आज के इस कार्यक्रम में हम राइपुर, छत्तीसगढ़ के आनंद मोहन बैइन,बलीदपुर, मऊ, उत्तर प्रदेश के इंडो-चाइना डी एक्स क्लब के अध्यक्ष एच आई फारूकी, उपाध्यक्ष एम एन फारूकी, सचिव ताउसीफ फारूकी,मुजफ़्फ़रपुर, बिहार के जसीम अहमद, रजिया अहमद, अदीबा सुलताना, अतीया सुलताना, कोआथ, बिहार के विश्व रेडियो श्रोता संघ के सुनील केशरी, डीडी साहिबा और आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के अनीस हैदर के पत्र शामिल कर रहे हैं।
पहले राइपुर, छत्तीसगढ़ के आनंद मोहन बैइन का पत्र लें। उन्होंने चीन की राजधानी पेइचिंग तथा अन्य महानगरों तथा चीन की प्रांतीय राजधानियों के बारे में संक्षिप्त में जानकारी मांगी है।
बैइन भाई, चीन में प्रांत स्तर की कुल 34 इकाइयां हैं। इन में चार केन्द्र शासित महानगर हैं चीन की राजधानी पेइचिंग, थ्येनचिन, शांहाई और चुंगछिंग।
राजधानी पेइचिंग चीन का राजनीतिक व सांस्कृतिक केन्द्र है और विश्वविख्यात ऐसिहासिक महानगर भी।पेइचिंग के अलावा शीआन, ल्वोयांग, खाईफ़ंग, नानचिंग, हांगचओ चीन के पुराने राजधानी शहर रहे। पेइचिंग चारों ओर से हपेई प्रांत से घिरा है और दक्षिण में थ्येनचिन से सटा है। पेइचिंग का क्षेत्रफल 16 हजार वर्गकिलोमीटर है और यह 12 क्षेत्रों में विभाजित है। पेइचिंग की जनसंख्या 1 करोड़ 10 लाख है।
केन्द्रशासित शहर थ्येनचिन चीन का मुख्य उद्योग व व्यापार केन्द्र है। यह समुद्री मार्ग से पेइचिंग पहुंचने का रास्ता है। यह रेलमार्ग से उत्तरी चीन, उत्तर-पूर्वी चीन और उत्तर-पश्चिमी चीन से जुड़ा है और उत्तरी चीन के दसेक प्रांतों को समुद्र की ओर ले जाना वाला द्वार भी है।
थ्येनचिन का क्षेत्रफल11305 वर्गकिलोमीटर है और यह 13 क्षेत्रों व 5 जिलों में विभाजित हैं। इस की जनसंख्या 1 करोड़ 1 लाख 10 हजार है।
शांहाई समुद्रतटीय शहर है और पूर्वी चीन में स्थित है। इसका क्षेत्रफल 3925 वर्गकिलोमीटर है और जनसंख्या 1 करोड़ 67 लाख 40 हजार। शांहाई में 16 क्षेत्र आते हैं।
छुंगछिंग दक्षिण-पश्चिमी चीन में स्थित है। यह चीन का सब से बड़ा केन्द्रशासित शहर है। इस का क्षेत्रफल 82 हजार 400 वर्गकिलोमीटर है और इस में 40 जिले शामिल हैं। शहर की जनसंख्या 3 करोड़ 13 लाख है। पहले यह सछ्वान प्रांत के शासन में था पर 1997 में इसे केन्द्रशासित शहर घोषित कर दिया गया।
उत्तरी चीन में हपेई, शानशी व भीतरी मंगोलिया स्वायत्त प्रदेश आते हैं। हपेई की राजधानी शीच्याच्वांग है, शानशी प्रांत की राजधानी थाईय्वान है और भीतरी मंगोलिया स्वायत्त प्रदेश की राजधानी हुहोहोथ है।
उत्तर-पूर्वी चीन में ल्याओनिंग, चीलिन और हैलूंगच्यांग प्रांत हैं। ल्याओनिंग प्रांत की राजधानी शनयांग है, चीलिन की राजधानी छांगछुन है और हैलूंगच्यांग प्रांत की राजधानी हारबीन है।
