
  विज्ञान व तकनीक
  खेल
  समाज

कारोबार-व्यापार

खेल और खिलाडी

चीन की अल्पसंख्यक जाति

विज्ञान, शिक्षा व स्वास्थ्य

सांस्कृतिक जीवन
(GMT+08:00) 2007-08-06 15:16:59    
पेइचिंग ऑलम्पियाड के स्वागत में सांस्कृतिक आयोजन शुरू

cri

दोस्तो,29वां ऑलम्पियाड वर्ष 2008 में चीन की राजधानी पेइचिंग में आयोजित होगा। इस के स्वागत में गत मई माह से पेइचिंग में रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन शुरू किए गए हैं। इन आयोजनों में से संयुक्त राष्ट्र परिवार नामक एक चित्र-प्रदर्शनी का कुछ समय पूर्व उद्धाटन हुआ।चीनी राज्य-परिषद के प्रेस कार्यालय के एक पदाधिकारी श्री ली पिन ने अपने उद्घाटन-भाषण में कहाः

"यह चित्र-प्रदर्शनी साधारण नहीं है। इस में भागीदारी के लिए हम ने हांगकांग और थाईवान समेत चीन के कोई 200 चित्रकारों को आमंत्रित किया है। उन्हों ने अपनी कृतियों में परंपरागत चीनी चित्रकला से संयुक्त राष्ट्र संघ के 192 सदस्य देशों और संयुक्त राष्ट्र संस्थाओं के सांस्कृतिक प्रतीकों के चित्र बनाए हैं। चीन लोक गणराज्य की स्थापना के बाद से अब तक यह ऐसी पहली चित्र-प्रदर्शनी है,जिस में एक ही विषय पर चित्र-प्रदर्शन के लिए इतने ज्यादा चित्रकारों को आमंत्रित किया गया है। यह सारी दुनिया की जनता को चीन द्वारा भेंट किया गया एक असाधारण चीनी विशेषता वाला उपहार है। "

इन आमंत्रित चित्रकारों ने संयुक्त राष्ट्र संघ के 192 देशों के सांस्कृतिक प्रतीकों को विषय बनाकर परंपरागत चीनी चित्रशैली में चित्र बनाए हैं। पाकिस्तान के प्राचीन शहर लाहौर का गढ,ऑस्ट्रेलिया का सिडनी थियेटर,डेनमार्क की मरमेड मूर्ति,बल्गारिया का गुलाब-पर्व और अर्जेंटीना के टैंक-डांस जैसे प्रतीक वाले सांस्कृतिक तत्व उन की कृतियों में बखूबी दर्शाए गए हैं।

चीन के एक मशहूर चित्रकार श्री ह्वांग युंग-यु द्वारा बनाए गए नाकुरू झील पर फ्लेमिंगो पक्षी नामक एक चित्र काफ़ी ध्यानकर्षक है।उस में नीले व हरे रंग की पृष्ठभूमि में हल्के लाल रंग के तीन फ्लेमिंगों पक्षी पंख फड़फड़ाते हुए आसमान की ओर उड़ते दिखाई दे रहे हैं। चित्र के रंग गर्म और समृद्ध हैं,पर रेखाएं सरल।परंपरागत चीनी चित्रशैली में अफ्रीका के प्राकृतिक दृश्यों को इतने सजीव ढंग से दर्शाने के लिए श्री ह्वांग युंग-यु को व्यापक प्रशंसा मिली है।उन्हों ने कहाः

" इस साल मैं 84 वर्ष का हो गया हूं। जिन्दगी में ऐतिहासिक महत्व की इस कलात्मक गतिविधि में भाग लेने का मौका मिलना मेरे लिए सौभाग्यपूर्ण है। इस से मैं बहुत उत्साहित हूं।ऑलम्पियाड के स्वागत में इस तरह के आयोजन के जरिए पूरे विश्व को चीनी चित्रकला में हुई उपलब्धियां दिखाना भाग ले रहे चीनी चित्रकारों का ही नहीं,बल्कि सारे चीनी ललितकला जगत का सौभाग्य है।"

सूत्रों के अनुसार यह चित्र-प्रदर्शनी पेइचिंग के बाद देश के अन्य शहरों,संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, जैनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र संस्था और दसियों देशों की राजधानियों में भी लगाई जाएगी और बीच में बहुभाषाई चित्र-पुस्तकें भी दर्शकों में बांटी जाएंगी।

