संयुक्त राष्ट्र महासभा: एआई क्षमता निर्माण पर चीन का प्रस्ताव वैश्विक सहमति को दर्शाता है

2024-07-02 18:55:17

1 जुलाई को, 78वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा ने चीन द्वारा प्रस्तावित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षमता को बढ़ाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग पर एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को अपनाया। इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को 140 से अधिक देशों का समर्थन प्राप्त हुआ।

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने 2 जुलाई को राजधानी पेइचिंग में एक नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इस बात पर प्रकाश डाला कि यह प्रस्ताव एआई क्षमता निर्माण को मजबूत करने पर व्यापक अंतर्राष्ट्रीय सहमति को रेखांकित करता है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह प्रयासों को एकजुट करने, क्षमताओं को बढ़ाने और सहयोग के माध्यम से बौद्धिक अंतर को पाटने के लिए विभिन्न देशों की सामूहिक राजनीतिक इच्छा को दर्शाता है।

प्रस्ताव के प्रमुख प्रायोजक के रूप में, चीन ने परामर्श प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता, खुलेपन और समावेशिता के लिए प्रतिबद्धता जताई। चीन ने उचित सुझावों को शामिल करके और सभी पक्षों के बीच मतभेदों को सुलझाने का प्रयास करके संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों से व्यापक मान्यता प्राप्त की।

संयुक्त राज्य अमेरिका ने अन्य देशों के साथ मिलकर प्रस्ताव पर सह-हस्ताक्षर किए। माओ निंग ने परामर्श में संयुक्त राज्य अमेरिका सहित सदस्य देशों की सक्रिय भागीदारी के लिए चीन की सराहना व्यक्त की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर आम सहमति बनाने में इस तरह के सहयोग के महत्व को स्वीकार किया।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम