चीन में छांग-अ 6 चंद्र डिटेक्टर का सफल प्रक्षेपण हुआ

2024-05-04 18:21:58

चीनी राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन से मिली खबर के अनुसार, 3 मई की शाम को 5 बजकर 27 मिनट पर छांग-अ 6 चंद्र डिटेक्टर को दक्षिण चीन के हाईनान प्रांत में स्थित वनछांग अंतरिक्ष प्रक्षेपण स्थल पर लॉन्ग मार्च 5 याओ-8 वाहक रॉकेट द्वारा सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। बाद में, यह सटीक रूप से पृथ्वी-चंद्रमा स्थानांतरण कक्षा में प्रवेश कर गया और प्रक्षेपण मिशन पूरी तरह सफल रहा। यह लॉन्ग मार्च वाहक रॉकेट श्रृंखला की 519वीं उड़ान है।

छांग-अ 6 चंद्र डिटेक्टर चंद्रमा के सुदूर हिस्से की दुनिया की पहली वापसी यात्रा पर निकला है। इसका पूर्व-चयनित लैंडिंग स्थल और नमूना क्षेत्र चंद्रमा के सुदूर भाग पर दक्षिणी ध्रुव-एटकेन बेसिन है।

छांग-अ 6 डिटेक्टर में ऑर्बिटर, रिटर्नर, लैंडर और एसेंडर शामिल हैं। वह चंद्रमा के सुदूर भाग पर पूर्व-चयनित क्षेत्रों से चंद्रमा की सतह की चट्टान और मिट्टी के नमूने एकत्र करेगा, और साथ ही वैज्ञानिक अन्वेषण भी करेगा, और अंत में बहुमूल्य चंद्र नमूनों के साथ पृथ्वी पर लौटेगा। छांग-अ 6 मिशन के प्रक्षेपण से लेकर नमूना वापसी तक की पूरी प्रक्रिया में लगभग 53 दिन लगते हैं।

इसके अलावा, छांग-अ 6 चंद्र डिटेक्टर के मिशन में व्यावहारिक अंतर्राष्ट्रीय सहयोग भी शामिल है। 3 मई को, चीनी राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन ने हाईनान प्रांत की राजधानी हाईखोउ में छांग-अ 6 अंतर्राष्ट्रीय पेलोड सेमिनार आयोजित किया। पाकिस्तान, फ्रांस और इटली सहित 12 देशों के राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसियों, चीन में उनके संबंधित दूतावासों, संयुक्त राष्ट्र और ईएसए जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों के लगभग 50 प्रतिनिधियों ने सहयोग पर चर्चा की और वे चांग-अ 6 चंद्र डिटेक्टर के सफल प्रक्षेपण के साक्षी भी बने।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम