• हिन्दी सेवा• चाइना रेडियो इंटरनेशनल
China Radio International
चीन की खबरें
विश्व समाचार
  आर्थिक समाचार
  संस्कृति
  विज्ञान व तकनीक
  खेल
  समाज

कारोबार-व्यापार

खेल और खिलाडी

चीन की अल्पसंख्यक जाति

विज्ञान, शिक्षा व स्वास्थ्य

सांस्कृतिक जीवन
(GMT+08:00) 2006-11-20 10:09:30    
8वां शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव

cri

अक्तूबर में पूर्वी चीन के शांघाई शहर में 8वें अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव का उद्घाटन हुआ। मेक्सिको,ब्रिटेन औऱ अमरीका आदि देशों व क्षेत्रों से आए कलाकार शांघाई में इकट्ठे होकर एक महीने तक चलने वाले इस उत्सव के दौरान चीनी दर्शकों के लिए 100 से अधिक रंगबिरंगे कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे हैं।

8वें शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव के उद्घाटन-समारोह में एक शानदार नृत्यनाटक का प्रदर्शन हुआ। यह नृत्यनाटक पिछली शताब्दी के 20वें दशक में पश्चिमोत्तर चीन के शानशी प्रांत में प्रचलित एक सुन्दर प्रेम-कहानी पर आधारित है। चीन के मशहूर नृत्य कलाकार श्री चांग ची-कांग ने शानशी की विभिन्न शैलियों के लोक-नृत्यों की सभी विशेषताओं को इस नृत्यनाटक में शामिल किया है। दर्शकों ने खूब तालियां बजाकर इस की प्रशंसा की।

शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव चीन में राष्ट्रीय स्तर का एक अंतर्राष्ट्रीय आयोजन है,जिस का देश औऱ विदेशों में व्यापक प्रभाव है। मौजूदा कला-उत्सव की संयोजन-कमेटी के अध्यक्ष, चीनी संस्कृति मंत्री श्री सुन चा-जन ने जानकारी देते हुए कहा कि शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव चीन का एक प्रमुख सांस्कृतिक ब्रांड बन गया है, जिस की ओर अधिकाधिक देशों का ध्यान जा रहा है। उन्हों ने कहाः (आवाज 2)

"शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव ऐसा एक विशाल मंच तैयार कर रहा है,जिस पर देशी व विदेशी कलाकार अपनी समृद्ध कलात्मक उपलब्धियों का प्रदर्शन कर सकते हैं। कला-संस्कृति के क्षेत्र में इस तरह के आदान-प्रदान से कलाकारों औऱ आम लोगों में कला स्फुरण हो सकता है, कल्पना और सृजन-शक्ति जग सकती है। कला-उत्सव इस दुनिया में सुन्दर रंग भर सकता है।"

शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव के एक जिम्मेदार व्यक्ति श्री छन शंग-लाई के अनुसार वर्तमान कला-उत्सव में मंच-शो, प्रदर्शनी, लोक संस्कृति, मेले और सेमिनार शामिल हैं। मंच-शो में चीन और विदेशों की जानी-मानी सांस्कृतिक मंडलियों द्वारा प्रस्तुत संगीत,गीत-नृत्य,

स्थानीय ऑपेरा और नाटक होंगे। श्री छन शंग-लाई ने कहा कि शांघाई का यह कला-उत्सव अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अधिकाधिक विख्यात होता जा रहा है। बहुत से विदेशों की मशहूर कला-मंडलियां इस में बढ़-चढ़कर भाग लेने की कोशिश कर रही हैं। श्री छन का कहना हैः

"शांघाई के इस अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव के दौरान विदेशी कलाकार जो कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे हैं,वे सब के सब कला और बाजार दोनों कसौटियों पर खरे उतरे हुए हैं। इसलिए वे धूम मचाकर चीनी दर्शकों के भी सिर चढकर बोलेंगे।"

