वसंत का शहर ख़ुनमिंग

2024-09-21 16:57:08

वैसे तो चीन में कई सुंदर और आकर्षक शहर हैं। लेकिन ख़ुनमिंग की बात ही अलग है। इस लेख में हम ख़ुनमिंग के बारे में बतायेंगे।

युन्नान प्रांत की राजधानी ख़ुनमिंग को इसकी अच्छी जलवायु और पूरे साल खिलने वाले फूलों के कारण वसंत के शहर के रूप में जाना जाता है। इस शहर का इतिहास लगभग 2,400 से अधिक वर्ष पुराना है। साथ ही यह शहर प्रसिद्ध सिल्क रोड का प्रवेश द्वार था, जिसने शीत्यांग, सछवान, म्यांमार, भारत और अन्य देशों के साथ व्यापार को बेहद सुगम बनाया। आज यह युन्नान प्रांत का राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र है। इतना ही नहीं यह दक्षिण-पश्चिम चीन का सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल है।

शहर का केंद्र अपने दो चौकों (जिनमा बिची स्क्वायर, तोंग फ़ंग स्क्वायर) और पाँच चौराहे वाली सड़कों (तोंग फ़ंग  रोड, जिनबी रोड, चेंगयी रोड, रेनमिन रोड और छिंगनियान रोड) का अपना आकर्षण है। इनमें से, जिनमा बिची स्क्वायर (जिसे जिनबी स्क्वायर के नाम से भी जाना जाता है) में सबसे अधिक आकर्षक और स्टाइलिश वास्तुकला है। छिंगनियान रोड, चेंगगयी रोड और रेनमिन रोड मुख्य कमर्शियल  क्षेत्र हैं। सबसे लोकप्रिय पैदल यात्री सड़कें नानफिंग स्ट्रीट, जिंगस्यांग फ्लावर्स एंड बर्ड्स मार्केट और जिनमा बिची फ़ंग हैं। यह शहर युन्नान अल्पसंख्यक संस्कृति का केंद्र बिंदु भी माना जाता है।

 इस शहर में यी, पाई, मियाओ, दाई और हानी जैसी लगभग 26 अल्पसंख्यक जातियां रहती हैं। अगर आपको मौका मिले तो ख़ुनमिंग घूमने ज़रूर आएं।   (अनिल पांड)

रेडियो प्रोग्राम