• हिन्दी सेवा• चाइना रेडियो इंटरनेशनल
China Radio International
चीन की खबरें
विश्व समाचार
  आर्थिक समाचार
  संस्कृति
  विज्ञान व तकनीक
  खेल
  समाज

कारोबार-व्यापार

खेल और खिलाडी

चीन की अल्पसंख्यक जाति

विज्ञान, शिक्षा व स्वास्थ्य

सांस्कृतिक जीवन
(GMT+08:00) 2007-07-23 15:15:13    
चीन में मत्स्य उत्पादन,नव वर्ष मनाने की परंपरा

cri

आज के इस कार्यक्रम में रोहतास बिहार के हशीम आजाद, मऊ नाथ भंजन उत्तर प्रदेश के शमशाद अहमद अंसारी,राशेदा तबस्सुम,इर्शाद आज़मी,रामपुराभुल पंजाब के बलबीर सिंह और मुजफ्फरपुर बिहार के जसीम अहमद व उन के साथियों के पत्र शामिल हैं।

रोहतास बिहार के हशीम आजाद का प्रश्न है कि चीन में मत्स्य उत्पादन सब से अधिक किस क्षेत्र में होता है? कोआथ बिहार के सुनील केशरी और डी.डी केशरी ने भी इसी संदर्भ में सवाल किया है।

चीन में 4 प्रमुख मत्स्य उत्पादक क्षेत्र हैं। वे हैं पोहाई समुद्री,ह्वांगहाई समुद्री,पूर्वी समुद्री और दक्षिणी समुद्री मत्स्य उत्पादक क्षेत्र।उन में से सर्वाधिक मत्स्य उत्पादन करने वाला क्षेत्र पूर्वी समुद्री मत्स्य उत्पादक क्षेत्र है,जिस का क्षेत्रफल 7 लाख 70 हजार वर्गकिलोमीटर है और जहां 700 से अधिक नस्लों की मछलियां पाई जाती हैं।इस क्षेत्र में आया चो-शान द्वीप-समूह चीन का सब से बड़ा मत्स्य उत्पादक केंद है,जिस का वार्षिक मत्स्य उत्पादन पूरे देश के कुल मत्स्य उत्पादन का कोई 20 प्रतिशत बनता है।

पोहाई समुद्री मत्स्य उत्पादक क्षेत्र में ल्याओ-तुंग,पोहाई और लाई-चो तीन बड़ी खाड़ियां शामिल हैं।पूरे क्षेत्र का रकबा 77 हजार वर्गकिलोमीटर से अधिक है और वहां पाई जाने वाली मछलियों की नस्लें 70 से ज्यादा हैं।

ह्वांगहाई समुद्री मत्स्य उत्पादक क्षेत्र कोरियाई प्रायद्वीप से जुडा है। 3 लाख 8 हजार वर्गकिलोमीटर क्षेत्रफल वाले इस क्षेत्र में 300 से अधिक नस्लों की मछलियां पाई जाती हैं।

दक्षिणी समुद्री मत्स्य उत्पादक क्षेत्र थाइवान जलडमरूमध्य के दक्षिण में स्थित है। उस का क्षेत्रफल 35 लाख वर्गकिलोमीटर तक पहुंचता है।वहां टर्नी और सार्डीन मछलियों की उत्पादन-मात्रा देश में सर्वाधिक है।

मऊनाथ भंजन उत्तर प्रदेश के शमशाद अहमद अंसारी,राशेदा तबस्सुम,इर्शाद आज़मी का सवाल है कि चीन में नव वर्ष मनाने की परंपरा कब से आरंभ हुई? और नए वर्ष का स्वागत किस प्रकार किया जाता है?

चीन में नया साल वर्ष के प्रथम दिन यानी पहली जनवरी को मनाया जाता है और इस मौके पर एक दिन की सरकारी छुट्टी भी रहती है।

पर चीन के पुराने पंचांग के अनुसार जो नववर्ष दिवस मनाया जाता था,वह अब वसंतोत्सव में बदल गया है।यह चीन का प्रमुख परंपरागत त्योहार है और इस पर 5 दिनों की सरकारी छुट्टी होती है।चीन पंचांग और वर्तमान कैलेंडर के बीच फर्क होने के कारण नववर्ष दिवस जनवरी के मध्य या अंत में और कभी-कभी फरवरी तक में पड़ता है।

पुराने पंचांग के अनुसार वसंतोत्सव का पहला दिन नए वर्ष का प्रथम दिन माना जाता था,जबकि उस से पहला दिन वर्ष का अंतिम दिन।उत्सव से कोई एक महीने पहले ही चारों ओर त्योहार का माहौल छाने लगता है।परंपरा के अनुसार वर्ष के अंतिम दिन को चीन में बहुत महत्व दिया जाता है।उस रात परिवार के सभी जनों का साथ मिलकर रात्रि भोज करना जरूरी होता है।यह एक अटूट परंपरा है।भोज के बाद स्त्री-पुरूष,छोटे-बड़े खेलते-हंसते और कहकहों के बीच पुराने वर्ष को विदा करते हैं औऱ नए साल का स्वागत करते हैं।आधी रात यानी बारह बजते ही हर तरफ पटाखों की आवाजें सुनाई पड़ने लगती हैं।पटाखे छोड़ना पुराने वर्ष को बिदाई देने तथा नए वर्ष का स्वागत करने के आयोजनों में एक महत्वपूर्ण रस्म है।लोग तब तक जागते रहते हैं,जब तक नव वर्ष दिन का प्रारंभ नहीं हो जाता।

दूसरे दिन या नए साल के पहले दिन सगे-संबंधियों या दोस्तों-यारों से नववर्ष की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए उन के घर जाने का कार्यक्रम आरंभ होता है।ऐसे में सड़कों पर हर कहीं हाथों में गुलदस्ते,पेस्ट्रियों के पैकेट या दूसरे उपहार लिए लोग नजर आ सकते हैं।यह वातावरण बड़ा उल्लासपूर्ण होता है और आम तौर पर दो हफ्ते बाद होने वाले दीपोत्सव के बाद ही धीरे-धीरे ठंडा होता है।

रामपुराभुल पंजाब के बलबीर सिंह ने पूछा है कि क्या चीन में क्रिकेट खेली जाती है? क्या चीनी लोग टीवी पर क्रिकेट मैंच देखते हैं ?चीन में मुख्यता कौन से खेल लोकप्रिय हैं?

मुजफ्फरपुर बिहार के जसीम अहमद और उन के साथियों ने भी चीन में क्रिकेट के बारे में जानना चाहा है।उन का सवाल है कि चीनी क्रिकेट टीम की तैयारी कैसी चल रही है?

मित्रो,चीन में क्रिकेट नहीं खेली जाती है और चीनी लोग टीवी पर इस का मैच भी नहीं देखते हैं।क्योंकि यहां क्रिकेट खेलने की परंपरा नहीं है।किसी को खेलना भी नही आता है औऱ न ही उस का मैच देखने से समझ में कुछ आता है।चीन में टेबिल-टेनिस,फुटबाल, बॉस्केटबाल,वालीबाल और बेडमिंटन जैसे खेल लोकप्रिय हैं।

हमें सिर्फ यह सूचना मिली है कि चीनी राजकीय खेल ब्यूरो ने 1,2 साल के भीतर क्रिकेट टीम के गठन की योजना बनाई है।उस का तैयारी-कार्य कैसा चल रहा है? उस से जुड़ी गतिविधियों की ठोस जानकारी किसी ने भी नहीं दी है।