शांघाई के इस अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव में जेस्सी नोर्मन ने भी भाग लिया। जेस्सी नोर्मन अमरीका की एक सुप्रसिद्ध गायिका है। 48वें ग्रैम्मी पुरस्कार-वितरण समारोह में उन्हें

आजीवन सफलता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। मौजूदा कला-उत्सव में उन्होंने अपनी मधुर आवाज और विशिष्ट गायन-शैली से चीनी दर्शकों को अपना दीवाना बना लिया है।

सुश्री जेस्सी नोर्मन के अलावा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अन्य दिग्गज कलाकारों व मंडलियों ने भी श्रेष्ठ कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ब्रिटेन के बीबीसी सिम्फनी आर्केस्ट्रा का संगीत-समारोह, अमरीका के नर्तक निलास मार्टिन्स का बेले-नृत्य, चीन की सिनच्यांग वेवूर जाति का नृत्यनाटक, मंगोल जाति का गीतनाटक और पेइचिंग ऑपेरा दर्शकों के आकर्षण के मुख्य केंद्र बने हैं । 8 वां एशियाई संगीत-उत्सव, 5वां शांघाई पाओशान अंतर्राष्ट्रीय लोककला-उत्सव और राष्ट्रीय संगीत-नाटक,गीत-नाटक,नृत्य-नाटक और ऑपेरा-नाटक उत्सव भी चालू शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव के साथ-साथ चल रहे हैं।

शांघाई के मौजूदा अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव के एक प्रमुख भाग के रूप में संबंधित मेले ने भी बहुत से लोगों को अपनी ओर खींचा हैं। अमरीका,इटली,फ्रांस और जापान जैसे 33 देशों की सांस्कृतिक प्रदर्शन संस्थाओं के करीब 1000 प्रतिनिधियों ने मेले में भाग लिया।

यूरोपीय कला-उत्सव संघ के अध्यक्ष श्री डर्क बर्लेक ने कहाः

"चीन कला व संस्कृति को भारी महत्व देने वाला एक देश है। मुझे और मेरे सहयोगियों को इस महान देश में इस कला-उत्सव में भाग लेने पर बड़ा सौभाग्य महसूस हो रहा है। शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव का बड़ा पैमाना हो गया है और उस की विशेषज्ञता भी सर्वमान्य है। विश्व स्तर के अन्य प्रमुख कला-उत्सवों की तुलना में शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार को ज्यादा महत्व देता है। इस मेले के ज़रिए हम चीनी सांस्कृतिक बाजार की जानकारी ले सकते हैं और इस से चीन के श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विश्व के दूसरे देशों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है"।

चालू शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव के दौरान कला-प्रदर्शनी,शिल्पकला-वस्तुओं की प्रदर्शनी,

वाद्य-यंत्रों की प्रदर्शनी,तैल-चित्र प्रदर्शनी औऱ इतालवी चित्र-प्रदर्शनी भी लगाई जा रही हैं। प्रदर्शित सभी वस्तुएं 26 देशों व क्षेत्रों से लाई गई हैं। इन्हें देखकर कला-प्रेमी मुग्ध हैं।

शांघाई अंतर्राष्ट्रीय कला-उत्सव चीन लोक गणराज्य की राज्य-परिषद से मंजूरी पाकर संस्कृति मंत्रालय की अगुवाई में शांघाई म्युनिसिपल जन सरकार द्वारा आयोजित की जाने वाली एक राष्ट्रीय स्तर की सांस्कृतिक गतिविधि है और चीन में विदेशों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक सर्वोच्च मंच भी है। इस कला-उत्सव का लक्ष्य विदेशी संस्कृतियों व कलाओं की श्रेष्ठता को ग्रहण करना,चीनी संस्कृति व कला का विकास करना और चीन व विदेशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

इस कला-उत्सव की स्थापना 1 नवम्बर 1999 को हुई थी। तब से यह प्रतिवर्ष एक बार आयोजित होता है और एक माह तक चलता है।