• हिन्दी सेवा• चाइना रेडियो इंटरनेशनल
China Radio International
चीन की खबरें
विश्व समाचार
  आर्थिक समाचार
  संस्कृति
  विज्ञान व तकनीक
  खेल
  समाज

कारोबार-व्यापार

खेल और खिलाडी

चीन की अल्पसंख्यक जाति

विज्ञान, शिक्षा व स्वास्थ्य

सांस्कृतिक जीवन
(GMT+08:00) 2004-09-24 16:06:23    
सी छ्वान -पेइचिंग आर्थिक सहयोग व विकास सप्ताह पेइचिंग में आयोजित

cri

हाल ही में पश्चिमी चीन के सी छ्वान प्रांत ने राजधानी पेइचिंग में सी छ्वान-पेइचिंग आर्थिक सहयोग व विकास सप्ताह का आयोजन किया। यह सी छ्वान प्रांत द्वारा पेइचिंग में अब तक आयोजित सब से बड़ा व्यापारी मिलन समारोह था। सी छ्वान प्रांत के महासचिव जांग श्वे जुंग, गवर्नर चांग जुंग वेई इस प्रांत के विभिन्न शहरों व प्रिफेक्चरों के नेताओं से गठित प्रतिनिधिमंडल के साथ पेइचिंग आए।

चीन का सी छ्वान प्रांत स्वर्गीय तंग श्याओ फिंग का जन्मस्थान है। वह चीन की मां मानी जाने वाली नदी यांगजी के ऊपरी भाग में स्थित है और देश के सात पश्चिमी प्रांतों व शहरों से जुड़ा है। सी छ्वान का क्षेत्रफल 485 हजार वर्गमीटर है, जो देश में पांचवें स्थान पर है। सी छ्वान की कुल जन संख्या 8 करोड़ 70 लाख है, जो देश में तीसरी सबसे बड़ी है। सी छ्वान में कुल 21 शहर व प्रिफेक्चर और 181 काउंटियां हैं। वह चीन के पश्चिमी भाग का सब से बड़ा विकसित प्रांत है, जिस का कुल उत्पादन मूल्य, कृषि उत्पादन मूल्य और उद्योग उत्पादन मूल्य चीन के पश्चिमी भाग के 12 प्रांतों व शहरों का एक चौथाई है। सी छ्वान प्रांत के इलेक्ट्रॉनिक, मशीनरी, चिकित्सा, रासायनिक व फौजी व्यवसाय भी चीन में महत्वपूर्ण स्थान पर हैं। चीन के पूर्वी व पश्चिमी भाग के जोड़ पर होने के नाते, सी छ्वान के पास विकास की महत्वपूर्ण रणनीतिक स्थिति है। वर्ष 2003 के अंत तक, विश्व के 500 सब से मजबूत कारोबारों में से 83 सी छ्वान प्रांत में शाखाएं खोल चुके थे। पेइचिंग चीन की राजधानी है, जो चीन का राजनीतिक केंद्र है और वह चीन के सब से विकसित शहरों में से एक भी है।

गत 14 सितम्बर की रात पेइचिंग के राष्ट्रीय सहस्त्राब्दि मंच के चौक पर सी छ्वान-पेइचिंग आर्थिक सहयोग व विकास सप्ताह के भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। पेइचिंग के मेयर वांग छी शेन, सी छ्वान प्रांत के गवर्नर चांग जुंग वेई ने उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस मौके पर श्री चांग जुंग वेई ने कहा,सी छ्वान-पेइचिंग आर्थिक सहयोग व विकास सप्ताह पूंजी निवेश, व्यापार, पर्यटन और संस्कृति को जोड़ने वाला एक शानदार आर्थिक-व्यापारिक मिलन समारोह है। यह दोनों स्थलों के कारोबारों व जनता के लिए मैत्री के पुल का काम करेगा , जिस से दोनों का आर्थिक व व्यापारिक सहयोग अवश्य एक नयी मंजिल पर पहुंचेगा।
सी छ्वान और पेइचिंग के बीच परम्परागत आर्थिक व व्यापारिक सहयोग है। 1960 के दशक की शुरुआत से ही पेइचिंग में विभिन्न सामग्रियों की सप्लाई की गारंटी के लिए, सी छ्वान पेइचिंग को सुअर, चीनी, सब्जियां और फल की सप्लाई करता रहा। चीन की केंद्रीय सरकार के आह्वान पर देश के कुछ सार्वजनिक कारोबार मसलन छांग हुंग, च्यो जो और ह्वा फंग आदि सी छ्वान को स्थानांतरित हुए और इससे सी छ्वान के उद्योग तथा उच्च व नवीन तकनीक के विकास का आधार तैयार हुआ।

