सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा को पटरी पर लाएं- चीनी प्रतिनिधि

2024-07-16 12:24:12

सतत विकास पर संयुक्त राष्ट्र उच्च स्तरीय राजनीतिक मंच की मंत्रिस्तरीय बैठक 15 जुलाई को न्यूयॉर्क में स्थित यूएन मुख्यालय में शुरू हुई। चीनी प्रतिनिधि ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से बहुपक्षवाद का अभ्यास करने और सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा को पटरी पर लाने का आह्वान किया।

बैठक में संयुक्त राष्ट्र स्थित चीनी स्थाई प्रतिनिधि फ़ू थ्सोंग ने "वैश्विक विकास पहल के मित्र समूह" की ओर से भाषण दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में, सतत विकास लक्ष्यों को लागू करने में वैश्विक प्रगति अपेक्षा से बहुत कम है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को बहुपक्षवाद का अभ्यास करना चाहिए, एकजुटता और सहयोग को मजबूत करते हुए सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा को पटरी पर लाने के लिए संयुक्त कार्रवाई करनी चाहिए।

फ़ू थ्सोंग के अनुसार, विकास की प्राथमिकता का पालन करते हुए वैश्विक विकास साझेदारी को पुनर्जीवित करना चाहिए। वैश्विक गरीबी उन्मूलन सहयोग को मजबूत करते हुए “कोई भी देश या व्यक्ति पीछे न रहें” सुनिश्चित करना चाहिए। वैश्विक खाद्य सुरक्षा बनाए रखते हुए शून्य भूख वाले लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। साझा लेकिन विभेदित जिम्मेदारियों का पालन करते हुए हाथ मिलाकर जलवायु परिवर्तन से निपटना चाहिए।

गौरतलब है कि सतत विकास पर संयुक्त राष्ट्र उच्च स्तरीय राजनीतिक मंच इस महीने की 8 तारीख को आरंभ हुआ और 17 तारीख तक चलेगा। इस मंच का विषय है "कई संकटों के समय में साल 2030 एजेंडा की मजबूती और गरीबी उन्मूलन:प्रभावी ढंग से टिकाऊ, लचीला और अभिनव समाधान प्रदान करना"।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम