77वां कान्स फ़िल्म महोत्सव: चीनी और विदेशी फिल्म निर्माताओं ने आदान-प्रदान और सहयोग पर चर्चा की

2024-05-17 11:10:45

हाल ही में फ्रांस में शुरू हुए 77वें कान्स फ़िल्म महोत्सव में 15 मई को चीनी और विदेशी फिल्म सहयोग और आदान-प्रदान बैठक आयोजित की गई, जिसमें चीन, फ्रांस और इटली जैसे देशों के कई अभिनेताओं, निर्देशकों और निर्माताओं ने भाग लिया, जिसका उद्देश्य चीनी और विदेशी सिनेमा के बीच अधिक सहयोग को बढ़ावा देना और चीनी फिल्म बाजार के लिए नए अवसरों का पता लगाना था।

चीनी राष्ट्रीय फ़िल्म प्रशासन ब्यूरो के कार्यकारी उप निदेशक माओ यू ने कहा कि साल 2023 में, चीनी फ़िल्मों ने लगभग 55 अरब युआन का कुल बॉक्स ऑफिस राजस्व अर्जित किया, जिससे चीन दुनिया के दूसरे सबसे बड़े फ़िल्म बाज़ार के रूप में स्थापित हो गया। चीनी सिनेमा की सफलता वैश्विक फ़िल्म उद्योग के साथ उसके जुड़ाव और सहयोग पर निर्भर करती है, जो बदले में अंतरराष्ट्रीय फ़िल्मों के लिए अधिक संभावनाएं प्रदान करता है।

वहीं, सुप्रसिद्ध चीनी फ़िल्म निर्देशक क्वान हू ने चीनी फ़िल्म बाज़ार की परिपक्वता पर जोर दिया। उन्होंने उत्साहपूर्वक चीनी और विदेशी पेशेवरों, निवेशकों, और फ़िल्म एंड टेलीविजन कंपनियों के बीच आदान-प्रदान की सुविधा प्रदान की। क्वान हू ने सहयोग के विविध और लचीले रूपों, अंतर-सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने और फ़िल्म निर्माण तकनीकों में नवाचार को प्रोत्साहित करने के महत्व पर जोर दिया।

एक प्रतिष्ठित फ्रांसीसी निर्देशक और निर्माता फिलिप मुइल ने चीनी फ़िल्म निर्माताओं के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया और चीनी और फ्रांसीसी निर्देशकों के बीच और अधिक संचार और समझ को गहरा करने का सुझाव दिया।

उधर, एक फ्रांसीसी रचनाकार एटन सौमाचे ने चीनी इतिहास और संस्कृति से प्राप्त समृद्ध प्रेरणा पर प्रकाश डाला। फ्रांस की तुलना में, चीनी फ़िल्म बाज़ार व्यापक दायरा प्रदान करता है। एक सार्वभौमिक भाषा के रूप में, एनिमेटेड फिल्में फ्रांसीसी-चीनी फ़िल्म सहयोग के लिए एक सुविधाजनक अवसर प्रदान करती हैं। सौमाचे ने विश्वास जताया कि फ्रांस और चीन संयुक्त रूप से एनीमेशन क्षेत्र में नवाचार का पता लगा सकते हैं।

बता दें कि 77वां कान्स फ़िल्म महोत्सव 14 मई से 25 मई तक जारी रहेगा। इस साल के फ़िल्म महोत्सव में कई चीनी फ़िल्मों को विभिन्न आधिकारिक श्रेणियों के लिए चुना गया है। इसके अलावा, चीनी फ़िल्म प्रतिनिधिमंडल महोत्सव में फ़िल्म बाज़ार में भाग लेने के लिए 180 से अधिक चीनी फ़िल्में लेकर आया है।

(हैया)

रेडियो प्रोग्राम