पूर्वी चीन में शांतुंग, आंह्वेई, च्यांगसू और च्येच्यांग प्रांत स्थित हैं। शांतुंग प्रांत की राजधानी चीनान है, च्यांगसू प्रांत की राजधानी नानचिंग और च्येच्यांग प्रांत की राजधानी हांगचओ है।
मध्य चीन में हनान और हूपेई प्रांत हैं। हनान प्रांत की राजधानी चंगचओ है और हूपेई की राजधानी उहान।
उत्तर-पश्चिमी चीन में शेनशी, कांसू, छिंगहाई प्रांत और निंगश्या ह्वेई स्वायत्त प्रदेश व सिंच्यांग उइगुर स्वायत्त प्रदेश हैं। शेनशी की राजधानी शीआन है, कांसू की राजधानी लानचओ और छिंगहाई की राजधानी शीनिंग है। निंगश्या की राजधानी इनछ्वान और सिंच्यांग की राजधानी उरूमूची है।
दक्षिण-पश्चिमी चीन में सछ्वान, क्वेईचओ, युन्नान, क्वांगशी च्वांग स्वायत्त प्रदेश और तिब्बत स्वायत्त प्रदेश हैं। सछ्वान की राजधानी छंगतू, क्वेइचओ की राजधानी क्वेइयांग और युन्नान की राजधानी खुनमिंग है। क्वांगशी की राजधानी नाननिंग है और तिब्बत स्वायत्त प्रदेश की राजधानी ल्हासा।
दक्षिण-पूर्वी चीन में फ़ूच्येन और च्यांगशी प्रांत हैं। फ़ूच्येन की राजधानी फ़ूचओ और च्यांगशी की राजधानी नानछांग है।
दक्षिणी चीन में हूनान, क्वांगतुंग, हाईनान प्रांत हैं। हूनान की राजधानी छांगशा, क्वांगतुंग की राजधानी क्वांगचओ और हाईनान की राजधानी हाइख्वो है।
इस के अलावा चीन में थाइवान प्रांत, हांगकांग व मकाओ भी हैं। थाइवान की राजधानी थाइपेई है। हांगकांग व मकाओ विशेष प्रशासनिक क्षेत्र दोनों महानगर हैं, इन की राजधानी नहीं है।
अब बलीदपुर, मऊ, उत्तर प्रदेश के इंडो-चाइना डी एक्स क्लब के एच आई फारूकी, एम एन फारूकी और ताउसीफ फारूकी का पत्र देखें। उन्होंने लिखा है, हम सी आर आई की हिंदी सेवा के नए श्रोता हैं और पत्र भी पहली बार लिख रहे हैं। आशा है कि आप इसे स्वीकार करेंगे। हमारे कुछ मित्रों ने चाइना रेडियो इंटरनैशनल की हिन्दी सेवा के बारे में बताया कि इसका प्रसारण इस समय भारत में नंबर वन है। अतः हम भी इसे सुनें। इसलिए हमने भी इसमें दिलचस्पी लेनी आरम्भ की। इंडो-चाइना डी एक्स क्लब के एच आई फारूकी, एम एन फारूकी और ताउसीफ फारूकी भाई आप सभी लोगों को पत्र भेजने के लिए धन्यवाद।
आपने पूछा है कि चीन में सरकारी स्कूलों की संख्या कितनी है और प्राइवेट स्कूलों की संख्या कितनी होगी।
वर्ष 2003 में चीन के शिक्षा व मानव संसाधन मंत्रालय ने जो रिपोर्ट जारी की उस के अनुसार तत्कालीन चीन में प्राइवेट स्कूलों की संख्या 56247 थी, जो चीन के कुल स्कूलों का 10 प्रतिशत था। इन स्कूलों में 92 लाख 30 हजार छात्र पढ़ रहे थे। यह संख्या चीन की कुल छात्र संख्या की 5 प्रतिशत थी।
इन प्राइवेट स्कूलों में 44526 किंडरगार्टन, 6746 प्राइमरी स्कूल, 3467 मिडिल स्कूल, 11040 व्यावसायिक मिडिल स्कूल, और 1202 उच्चशिक्षा संस्थान थे।
इस रिपोर्ट के अनुसार चीन में सरकारी मिडिल स्कूलों की संख्या 80 हजार से अधिक थी और उच्च शिक्षालयों की संख्या 1202 है।

|