|

चीन के परम्परागत त्यौहारों में मध्य-शरतोत्सव सब से शानदार त्यौहार है। मध्य-शरतोत्सव चीनी पंचांग के अनुसार पंद्रह अगस्त को पड़ता है। इस रात लोग अक्सर पूर्ण गोल चांद देख सकते हैं। शरतोत्सव के अवसर पर, चीनी लोग चांदनी की किरणों में एक विशेष चीनी मून केक खाते हैं। सारे परिवार के लोग इकट्ठे होकर मिलन समारोह का आयोजन करते हैं। इस वर्ष 6 अक्तूबर को शरतोत्सव होगा, यह दिन चीन के राष्ट्र दिवस की छुट्टियों के बीच में आ रहा है। ये दोनों त्यौहार एक साथ मिलकर चीनी लोगों के लिए खुशी का माहौल तैयार कर रहे हैं। हालांकि शरतोत्सव में कई दिन बाकी हैं, फिर भी चीन में विभिन्न जगहों पर लोगों ने त्यौहार मनाने की तैयारी शुरु कर दी है।
दक्षिण पश्चिमी चीन के स छ्वान प्रांत के छंग तु शहर के एक निवासी यां प्येन जो एक स्थानीय सरकारी संस्था के कर्मचारी हैं ने कहा कि पहले शरतोत्सव मनाने के लिए वे अक्सर मून केक खाते थे, नदी में दीपक बहाते थे और ड्रैगन नाव का मैच देखते थे। कभी-कभी वे अपने मित्रों के साथ शराब भी पीते थे। लेकिन, इस वर्ष वे दूसरे तरीके से यह उत्सव मनाना चाहते हैं। अपनी लड़की दोस्त के साथ चांदनी रात का आनंद उठाने के लिए दक्षिण छंग तु से लगभग 1000 किलोमीटर दूर शी छांग शहर में जाने का उन्होंने एक यात्रा कार्यक्रम बनाया है। उन के अनुसार,मौसम के कारण लोग चीन के स छ्वान प्रांत के छंग तु शहर में साफ-साफ चांदनी नहीं देख पाते हैं। जबकि शी छांग शहर चांदनी का शहर माना जाता है। वहां लोग बहुत साफ-साफ चांदनी देख सकते हैं। पंद्गह अगस्त को चांद बहुत बड़ा और गोलाकार होता है, जो एकता व सुभाग्य का प्रतीक है।
छंग तु शहर के आकाश पर रोजाना बहुत बादल होते हैं, इसलिए, वहां लोग बहुत कम चांद देख पाते हैं। छंग तु वासियों के मध्य शरतोत्सव मनाने में यह खेद की बात है कि वे इस दिन भी साफ चांद नहीं देख सकते हैं। शी छांग शहर तो समुद्र से काफी ऊंचाई पर स्थित है, इसलिए, वहां की चांदनी विशेष चमकदार और साफ है। इस वर्ष का मध्य शरतोत्सव चीनी राष्ट्र दिवस की छुट्टियों के बीच में है, और चीनी लोगों के पास सात दिन लम्बी छुट्टियां है। इसलिए, श्री यांग ने दूर जाकर चांदनी देखने की बात सोची है।
चांदनी को देखने के अलावा, मध्य शरतोत्सव का दूसरा कार्यक्रम मून केक खाना है। मून केक एक गोलाकार केक होता है, जिस में भिन्न-भिन्न तरह की चीजें डाली गयी होती हैं। शुरुआत में अधिकांश मून केक में अखरोट,तिल,मूंगफली आदि सूखे मेवे डाले जाते थे, बाद में मून केक में दसियों किस्मों के बनाये जाने लगे । गोलाकार मून केक एकता व मेल का प्रतीक है, जिस में कई हजार वर्षों से परिवारजनों व पारिवारिक जीवन के प्रति चीनी लोगों की सुन्दर अभिलाषा अभिव्यक्त होती है। क्वांग चो से आये रो च्वन वेई ने कहा,मध्य-शरतोत्सव में मून केक खाना ज़रुरी है। मध्य-शरतोत्सव की शाम को खाना खाने के बाद हमारे परिवार के सारे लोग बालकनी में बैठ कर मून केक, फल तथा अन्य मेवे खाते हैं, चाय पीते हैं और चांदनी देखते हैं। हमें बहुत अच्छा लगता है।
क्वांग च्यो में उत्पादित मून केक देश भर में मशहूर है। इधर के वर्षों में उपभोक्ताओं ने भोजन और अपने स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान देना शुरु किया है। पहले लोग मून केक बनाते समय गन्ने से बनी चीनी का इस्तेमाल करते थे, जबकि अब लोग माल्ट शर्करा और काष्ठ शर्करा से मून केक बनाते हैं। मून केक में फल और चावल आदि भी भरा जाता है। इस वर्ष बाजार में सीता फल,विलायती खरबूजा,नाशपाती आदि से बनाये गये मून केक भी उपलब्ध हैं।
क्वांग च्यो शैली वाले मून केक के मशहूर ब्रांड ल्येन श्यांग महल के श्री जोंग चीन पो ने कहा कि इस वर्ष उन्होंने भी अनेक लजील मून केक का उत्पादन किया है। उन के अनुसार,हमारे द्वारा बनाये गये मून केक में न केवल परम्परागत कमल के फूल के मून केक आदि हैं, बल्कि कम मिठास वाले मून केक भी हैं। ये मून केक बहुत स्वादिष्ट है और रंगीन भी हैं।
श्रोताओं, चीनी लोग मध्य-शरतोत्सव में चांदनी देखते हैं और मून केक खाते हैं। वास्तव में वे लोग एकता व पुनरेकीकरण चाहते हैं। त्यौहार में लोग पारिवारिक प्रेम भावना को महसूस करते हैं। सुश्री क्वो च्वन ली पेइचिंग के एक विश्विद्यालय में प्रोफेसर हैं। हर वर्ष मध्य-शरतोत्सव वह या तो अपने पति के माता-पिता के साथ मनाती हैं, या तो अपने मां-बाप के साथ । उसने कहा,मुझे लगता है कि मध्य-शरतोत्सव के समय मुझे अ पने परिवारजनों के साथ रहना चाहिए। यह अत्यन्त महत्वपूर्ण है। मेरे पति फोटो खींचना पसंद करते हैं। वे अक्सर सारे उत्सव की गतिविधियों के फोटो खींचते हैं। अगले वर्ष, जब हम लोग फिर एक बार इकट्ठे होकर मिलन समारोह का आयोजन करेगें, तो हम एक साथ यह वीडियो देखेंगे।
इस वर्ष सुश्री क्वो ने अपने माता-पिता को पेइचिंग के उपनगर में ले जाकर दो वर्ष पहले खुद खरीदे एक आंगन में मध्य-शरतोत्सव बिताने का निर्णय लिया। सुश्री क्वो ने कहा,मैं उन्हें गांव में त्यौहार के माहॉल को महसूस करवाना चाहती हूं। पेइचिंग के उपनगर के गांव में किसान बहुत सरल व उदार हैं। शहर की तुलना में वहां त्यौहार का माहौल भी अपेक्षाकृत गहरा है। मेरे माता-पिता भी गांव जाना पसंद करते हैं। गांव में वे मनमुताबिक किसानों से गपशप कर सकते हैं और किसानों से खेत में उगायी गयी सब्जियां खरीदते हैं।
मध्य-शरतोत्सव एक मिलन का समारोह है। चीन की मुख्यभूमि में पूंजी-निवेश करने वाले थाईवानी व्यापारी भी मध्य-शरतोत्सव को बड़ा महत्व देते हैं। चीन के थाईपेई शहर के निवासी श्री चोंग हाओ थ्येन 11 वर्ष पहले मुख्यभूमि में आये थे। वे चीन के फू च्येन के श्या मन शहर में स्थित थाईवान की एक बड़ी यातायात कंपनी की एक शाखा के मैनेजर हैं। व्यस्त होने की वजह से उन्हें अपनी पत्नी और दो बच्चों को थाईपेई में घर पर ही छोड़ना पड़ा है। अब मुख्यभूमि के अधिकांश थाईवानी व्यापारियों की ही तरह, वे भी घर वापस लौटने की तैयारी कर रहे हैं। श्री चोंग हाओ थ्येन ने परिवारजनों से मिलने जाने की तैयारी में मुख्यभूमि से विशेष खाने का सामान खरीदा है। श्री चोंग के अनुसार,मैंने श्यामन में बना एक मून केक खरीदा है। वे देखेंगे कि मुख्यभूमि के मून केक और थाईवान में बने मून केक में क्या फर्क है। इस के अलावा, मैंने श्यामन में मछली के फिम जैसी चीजें भी खरीदीं हैं, जो थाईवान में महंगी हैं।
श्री चोंग ने संवाददाताओं को बताया कि थाईवान में मध्य-शरतोत्सव मनाने के लिए लोग मिलकर एक साथ मून केक खाते हैं और चांदनी देखते हैं। उन के अनुसार,मून केक खाना और चांदनी देखना थाईवान में भी बहुत प्रचलित है। यह आदत मुख्यभूमि की तरह ही है।
इस वर्ष श्री चोंग जैसे थाईवानी व्यापारियों को थाईवान वापस लौटकर त्यौहार मनाने की सुविधा देने के लिए श्यामन एयर लाईन्स कंपनी ने विशेष रुप से उन के लिए त्यौहार के विशेष विमानों की व्यवस्था भी की है। उन्होंने कहा कि वे पहली अक्तूबर की उड़ान का टिकट खरीद चुके हैं।
|