1980 के दशक के मध्य से दोनों स्थलों के बीच आर्थिक सहयोग साल दर साल घनिष्ठ होता रहा है। सी छ्वान प्रांत ने बाजार, संसाधन व श्रमिकों की श्रेष्ठता से पेइचिंग के कारोबारों की पूंजी, तकनीक व प्रबंध व बिक्री व्यवस्था को आकर्षित किया है। पेइचिंग के कुछ जाने-माने कारोबारों ने सी छ्वान में अपने केंद्रों की स्थापना की। संबंधित आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2001 से 2004 के पूर्वार्द्ध तक सी छ्वान में पेइचिंग के पूंजी निवेश की कुल मात्रा 16 अरब 63 करोड़ 80 लाख य्वान तक जा पहुंची थी। सी छ्वान के आई टी, औषधि एवं संस्कृति आदि व्यवसायों ने भी पेइचिंग में अपनी नींव डाली। सी छ्वान के वयंजन चीन भर में प्रसिद्ध है। वहां के ह्वांग छन लाओ गन, थेई य्वू थो और छ्याओ चांग नेन आदि रेस्तरांओं ने पेइचिंग में अपनी शाखाएं खोलीं। इतना ही नहीं, सी छ्वान प्रांत के कुछ शहरों ने भी पेइचिंग के कुछ क्षेत्रों के साथ मैत्री संबंधों की स्थापना की।

यह सप्ताह इसी पृष्ठभूमि में आयोजित हुआ। इस सहयोग व विकास सप्ताह के दौरान, सी छ्वान व पेइचिंग के बीच आर्थिक सहयोग संबंधी आदान-प्रदान की अनेक संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। दोनों स्थलों के संबंधित कारोबारों ने पेइचिंग होटल में पेइचिंग व सी छ्वेन के बीच आर्थिक व व्यापारिक सहयोग के ढांचागत समझौते पर हस्ताक्षर भी किये।

सी छ्वान प्रांत के उप गवर्नर श्री जांग ज्वू फंग ने बताया, आंकडे बताते हैं कि सहयोग व विकास के इस सप्ताह के दौरान, सी छ्वान व पेइचिंग की सरकारों व संबंधित विभागों ने कुल मिलाकर 50 अरब य्वान की पूंजी वाले समझौतों व प्रोटोकोल पर हस्ताक्षर किये । इन समझौतों में ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक सूचना, परम्परागत चीनी औषधि, शिक्षा, पर्यटन और यातायात जैसे अनेक क्षेत्रों के अनुबंध शामिल हैं।

इस सप्ताह में एक और गतिविधि का आयोजन किया गया। यह था सी छ्वान मेला। यह मेला पेइचिंग के वू व्येन थे पार्क में 14 सितम्बर से शुरू हो कर अक्तूबर तक के लिए आयोजित है। मेले में सी छ्वान प्रांत की विशेषता परम्परागत कला व रीति-रिवाज प्रदर्शित हैं। मेले में रंग-बिरंगे सांस्कृतिक समारोहों का आयोजन भी किया जा रहा है। साथ ही वू व्येन थे पार्क में सी छ्वान के प्राकृतिक दृश्य नामक एक चित्र पर्दर्शनी भी लगी है, जिस में सी छ्वान के सुन्दर प्राकृतिक दृश्यों के साथ पुराने इतिहास व संस्कृति भी झलक मिल सकती है। इतना ही नहीं, मेले में एक ऐसी जगह भी है, जहां पर्यटक सी छ्वान के विशेष खाद्य पदार्थ भी खा सकते हैं। चीन की विभिन्न जगहों के लोगों को सी छ्वेन का भोजन पसंद है। पेइचिंग के दसियों हजार नागरिक रोज मेले में आ रहे हैं।

इस सप्ताह के सफल आयोजन की चर्चा करते हुए सी छ्वान के उप गवर्नर श्री जांग ज्वू फंग ने कहा कि इस सप्ताह से सी छ्वेन प्रांत व पेइचिंग के बीच आपसी समझ व मैत्री बढ़ी है, व्यापार व पूंजी सहयोग का विस्तार हुआ है और पेइचिंगवासियों के सामने सी छ्वेन का सौन्दर्य आया है। श्री जांग ने कहा सी छ्वेन ने पेइचिंगवासियों पर अच्छी छाप छोड़ी है। उन के अनुसार,

वर्तमान सहयोग व विकास सप्ताह के जरिए, हम ने पेइचिंग में एक सुन्दर सी छ्वेन, खुले सी छ्वेन और जोशीले सी छ्वेन की छवि स्थापित की । मुझे आशा है कि इस सप्ताह के जरिए अधिक से अधिक लोग सी छ्वेन को जान सकेंगे और अधिक से अधिक कारोबार सी छ्वेन आऐंगे।

श्री जांग ने कहा कि सप्ताह की विभिन्न गतिविधियों में चीनी नेताओं के अलावा चीन की ल्येन शांग, छिंग ह्वा थुंग फांग जैसी कंपनियों और अमरीका के मोर्गन बैंक, ह्वेई फू कंपनी, जापान की पेनोसॉनिक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी आदि विश्वव्यापी कंपनियों के मैनेजरों समेत 5000 से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। सी छ्वेन के प्रचुर ऊर्जा संसाधन, सुहावने प्राकृतिक दृश्यों, अनोखी परम्परागत कलाओं, विशेष भोजन, रहस्यमय छ्वेन ज्वू नाटक और रंग-बिरंगे रीति-रिवाज ने पेइचिंग के नागरिकों पर गहरा प्रभाव डाला। पेइचिंग के अनेक कारोबारों व नागरिकों ने इस दौरान हुई विभिन्न आर्थिक व व्यापारिक कार्यवाइयों में भाग लिया। सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि इस सप्ताह के जरिए, सी छ्वेन के पूंजी निवेश के वातावरण के प्रति उन की समझ बढ़ी है। सी छ्वान उन के लिए सब से वांछित स्थान है। मौका मिला, तो वे अवश्य सी छ्वान की यात्रा करेंगे।