|
आज के इस कार्यक्रम में हम बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के चुन्नीलाल मासूम, कोआथ, बिहार के पावन रेडियो श्रोता क्लब के प्रमोद कुमार केशरी, सनोज कुमार केशरी और वाशिम, महाराष्ट्र के हर्षाचंद विजय के पत्र शामिल कर रहे हैं।
सबसे पहले लेते हैं बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के चुन्नीलाल मासूम का पत्र। उन्होंने अपने पत्र में चीन के युन्नान प्रांत की विशेषताओं की विशेष जानकारी मांगी है।
चुन्नीलाल मासूम भाई, युन्नान प्रांत चीन के दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। यह स्थान युनलिंग नामक पर्वतमाला के दक्षिण में स्थित है, इसलिए इसे युन्नान कहते हैं। इस का इतिहास बहुत पुराना है और संस्कृति भी बेहद शानदार है।
युन्नान का क्षेत्रफल 3 लाख, 94 हजार वर्गकिलोमीटर है, जो चीन का 4.1 प्रतिशत है। प्रांत के पूर्व में क्वांगशी च्वांग स्वायत प्रदेश और क्वेईचओ प्रांत हैं और उसके उत्तर में चिनशा नदी बहती है। नदी पार कर स्छ्वान प्रांत पहुंचा जा सकता है। उत्तर-पश्चिम में प्रांत तिब्बत स्वायत्त प्रदेश से जुड़ा है और पश्चिम में म्यांमार से तो दक्षिण और दक्षिण-पूर्व में लाओस और वियतनाम से। इसकी स्थल सीमा रेखा 4060 किलोमीटर लम्बी है।
युननान प्रांत की रूपाकृति उत्तर से दक्षिण की ओर ढलान की है। उत्तर में इसकी ऊंचाई समुद्र की सतह से 3000 से 4000 मीटर के बीच है, दक्षिण में 1500 से 2200 मीटर के बीच। प्रांत के मेईली हिमपर्वत की ऊंचाई समुद्र की सतह से 6740 मीटर है। प्रांत के पूर्व में पठार है, जिस की ऊंचाई समुद्र तल से 764 मीटर है।
युन्नान प्रांत में प्राकृतिक संसाधनों की भरमार है। यहां वनस्पतियों, जीव-जंतुओं, अलोह धातुओं और जड़ी-बूटियों की अनेक किस्में पाई जाती हैं। प्रांत में उष्ण कटिबंध, उपोष्ण कटिबंध और शीतोष्ण सभी क्षेत्रों की वनस्पतियां मिलती हैं। चीन में वनस्पतियों की करीब 30 हजार किस्में हैं और इनमें से 18 हजार युन्नान में मिलती हैं।
युन्नान प्रांत में 150 से अधिक प्रायोगिक खनिज भंडारों का पता लगाया जा चुका है, जो चीन में पाए जाने वाले खनिजों का 93 प्रतिशत है। इन में ईंधन, धातु और अधातु शामिल हैं। प्रांत का जस्ता, सीसा और टीन जैसे खनिजों का भंडारण चीन में सब से बड़ा है।
युन्नान प्रांत में जल संसाधन भी बहुत हैं। प्रांत की नदियों व झीलों में वर्ष भर बहने वाले जल की मात्रा 2 खरब घनमीटर है, जो पीली नदी की तीन गुनी है।
युन्नान प्रांत में ढेर सारे पर्यटन संसाधन भी हैं। यहां का मौसम सुहावना है, प्राकृतिक दृश्य सुन्दर हैं और यहां की अल्पसंख्यक जातियों की रीतियां भी विविध हैं।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2003 में युन्नान प्रांत की जनसंख्या 4 करोड़, 37 लाख 56 हजार थी। तब प्रांत की जन्म दर 17 प्रतिहजार, मृत्यु दर 7.2 प्रतिहजार और वृद्धि दर 9.8 प्रतिहजार आंकी गई।
युन्नान में अल्पसंख्यक जातियों की संख्या देश में सब से ज्यादा है। चीन में कुल 56 जातियां है, इनमें से इस प्रांत में 25 जातियां पाई जाती हैं। इन में ई, पाई, हानी, च्वांग, ताई, म्याओ, लीसू, ह्वेई, लाहू, वा, नाशी, याओ, तिब्बती, चिंगफ्वो, पुलांग, फूमी, नू, आछांग, चीनो, मंगोल, तूलुंग, मान, श्वेई और पूई जैसी जातियां शामिल हैं।
प्रांत में 34 उच्च शिक्षा संस्थाएं हैं। इन में करीब 1 लाख 80 हजार छात्र पढ़ते हैं। मिडिल स्कूल 2700 हैं और मिडिल स्कूली छात्रों की संख्या 23 लाख 60 हजार से अधिक। प्राइमरी स्कूलों की संख्या 20 हजार से अधिक और स्कूली आयु के बच्चों का 96.14 प्रतिशत स्कूल जाता है।
वर्ष 2003 में युन्नान प्रांत का कुल उत्पादन मूल्य 2 खरब 45 अरब 88 करोड़ य्वान जा पहुंचा था, जो वर्ष 2002 से 8.6 प्रतिशत अधिक रहा।
तंबाकू, जीव-जंतु उद्योग, खनिज और पर्यटन उद्योग युन्नान के अर्थतंत्र का स्तंभ है।
प्रांत में टेलिफोन की प्रसार दर 25.4 प्रतिशत है। 90 प्रतिशत लोग रेडियो व टीवी की सुविधाएं पाते हैं।
प्रांत में रेलमार्ग की लम्बाई करीब 600 किलोमीटर है।
एक्सप्रेस वे समेत राज मार्गों की लम्बाई 60000 किलोमीटर से अधिक है। थलीय यातायात जाल पड़ोसी प्रांतों व देशों से जुड़ा है।
प्रांत में जलीय यातायात भी विकसित है। जलीय मार्ग की लम्बाई 800 किलोमीटर से अधिक है।
युन्नान जाने के लिए वायु मार्ग की सुविधा भी है। देश के 19 शहरों से वायु मार्ग के माध्यम से युन्नान प्रांत की राजधानी खुनमींग पहुंचा जा सकता है और खुनमींग से बैंकोक, रंगून, वियनत्यान, हांगकांग और ढाका जाने के लिए भी वायुसेवाएं हैं।
|