• हिन्दी सेवा• चाइना रेडियो इंटरनेशनल
China Radio International Thursday   Jul 24th   2025  
चीन की खबरें
विश्व समाचार
  आर्थिक समाचार
  संस्कृति
  विज्ञान व तकनीक
  खेल
  समाज

कारोबार-व्यापार

खेल और खिलाडी

चीन की अल्पसंख्यक जाति

विज्ञान, शिक्षा व स्वास्थ्य

सांस्कृतिक जीवन
(GMT+08:00) 2005-04-14 17:28:52    
शांसी प्रांत की राजधानी का मनमोहक रौनकदार माहौल

cri

प्रिय दोस्तो , चीन का भ्रमण कार्यक्रम में हम अब तक दक्षिणी, दक्षिण-पश्चिमी, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी चीन के अनेक प्रसिद्ध रमणीक पर्यटन स्थल हो आये हैं। इन में से कुछ पर्यटन स्थलों की आपके मन पर अब भी छाप बाकी है, इसका हमें एहसास है। इसे ध्यान में रखते हुए हमने आप को चीन के अन्य मनमोहक पर्यटन स्थलों और ऐतिहासिक शहरों की जानकारी देने का मन बनाया है। उम्मीद है कि आप चीन का भ्रमण कार्यक्रम हमेशा की तरह नियमित रूप से सुनते रहेंगे और हमें समर्थन देना जारी रखेंगे। तो आज चलें चीन के मध्य-उत्तरी भाग में स्थित शानसी प्रांत की राजधानी थाईय्वान के दौरे पर।

सुबह हो या शाम थाईय्वान की किसी भी सड़क, पार्क, या चौक जैसी सार्वजनिक जगह पर स्थानीय लोगों का पसंदीदा औपेरा सुना जा सकता है। शानसी प्रांत के इस प्राचीन औपेरा को स्थानीय लोग प्यार से शानसी बांग च कहते हैं।

हम आप को बता ही चुके हैं कि थाईय्वान शहर, जो शानसी प्रांत की राजधानी है, मध्य चीन में स्थित है। यह शहर कोई दो हजार पांच सौ वर्ष पुराना है। हालांकि आधुनिक चीन के तेज विकास के चलते इधर शहर में भारी परिवर्तन आया है और जगह-जगह भीड़ बढ़ी है, पर इस की गलियों में इतिहास का प्रभाव फिर भी साफ दिख जाता है।

पूर्व से पश्चिम की ओर जाती इंग चेह सड़क की चौड़ाई 80 मीटर से अधिक है और यह थाईय्वान को उत्तर व दक्षिण दो भागों में बांटती है। इस नवनिर्मित सड़क पर खड़े होकर चारों तरफ नजर दौड़ाने पर आप प्राचीनता व आधुनिकता के मेल को महसूस कर सकते हैं। शहर के पहली मई चौक पर गगनचुम्बी आधुनिक इमारतों की कतार खड़ी है तो उस के उत्तर-पश्चिमी भाग में लाल दीवारों व हरे खपरैलों वाला प्राचीन छुन यांग भवन भी ज्यों का त्यों अपनी जगह स्थित है। कोई हजार वर्ष पुराना यह भवन चीन के ताओ पंथ का एक मठ है। कई आंगनों वाला यह प्राचीन मठ चीन की विशेष वास्तुकला व उद्यान कला का नमूना माना जाता है। यहां पहुंचकर आप स्वयं को शोर-शराबे से दूर एक शांतिमय वातावरण में पाते हैं।

इंग चेह सड़क से पश्चिम की ओर आगे बढ़ने पर आप को प्राचीन शैली वाली सड़क देखने को मिलेगी। ल्यू श्यांग मार्ग नामक इस सड़क पर शहर की कई पुरानी प्रसिद्ध दुकानें ही नहीं हैं अनेक आधुनिक डिपार्टमेंट स्टोर भी खड़े हैं। यहां आप आधुनिक तरीके से बड़े आराम से खरीदारी कर सकते हैं और चाहें तो पुरानी दुकानों में शहर के विशेष पकवानों और खास मनोरंजक कार्यक्रमों का मजा भी ले सकते हैं। कहा जा सकता है कि थाईय्वान आने वाले हर किसी व्यक्ति को यहां का माहौल रोचक लगता है। निजी काम से थाईय्वान आने वाली सुश्री रन रूंग के अनुसार थाईय्वान की सड़कों पर घूमने में बड़ा मजा आता है। सड़कों के किनारे उगे हरेक पेड़ पर एक तख्ती लगी हुई है, जिस पर उस पेड़ की उम्र तक अंकित है। ऐसा मैं ने पहली बार यहीं देखा। शहर की छोटी गलियों में आधुनिक तरीके से सजी पुस्तकों की दुकानें भी हैं। इन दुकानों में संगीत की मधुर लय के बीच पुस्तक खरीदने पर मन खुश होता है। इतना ही नहीं, यहां के कई छोटे रेस्त्राओं में बहुत स्वादिष्ट खाना भी मिलता है।

Post Your Comments

Your Name:

E-mail:

Comments:

© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040