|
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ल्यू चिएन छाओ ने 24 तारीख को पेइचिंग में कहा कि जनवादी कोरिया के प्रधानमंत्री पाक बोंग जु ने चीन के कोरियाई नाभिकीय सवाल संबंधी विचार व चीन द्वारा संबंधित स्थिति के आकलन को बड़ा महत्व दिया है और कहा है कि जनवादी कोरिया चीन के कोरियाई प्रायद्वीप को नाभिकीय शस्त्रों से मुक्त करने व उस की शान्ति व स्थिरता बनाए रखने के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा करता है।
श्री ल्यू ने बताया कि दो दिन पहले चीन के नेताओं ने जनवादी कोरिया के प्रधानमंत्री पाक बोंग जु के साथ कोरियाई प्रायद्वीप के नाभिकीय सवाल पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इस दौरान चीन ने इस सवाल पर अपना सैद्धांतिक रुख स्पष्ट किया और श्री पाक बोंग जु को अमरीका समेत संबंधित देशों के इस सवाल पर चीन के साथ जारी विचार-विमर्श से भी अवगत कराया।
|