युद्ध की लपटों में घिरे लोगों को परिवार की गर्माहट कब वापस मिलेगी?

2024-05-13 11:39:53

हर साल 15 मई को "अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस" के रूप में मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा स्थापित यह दिवस साल 1994 से दुनिया भर में मनाया जाने लगा है और इस साल इसकी 30वीं वर्षगांठ है।

यदि हम गौर करें तो "परिवार" के मात्र उल्लेख से स्नेही चेहरों की छवि उभरती है और माता-पिता के लिए सम्मान, प्रेमी जोड़ों के लिए मधुरता और बच्चों के लिए कोमलता की भावनाएँ जागृत होती हैं। वास्तव में, यह गर्मजोशी और प्रेम का प्रतीक है।

शांति के समय में, परिवार गर्मजोशी और खुशियाँ लाते हैं। हालाँकि, युद्ध के दौरान, कई लोगों को घरों के नुकसान, परिवार के विघटन, विस्थापन और प्रियजनों से अलगाव का सामना करना पड़ता है।

आज पूरी दुनिया संघर्षों और युद्धों की अभूतपूर्व वृद्धि का अनुभव कर रही है। लंदन में, सामरिक अध्ययन के लिए अंतर्राष्ट्रीय संस्थान (इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज) द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक संघर्ष बढ़ रहे हैं। साल 2023 में 183 संघर्ष हुए, जो पिछले 30 वर्षों में सबसे अधिक संख्या है। इसके अलावा, मौतों की संख्या में 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई और हिंसक घटनाओं की संख्या में 28 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

पिछले 3 दशकों में, दुनिया भर में कई युद्ध और संघर्ष हुए हैं। खाड़ी युद्ध, कोसोवो युद्ध, अफगानिस्तान युद्ध, इराक युद्ध, लीबिया युद्ध, सीरिया युद्ध, रूस-यूक्रेन संघर्ष और फिलिस्तीन-इज़राइल संघर्ष इसके कुछ उदाहरण हैं। दुर्भाग्य से, इन युद्धों के कारण अनगिनत लोगों की जान चली गई और कई परिवार बर्बाद हो गए। हर दिन, घायलों और मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है। लाखों लोग शरणार्थी बन गए हैं और अनगिनत परिवारों के दुःख और पीड़ा को मापा नहीं जा सकता।

युद्ध और संघर्ष की लपटों में घिरे निर्दोष नागरिकों की बेजान आँखों और कंकाल शरीरों की दुखद अभिव्यक्तियाँ निराशा और दुःख की भावना को दर्शाती हैं, जिसे शांतिपूर्ण वातावरण में रहने वाले लोग समझ भी नहीं सकते हैं। परिवार के सदस्यों की हानि, ख़राब रहन-सहन की स्थिति, भूख और अभाव, मनोवैज्ञानिक घाव, और बीमारी का तेजी से प्रसार... युद्ध और संघर्ष की अराजकता के बीच, कई परिवारों को अनुचित दर्द और पीड़ा का सामना करना पड़ता है।

परिवार को समाज की "मौलिक कोशिका" माना जाता है और यह मानव समाज का सबसे महत्वपूर्ण तत्व है। यह एक व्यक्तिगत इकाई है जो समग्र रूप से मानव समाज को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित करती है। युद्ध और संघर्ष अनगिनत मानवीय आपदाएँ और विनाश लाते हैं। जब युद्ध और संघर्ष कई परिवारों को नष्ट कर देते हैं, तो वे परिवार के सदस्यों को भारी पीड़ा पहुंचाते हैं, विश्व शांति और स्थिरता के लिए एक महत्वपूर्ण खतरा पैदा करते हैं, और मानव समाज के लिए एक छिपा हुआ खतरा बन जाते हैं।

संयुक्त राष्ट्र ने सद्भाव, खुशी और प्रगति को बढ़ावा देने के लिए "अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस" की स्थापना की। लोगों के लिए, एक सौहार्दपूर्ण परिवार में रहना और शांतिपूर्ण वातावरण में बड़ा होना सबसे सरल इच्छाएँ हैं।

युद्ध एक तेज़ चाकू की भांति है, जिससे लोगों का रक्त नदी की तरह बहता है; जबकि शांति एक सुखमय माहौल है, जिसमें लोग अमनचैन और संतुष्टि के साथ रह सकते हैं। आज संघर्षों और युद्धों को भड़कने से रोकना महत्वपूर्ण है। इस विशेष दिन, अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस पर, हम एक स्वर से घोषणा करते हैं: संघर्ष और युद्ध को ना! हम वास्तव में आशा करते हैं कि युद्ध में फंसे लोग जल्द ही शांतिपूर्ण जीवन में लौट सकेंगे और एक बार फिर अपने परिवारों की खुशी और गर्मजोशी का अनुभव कर सकेंगे।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम