• हिन्दी सेवा• चाइना रेडियो इंटरनेशनल
China Radio International Friday   Jul 25th   2025  
चीन की खबरें
विश्व समाचार
  आर्थिक समाचार
  संस्कृति
  विज्ञान व तकनीक
  खेल
  समाज

कारोबार-व्यापार

खेल और खिलाडी

चीन की अल्पसंख्यक जाति

विज्ञान, शिक्षा व स्वास्थ्य

सांस्कृतिक जीवन
(GMT+08:00) 2005-07-11 09:57:51    
चीन के बंदरगाह

cri

आज के इस कार्यक्रम में हम कोआथ, बिहार के सुनील केशरी, डी डी साहिबा, संजय केशरी, बविता केशरी प्रियंका केशरी खुशबू केशरी, एस के जिंदादिल, धनवंतरी देबी, सिताराम केशरी, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के चुन्नीलाल मासूम और विजयवाड़ा, आंध्रप्रदेश की सुश्री रहमतुननिसा के पत्र शामिल कर रहे हैं।

अब हम बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के चुन्नीलाल मासूम का पत्र लेते हैं। उन्होंने अपने पत्र में चीन के दस सब से बड़े बन्दरगाहों का संक्षिप्त परिचय देने का निवेदन किया है। चलिए, आप की जिज्ञासा शांत करने का प्रयास करते हैं।

इस वर्ष 23 मई को चीनी यातायातमंत्री श्री चांग छुन-श्यान ने पूर्वी चीन के शांहाई में आयोजित विश्व बंदरगाह समारोह को संबोधित करते हुए बताया कि वर्ष 2004 के अंत तक चीन की मुख्यभूमि में कुल 1430 बंदरगाह थे और 34000 लंगरगाह। इन बंदरगाहों की माल चढ़ाने-उतारने की कुल क्षमता 4 अरब 17 करोड़ टन रही, जो वर्ष 1980 की तुलना में 19 गुनी अधिक थी। चीन के बंदरगाहों का आम पैमाना और माल-चढ़ाने उतारने की क्षमता विश्व में पहले स्थान पर जा पहुंची है।

गत वर्ष चीन के शांहाई बंदरगाह की माल चढ़ाने-उतारने की क्षमता 37 करोड़ 90 लाख टन रही, जो विश्व के सब से बड़े बंदरगाह नीदरलैंड के रोटरडम को भी पार कर गई। वर्ष 2003 में चीन के बंदरगाहों की कंटेंनर चढ़ाने-उतारने की क्षमता 4 करोड़ 86 लाख 70 हजार टी ई यू पहुंची और पहली बार अमेरिका को पार कर गई। वर्ष 2004 में यह 6 करोड़ 18 लाख टी ई यू पहुंचने के बाद विश्व में पहले स्थान पर रही।

श्री चांग ने बताया कि विश्व के समुद्री यातायात बाजार में चीन का बाजार बहुत ओजस्वी और शक्तिशाली है। विश्व के दस सब से बड़े बंदरगाहों में से पांच चीन में हैं। चीन के जिन आठ बंदरगाहों की माल चढ़ाने-उतारने की क्षमता दस करोड़ टन को पार कर गई है, वे हैं, शांहाई, निंगपो, क्वांगचओ, थ्येनचिन, छिंगताओ, छिनह्वांगताओ, ताल्यान और शनचन।

श्री चांग ने बताया कि वर्ष 2010 तक, चीन के बंदरगाहों की माल चढ़ाने-उतारने की क्षमता 6 अरब 10 करोड़ टन होगी और कंटेंनर चढ़ाने-उतारने की 14 करोड़ टी ई यू।

अब हम आपको इन आठों बंदरगाहों की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।

गत वर्ष शांहाई बंदरगाह की माल चढ़ाने-उतारने की क्षमता 37 करोड़ 90 लाख टन रही। शांहाई बंदरगाह यांत्सी नदी के मुहाने और ह्वांगफू नदी पर स्थित है और केन्द्रशासित शहर शांहाई के इलाके में आता है। इस बंदरगाह का क्षेत्रफल 3620 वर्गकिलोमीटर है। बंदरगाह में 140 लंगरगाह हैं, भंडारण का क्षेत्रफल 21 लाख वर्गमीटर है, और यहां करीब 3400 मशीनें हैं। बंदरगाह में माल लादने के साथ मुसाफिर सेवा भी उपलब्ध है।

गत वर्ष निंगपो बंदरगाह में 22 करोड़ 60 लाख टन माल चढाया- उतारा गया। निंगपो बंदरगाह च्येच्यांग प्रांत के समुद्रतटीय शहर निंगपो में स्थित है। चीन में जो चार अंतरराष्ट्रीय गहरे बंदरगाह हैं, निंगपो उन में से एक है।

इस बंदरगाह का क्षेत्रफल 704470 वर्गमीटर है। यहां 500 टनभार वाले 59 लंगरगाह हैं, जिन में से 22 में दस हजार टनभार वाले जहाज लंगर डाल सकते हैं।

क्वांगचओ बंदरगाह दक्षिणी चीन के क्वांगचओ शहर में चूच्यांग नदी के मुहाने पर स्थित है। चीन के विदेश व्यापार का यह प्रमुख पत्तन दक्षिणी चीन का सब से बड़ा अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह भी है। गत वर्ष क्वांगचओ बंदरगाह में चढ़ने-उतरने वाले माल की मात्रा 21 करोड़ 50 लाख टन रही। इस बंदरगाह में 790 लंगरगाह हैं, जिन में से 39 में दस हजार टनभार वाले जहाज लंगर डाल सकते हैं। बंदरगाह में मशीनों की संख्या 1600 है।

थ्येनचिन बंदरगाह उत्तरी चीन के केन्द्रशासित शहर थ्येनचिन में स्थित है। गत वर्ष इस बंदरगाह की माल चढ़ाने-उतारने की क्षमता 20 करोड़ 60 लाख टन जा पहुंची। यह बंदरगाह उत्तरी चीन का महत्वपूर्ण बंदरगाह होने के साथ एशिया-यूरोप के पुल की तरह काम करता है। बंदरगाह के जलीय क्षेत्र का रकबा 180 वर्गकिलोमीटर है और थलीय क्षेत्र का रकबा 20 वर्गकिलोमीटर। बंदरगाह के लंगरगाहों की संख्या 146 है, जिन में से 48 में दस हजार टनभार वाले जहाज लंगर डाल सकते हैं। बंदरगाह के भंडार का क्षत्रफल 24 लाख वर्गमीटर है और मशीनों की संख्या है 1030।

छिंगताओ बंदरगाह शानतुंग प्रायद्वीप की च्याओचओ खाड़ी में स्थित है। गत वर्ष यहां चढ़ाये-उतारे गये माल की मात्रा 16 करोड़ 30 लाख टन रही। बंदरगाह का रकबा 80 लाख 90 हजार वर्गमीटर है और उसमें 47 लंगरगाह हैं। इन लंगरगाहों में 2 लाख टनभार वाले जहाज लंगर डाल सकते हैं। भंडार का क्षेत्रफल 12 लाख 55 हजार वर्गमीटर है और मशीनों की संख्या है करीब 700।

छिनह्वांगताओ बंदरगाह पोहाई समुद्र की ल्याओतुंग खाड़ी में स्थित है। यह विश्व के सब से बड़े कोयला निर्यातक बंदरगाहों में से एक है। बंदरगाह के थलीय व जलीय क्षेत्र का कुल रकबा 1200 वर्गकिलोमीटर है। इसके 38 लंगरगाहों मं से 32 में दस हजार टनभार वाले जहाज लंगर डाल सकते हैं। कोयले की ढुलाई के लिए यह चार विशेष, रेलमार्गों से जुड़ा है। यहां तेल पहुंचाने के लिए भूमिगत पाइप लाइन भी है और मशीनों की संख्या 400 से अधिक है।

ताल्यान बंदरगाह उत्तर-पूर्वी चीन के ल्याओतुंग प्रायद्वीप के दक्षिणी छोर में स्थित है। यह उत्तर-पूर्वी चीन के तीन प्रांतों व भीतरी मंगोलिया स्वायत्त प्रदेश का आयात-निर्यात द्वार है और उत्तरी चीन. मध्य चीन और पूर्वी चीन को जोड़ने वाला यातायात केन्द्र भी। गत वर्ष इस बंदरगाह की माल चढ़ाने-उतारने की क्षमता 14 करोड़ 50 लाख टन जा पहुंची।

बंदरगाह के जलीय व थलीय क्षेत्र का रकबा कोई 400 वर्गकिलोमीटर है। यहां 65 लंगरगाह हैं, जिनमें दस हजार टनभार वाले जहाज लंगर डाल सकते हैं। भंडार का क्षेत्रफल 14 लाख वर्गमीटर है और मशीनों की संख्या 1050।

शनचन बंदरगाह दक्षिणी चीन के क्वांगतुंग प्रांत में चूच्यांग नदी डेल्टा के दक्षिण में स्थित है और हांगकांग के पड़ोस में है। गत वर्ष इस बंदरगाह में कुल 13 करोड़ 50 लाख टन माल चढ़ाया-उतारा गया। वर्ष 1980 में यहां चीन का प्रथम विशेष आर्थिक क्षेत्र स्थापित हुआ, जिसने इस बंदरगाह के निर्माण को गति दी। बंदरगाह के जलीय व थलीय क्षेत्र का रकबा 130 वर्गकिलोमीटर है। यहां 113 लंगरगाह हैं,जिन में से 26 में दस हजार टनभार वाले जहाज लंगर डाल सकते हैं। कंटेंनरों के लिए यहां 5 खास लंगरगाह हैं। भंडार का क्षेत्रफल 17 लाख वर्गमीटर है और माल चढ़ाने-उतारने की 8001 मशीनों के साथ मुसाफिर सेवा भी उपलब्ध है।

Post Your Comments

Your Name:

E-mail:

Comments:

© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040