|
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता श्री ल्यू च्येन-छाओ ने 30 तारीख को पेइचिंग में एक संवाददाता सम्मेलन में संकेत दिया कि चीन सूडान में संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापन कार्यक्रम को समर्थन देता है।
श्री ल्यू ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 25 मार्च को पारित हुए प्रस्ताव नं 1590 ने सूडान में शांति स्थापन कार्यक्रम का आदेश दिया। यह सूडान के उत्तरी और दक्षिणी भाग में चतुर्मुखी शांति स्थापित करने के समझौते के कार्यान्वयन और सूडान की शांति प्रक्रिया को गति देने में फायदेमंद होगा। चीन इस का स्वागत करता है और उसने इस प्रस्ताव के पक्ष में वोट दिया।
श्री ल्यू ने कहा कि चीन हमेशा से संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापन कार्यक्रम को समर्थन देता रहा है। संयुक्त राष्ट्र के निवेदन पर चीन सूडान में संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापन कार्यक्रम के लिए इंजीनियर, चिकित्सा, यातायात दस्ता, सैन्य पर्यवेक्षक, असैनिक पुलिसकर्मी और राजनीतिक अधिकारी भेजेगा। चीन अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिल कर सूडान में शांति व स्थायित्व के लक्ष्य को यथाशीघ्र साकार करने के लिए प्रयत्न जारी रखने को तैयार है।
|