इस डाक-सभा में कोआथ बिहार के प्रमोद कुमार केशरी और कैलाश हरियाणा के उमेश कुमार शर्मा के पत्र शामिल हैं।
कोआथ बिहार के प्रमोद कुमार केशरी पूछते हैं कि चीन में बौद्ध धर्म के अलावा और कौन-कौन से धर्म हैं ? और बौद्ध धर्म के मंदिर चीन में कहां-कहां मशहूर हैं ?
चीन में बौद्ध धर्म के अलावा ताओ पंथ, इस्लाम,दो ईसाई संप्रदाय प्रोटेस्टेंट और कैथोलिक भी प्रमुख रूप से प्रचलित हैं।
चीन में बौद्ध-मत का प्रचार कोई 2000 वर्ष पूर्व भारत से शुरू हुआ था। बौद्ध धर्म के यहां तीन संप्रदाय हैं:चीनी भाषी संप्रदाय,तिब्बती भाषी संप्रदाय और पाली भाषी संप्रदाय।चीनी भाषी संप्रदाय के अनुयायी बहुसंख्यक हान लोग हैं,जबकि तिब्बती भाषी संप्रदाय के अनुयायी मुख्यत: तिब्बती,मंगोल,यूकू औऱ मन्पा आदि अल्पसंख्यक जातियों के लोग।और पाली भाषी संप्रदाय के अनुयायी ताए,पूलांग,तआन और वा इत्यादि अल्पसंख्यक जातियों में ही पाए जाते हैं।
ताओपंथ चीन का मौलिक धर्म है। इस धर्म की विशेषता लोगों की नैतिकता को परिष्कृत करने पर जोर देना है।
चीन में इस्लाम धर्म को मानने वाले अधिकतर लोग सुन्नी हैं। ह्वेई,वेवुर,तातार,खल्खस,
कज्जाक,उजबेक,तुंगश्यांग,साला और पाओआन आदि अल्पसंख्यक जातियों के लोग मुसलमान ही हैं।
चीन में लगभग 1 करोड़ प्रोटेस्टेंट और 40 लाख से अधिक कैथोलिक हैं।चीनी प्रोटेस्टेंटों और कैथोलिकों के गिरजाघर भी अलग-अलग हैं।
चीन में मशहूर बौद्ध मंदिर मुख्यतः फूथो,ऊथाई,च्यूह्वा और अमेई पहाड़ों पर स्थित है।
फूथो पहाड पूर्वी चीन के समुद्री जलक्षेत्र में फूथो द्वीप पर स्थित है। कहा जाता है कि बोधिसत्व अवलोकितेश्वर ने इसी पहाड़ पर बौद्ध सूत्रों का प्रवचन किया था।यहां स्थित मंदिरों में उन की पूजा की जाती है।
ऊथाई पर्वत उत्तरी चीन के शानशी प्रांत में है। यहां बोधिसत्व मंजूश्री ने बौद्धसूत्रों का प्रवचन किया था। इस पहाड़ पर उन की पूजा का मंदिर स्थित है।
च्यूहा पहाड़ पूर्वी चीन के आनह्वई प्रांत में स्थित है। यहां के मंदिर में बोधिसत्व क्षितिगर्भ ने बौद्धसूत्रों का प्रवचन किया था।
अमेई पर्वत दक्षिण पश्चिमी चीन के स्छ्वान प्रांत में स्थित है। यहां के मंदिर में बोधिसत्व सामंतभद्र ने बौद्धसूत्रों का प्रवचन किया था।
कैलाश हरियाणा के उमेश कुमार शर्मा का सवाल है कि चीन में संयुक्त परिवार होते हैं अथवा एकल परिवार ? यहां शादी किस उम्र में की जाती है
चीन में संयुक्त परिवार होते हैं और एकल परिवार भी होते हैं।लोग आम तौर पर अपनी आर्थिक शक्ति के अनुसार संयुक्त परिवार या एकल परिवार बनाने का फैसला करते हैं। युवा लोग अगर पर्याप्त धन-राशि हो तो अपना मकान खरीद लेते हैं,और मां-बाप से अलग रहकर अपना एकल परिवार बनाते हैं,अन्यथा मां-बाप यहां तक कि भाई-बहनों के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। हां,अगर युवा लोग घर से दूर किसी दूसरे प्रांत में नौकरी करते हैं,तो वे जरूर अपना एकल घर बसाते हैं।
जहां तक चीन में शादी की उम्र के सवाल का ताल्लुक है,तो विवाह-कानून के मुताबिक लड़का 21 साल और लड़की 20 साल होने पर विवाह कर सकते हैं। लेकिन इस समय बहुत कम युवा लोग इतनी छोटी उम्र में शादी करते हैं। शहरों में युवा लोग अपने कैरियर को सर्वोपरि मानते हैं,सो आम तौर पर लड़के 30,31 साल तक और लड़की 27,28 साल की उम्र में ही शादी करते हैं।
उमेश कुमार ने यह भी पूछा है कि चीन का सब से बड़ा विश्वविद्यालय कौन सा है तथा किस राज्य में है?क्या इस में हिन्दी भाषा की शिक्षा दी जाती है?
चीन का सब से बड़ा विश्वविद्यालय पेइचिंग विश्वविद्यालय है। नाम से आप को पता चल सकता है कि वह केंद्र शासित पेइचिंग शहर में स्थित है। उस का पुराना नाम था राजधानी महाविद्यालय। उस की स्थापना छिंग राजवंश की सरकार ने सन् 1898 में की थी। सन् 1912 में उस का नाम बदलकर पेइचिंग विश्वविद्यालय ऱखा गया। पेइचिंग विश्वविद्यालय चीन में सब से पुराना विश्वविद्यालय होने के साथ-साथ सब से मशहूर बहुविषयी विश्वविद्यालय भी है। वह पेइचिंग के पश्चिमी उपनगर में कोई 27 लाख वर्गमीटर फर्शीक्षेत्रफल की विशाल भूमि पर पसरा हुआ है।
पेइचिंग विश्वविद्यालय चीन में ऐसा एकमात्र उच्चशिक्षालय है,जहां हिन्दी भाषा की शिक्षा दी जाती है। चीन में अब तक हिन्दी जानने वाले लगभग सभी लोग इसी विश्वविद्यालय से स्नातक हुए हैं।
चीन में हिन्दी भाषा का उपयोग बहुत कम संस्थाओं में होता है। इसलिए हिन्दी सीखने वाले लोग ज्यादा नहीं हैं। लेकिन जो हिन्दी सीखता है,वह जरूर इस में रूचि लेता है।

|