गत मई माह में पेइचिंग के संग्रहालय,प्रदर्शनी-भवन और कला-भवन आदि सार्वजनिक स्थलों में भी 100 से अधिक सांस्कृतिक व कलात्मक आयोजन किए गए। चीनी ललितकला भवन में 20 वीं शताब्दी के बेल्जियम के प्रसिद्ध यथार्थवादी चित्रकार श्री रेने.मार्गरिट्टे के बने चित्रों और खुद उन की तस्वीरों जैसी 230 कृतियां प्रदर्शित की गईं। उन की कृतियों पर आधारित यह चीन में लगी प्रथम प्रदर्शनी है। इस के अलावा राजधानी संग्रहालय और प्राचीन राज प्रासाद संग्रहालय में भी क्रमशः ब्रिटेन और फ्रांस की सांस्कृतिक प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया। पेइचिंग सांस्कृतिक अवशेष ब्यूरो के उपप्रभारी श्री शु श्याओ-फंग ने कहा कि योजनानुसार अब से वर्ष 2008 के ऑलम्पियाड के आयोजन तक पेइचिंग में देश-विदेश के कोई 400 प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।उन का कहना हैः

"पेइचिंग ऑलम्पियाड के आयोजन से पहले 200 नियमित और 200 अनियमित विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। हम ने इस ऑलम्पियाड को सांस्कृतिक रस से सराबोर करने का लक्ष्य बनाया है और इसे पूरा करने का कार्य मुख्यतः विभिन्न संग्रहालय ही संभाल सकते हैं। एक माध्यम के रूप में संग्रहालयों के कंधों पर परंपरागत चीनी संस्कृति और पेइचिंग की स्थानीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार करने का दायित्व आन पड़ा है। इस साल के उतर्राद्ध से अगले साल के अंत तक पेइचिंगवासी और पेइचिंग आने वाले देशी व विदेशी पर्यटक समृद्ध सांस्कृतिक आयोजनों का आन्नद उठा सकते हैं। "

इस समय पेइचिंग में एक अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव मनाया जा रहा है। उसे भी पेइचिंग ऑलम्पियाड के स्वागत में होने वाले आयोजनों में से एक माना गया है। इस तरह का कला-उत्सव दरअसल वर्ष 2000 में शुरू किया गया था।चालू आयोजन उस का सातवां सत्र है।सांस्कृतिक गतिविधियों से ऑलम्पिक प्रचार-प्रसार के लिए सभी कलात्मक प्रदर्शनों की टिकटों की कीमतें कम रखी गईं हैं। दर्शक बिना ज्यादा खर्च किए 20 से अधिक देशों व क्षेत्रों की कोई 40 सांस्कृतिक व कलात्मक मंडलियों के उच्च स्तर वाले कार्यक्रम देख सकते हैं। पेइचिंग ऑलम्पिक संयोजक समिति के अध्यक्ष श्री चांग-य्वी ने कहा कि ऑलम्पिक से जुडे सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम आम दर्शकों को चीनी संस्कृति के सौंदर्य का एहसास कराने की कोशिश करते हैं। सो उन्हें देखने के लिए दर्शकों को सस्ती टिकटें मिलने का आश्वासन हम देते हैं।

तृतीय पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय ललितकला प्रदर्शनी को पूर्वयोजनानुसार आने वाले शरद काल में आयोजित किया जाना चाहिए था।पर अब उसे ऑलम्पियाड के स्वागत में होने वाली एक गतिविधि के रूप में बदलकर अगले साल के ग्रीष्मकाल में भी आयोजित किया जाएगा।यह ललितकला प्रदर्शनी और पेइचिंग ऑलम्पियाड करीब साथ-साथ चलाए जाएंगे। चीनी साहित्य व कला संघ,पेइचिंग नगरपालिका और चीनी ललितकला संघ संयुक्त रूप से इस ललितकला प्रदर्शनी का आयोजन करेंगे।चीनी ललितकला संघ के उपाध्यक्ष श्री ल्यू ता-वई का कहना हैः

"पेइचिंग ऑलम्पियाड में सांस्कृतिक रस समाहित करने की हमारी अवधारणा को मूर्त रूप देने और इस खेल समारोह और सांस्कृतिक व कलात्मक आयोजनों को एक दूसरे में चार चांद लगाने में सक्षम बनाने के लिए हम ने और कई गतिविधियों का आयोजन करने की योजना बनाई है। तृतीय पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय ललितकला प्रदर्शनी में 70 से ज्यादा देशों की कोई 800 कृतियां प्रदर्शित की जाएंगी,जिन में कलात्मक दृष्टि से ऑलम्पिक भावना अभिव्यक्त की जाएगी।यह प्रदर्शनी पेइचिंग ऑलम्पियाड के दौरान एक विशेष सांस्कृतिक दृश्य बनेगी "

सूत्रों के अनुसार पेइचिंग ऑलम्पियाड के दौरान 19वीं शताब्दी के मध्य से 20वीं शताब्दी तक के खेल से जुड़े चित्रों की प्रदर्शनी और ब्रिटेन की आधुनिक कला-प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। अभी इस ऑलम्पियाड का आयोजन मात्र साल भर की थोड़ी दूरी से भी कम है और इस की सभी तैयारियां जोरों पर चल रही है।सांस्कृतिक गतिविधियां भी तैयारी-काम के एक भाग के रूप में धूम-धाम से आयोजित हो रही हैं।