चीनी विदेश मंत्रालय ने अमेरिका की 2023 अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता रिपोर्ट को भ्रामक और गलत बताया

2024-07-01 17:34:18

अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा हाल ही में जारी 2023 अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता रिपोर्ट के जवाब में, चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने 1 जुलाई को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका कड़ा खंडन किया।

माओ निंग ने रिपोर्ट की आलोचना करते हुए कहा कि यह झूठ और अशुद्धियों से भरी हुई है, और अमेरिका पर देश को बदनाम करने के लिए जानबूझकर चीन की धार्मिक नीतियों को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चीन इन आरोपों का दृढ़ता से विरोध करता है।

माओ निंग ने जोर देकर कहा कि चीनी सरकार कानून के अनुसार नागरिकों की धार्मिक आस्था की स्वतंत्रता को बनाए रखती है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि चीन में सभी जातीय समूहों के लोगों को पूर्ण धार्मिक स्वतंत्रता प्राप्त है। वर्तमान में, चीन में लगभग 20 करोड़ धार्मिक अनुयायी हैं, जिन्हें 3 लाख 80 हजार से अधिक धार्मिक कर्मियों, साढ़े 5 हजार धार्मिक समूहों और 1 लाख 40 हजार से अधिक पंजीकृत धार्मिक गतिविधि स्थलों का समर्थन प्राप्त है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि ये आंकड़े सार्वजनिक रूप से सुलभ हैं और धार्मिक स्वतंत्रता के प्रति देश की प्रतिबद्धता के ठोस सबूत हैं। नरसंहार के आरोपों को संबोधित करते हुए माओ निंग ने स्पष्ट रूप से उन्हें अमेरिका द्वारा गढ़े गए झूठ के रूप में खारिज कर दिया।

उन्होंने बताया कि साल 1953 में पहली राष्ट्रीय जनगणना से लेकर 2020 में सातवीं जनगणना तक, शिनच्यांग उइगुर स्वायत्त प्रदेश में उइगुर आबादी 36.7 लाख से बढ़कर 1 करोड़ 16 लाख से अधिक हो गई। यह वृद्धि दर न केवल समग्र शिनच्यांग आबादी से अधिक है, बल्कि चीन में सभी जातीय अल्पसंख्यक आबादी की वृद्धि दर से भी अधिक है और स्थानीय हान आबादी की वृद्धि दर से काफी आगे है।

माओ निंग ने जोर देकर कहा कि शिनच्यांग वर्तमान में सामाजिक स्थिरता, आर्थिक विकास, जातीय एकता, धार्मिक सद्भाव और अपने निवासियों के लिए जीवन की बेहतर गुणवत्ता का आनंद ले रहा है। उन्होंने अमेरिका पर इन वस्तुनिष्ठ तथ्यों की अनदेखी करने और चीन को नियंत्रित करने और दबाने के बहाने खोजने के गुप्त उद्देश्य से लगातार झूठ को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप लगाया। (मीनू)

रेडियो प्रोग्राम