• हिन्दी सेवा• चाइना रेडियो इंटरनेशनल
China Radio International Thursday   Jul 24th   2025  
चीन की खबरें
विश्व समाचार
  आर्थिक समाचार
  संस्कृति
  विज्ञान व तकनीक
  खेल
  समाज

कारोबार-व्यापार

खेल और खिलाडी

चीन की अल्पसंख्यक जाति

विज्ञान, शिक्षा व स्वास्थ्य

सांस्कृतिक जीवन
(GMT+08:00) 2005-06-22 12:27:36    
प्यानो द्वीप-शामन का कू लांग यू

cri

प्रिय दोस्तो , क्या आप जानते हैं कि अमरीका का गोल्डन ग्लोब पुरस्कार प्राप्त करने वाली संगीत फिल्म समुद्री प्यानो उस्ताद की एक धुन चीन में बहुत लोकप्रिय है , खासकर पूर्वी चीन के फूच्येन प्रांत के कू लांग यू द्वीप में । समुद्रयात्रा कर रहे जहाज से इतनी मधुर प्यानो धुन सुनने का अपना ही मजा है। आज हम आपको दक्षिणी चीन के समुद्रतटीय शहर शा मन के एक ऐसे स्थल ले जा रहे हैं, जहां समुद्री लहरों के बीच प्यानो सुना जा सकता है। इस स्थल का नाम है कू लांग यू और यह प्यानो द्वीप के नाम से भी जाना जाता है। तो आइए चलें इस द्वीप की संगीत यात्रा करने।

कू लांग यू द्वीप दक्षिण-पूर्वी चीन के फू च्येन प्रांत के शामन शहर के दक्षिण-पश्चिमी भाग में खड़ा है। इस द्वीप पर कदम रखते ही आप प्यानो की आवाज सुन सकते हैं। 1976 में निर्मित कू लांग यू घाट एक तिकोने प्यानो का रूप लिये हुए है।

कू लांग यू द्वीप बहुत बड़ा नहीं है। इसका क्षेत्रफल 17 हजार वर्गकिलोमीटर से कुछ अधिक है और आबादी बीस हजार से भी कम। पर इतनी कम आबादी के बीच यहां पांच सौ से अधिक प्यानो हैं, यानी औसतन यहां के हर 40 निवासियों के पास एक प्यानो है। यह आंकड़ा चीन में ही नहीं, विश्व में भी कम दिखता है। यहां सुबह-शाम जब भी आप किसी बड़ी सड़क या संकरी गली से गुजरते हैं, हर तरफ प्यानो की आवाज सुन सकते हैं। हमारी गाइड सुश्री यांग येन ने बताया

आमतौर पर पर्यटक दोपहर को कू लांग यू द्वीप पहुंचते हैं, पर उस समय स्थानीय निवासी काम पर गये होते हैं। ऐसे में केवल सुबह या शाम ही प्यानो की मधुर आवाज सुनी जा सकती है। तब आप इस द्वीप की किसी भी जगह पर प्यानो की सुरीली आवाज सुन सकते हैं।

आखिर पश्चिमी वाद्य प्यानो का प्रचार इस छोटे द्वीप के आम निवासियों के बीच हुआ कैसे। इस सवाल का जवाब खोजने पर पता चला कि कू लांग यू द्वीप का प्यानो के साथ रिश्ता 19 वीं शताब्दी के मध्य काल में तब जुड़ा जब ईसाई धर्म का यहां प्रचार-प्रसार शुरू हुआ। तब पश्चिमी पादरी अक्सर कू लांग द्वीप के गिरजों में धार्मिक आयोजन करते और पवित्र बाइबल गाकर सुनाते थे। ईसाई धर्म संघ ने द्वीप में कुछ स्कूल स्थापित कर ऐसे गानों को पाठ्यक्रम से भी जोड़ा। इससे धीरे-धीरे द्वीप के स्थानीय निवासियों के बीच पश्चिमी संगीत का प्रचार-प्रसार होने लगा।

आज कू लांग यू द्वीप में बहुत से ऐसे परिवार देखे जा सकते हैं, जिन के अधिकतर सदस्य प्यानो बजाने में निपुण हैं या फिर संगीतज्ञ हैं । सुश्री यांग येन ने बताया कि सप्ताहांत या छुट्टियों के दिन इन परिवारों के सदस्य एकत्र होकर छोटी पारिवारिक संगीत सभाएं भी आयोजित करते हैं।उन्होंने कहा कि कू लांग यू द्वीप में ऐसे परिवारों की बहुतायत है जिनमें मां-बाप संगीत के भारी शौकीन हैं और बच्चे प्यानो बजाने में दक्ष। रात को एक साथ बैठकर उनमें से कुछ वायलिन बजाते हैं तो कुछ प्यानो की धुन पर पश्चिमी शैली के गाने गाते हैं। इस प्रकार की छोटी पारिवारिक संगीत सभाओं में बच्चों के अलावा उनके दादा-दादी, माता- पिता भी बड़ी खुशी से भाग लेकर खुले दिल से अपनी संगीत प्रतिभा दिखाते हैं। इनका माहौल अत्यंत रसिक व आनन्ददायी होता है।

Post Your Comments

Your Name:

E-mail:

Comments:

© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040