16 देशों के मीडिया कर्मियों ने शिनच्यांग का दौरा किया

2024-06-25 15:07:46

15 से 23 जून तक, स्विटजरलैंड, कनाडा, स्वीडन, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड सहित 16 देशों के मीडिया प्रतिनिधियों ने चीन के शिनच्यांग उइगर स्वायत्त प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया, जैसे कि राजधानी उरुमची, इली कज़ाख जातीय स्वायत्त प्रिफेक्चर और अक्सू क्षेत्र। अपनी यात्रा के दौरान, उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधे संपर्क किया, और शिनच्यांग के आर्थिक और सामाजिक विकास का व्यापक और वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन किया।

सिल्क रोड पर एक महत्वपूर्ण बिंदु शिनच्यांग सक्रिय रूप से सिल्क रोड आर्थिक बेल्ट के एक मुख्य क्षेत्र में बदल रहा है। इन 16 देशों के मीडिया प्रतिनिधियों ने शिनच्यांग की उच्च-गुणवत्ता वाली आर्थिक प्रगति की गतिशीलता को प्रत्यक्ष रूप से देखा। यात्रा के बाद, उन्होंने शिनच्यांग की तीव्र आर्थिक प्रगति की सराहना की, इसके स्थिर और सामंजस्यपूर्ण समाज, जीवंत सांस्कृतिक परिदृश्य और शांतिपूर्ण आजीविका पर प्रकाश डाला।

जॉर्जियाई टीवी स्टेशन "रुस्तवी 2" के एक रिपोर्टर लेवाज़ डेडेब्लाशविली ने उरूमची अंतर्राष्ट्रीय ड्राई पोर्ट पर चीन-यूरोप ट्रेनों और माल ढुलाई संचालन सहित गतिविधियों को कैमरे में कैद किया। उन्होंने कहा कि चीन-यूरोप मालगाड़ियों जैसी पहलों के माध्यम से हाल के वर्षों में मध्य एशिया और यूरोप के साथ शिनच्यांग के व्यापारिक संबंध काफी मजबूत हुए हैं, जो इस क्षेत्र के लिए आशाजनक आर्थिक संभावनाओं का संकेत देते हैं।

चीन में एक प्रमुख कपास उत्पादन क्षेत्र के रूप में, शिनच्यांग के कपास उद्योग ने विदेशी मीडिया का काफी ध्यान आकर्षित किया। अक्सू में, पत्रकारों ने कपास की खेती और प्रसंस्करण को प्रत्यक्ष रूप से देखने के लिए कपास के खेतों और कपड़ा कारखानों का दौरा किया।

स्विस स्वतंत्र पत्रकार नथाली बेनेली ने शिनच्यांग के कपास की असाधारण गुणवत्ता पर टिप्पणी की, और संबंधित कंपनियों को प्रतिबंधित करने के उद्देश्य से "जबरन श्रम" के पश्चिमी आरोपों को मनगढ़ंत बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ये आरोप चीनी कपास उद्यमों की स्थितियों और शिनच्यांग के कपास उत्पादन में बनाए गए उच्च मानकों को नजरअंदाज करते हैं।

अपनी यात्रा के दौरान, मीडिया कर्मियों ने इली शहर में शैनशी महा मंदिर, किज़िल थाउज़ेंड बुद्ध गुफाएँ और शिनच्यांग इस्लामिक कॉलेज जैसे सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का भी दौरा किया। उन्होंने वहां स्थानीय धार्मिक लोगों के साथ चर्चा की।

ओमानी पत्रकार फैसल सईद मोहम्मद मसूद सादी ने शिनच्यांग में शहरी शासन और जातीय अल्पसंख्यक लोगों की उन्नति के लिए गहरी प्रशंसा व्यक्त की। उन्होंने कहा, "मैंने व्यक्तिगत रूप से धार्मिक उपासकों और जातीय अल्पसंख्यक समूहों के लिए चीनी सरकार की चिंता देखी है। स्थानीय मस्जिदों का रखरखाव अच्छी तरह से किया जाता है और वे पूरी तरह से सुसज्जित हैं। यह कुछ रिपोर्टों का खंडन करता है जो शिनच्यांग में वास्तविक स्थिति को गलत तरीके से प्रस्तुत करती हैं।"

 (श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम