दुनिया में 28.1 करोड़ से अधिक लोग कर रहे हैं गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना

2024-04-25 12:16:39

साल 2023 में, दुनिया भर के 59 देशों और क्षेत्रों में लगभग 28.16 करोड़ लोगों को गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना करना पड़ा। संयुक्त राष्ट्र खाद्य-कृषि संगठन और विश्व खाद्य कार्यक्रम सहित कई अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और संस्थाओं द्वारा 24 अप्रैल को संयुक्त रूप से जारी नवीनतम "वैश्विक खाद्य संकट रिपोर्ट" में यह बात कही गयी है।

रिपोर्ट के अनुसार, गत वर्ष गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना करने वाले लोगों की संख्या साल 2022 की तुलना में लगभग 2.4 करोड़ बढ़ गई। इस तरह लगातार पांचवें वर्ष ऐसे लोगों की संख्या में इजाफा हुआ। गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना करने वालों में, बच्चों और महिलाओं की स्थिति सबसे खराब है। 32 देशों में 5 वर्ष से कम उम्र के 3.6 करोड़ से अधिक बच्चे गंभीर कुपोषण से पीड़ित हैं।

रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि साल 2024 में वैश्विक खाद्य सुरक्षा का परिदृश्य निराशाजनक है और इसमें कोई खास सुधार होने की उम्मीद नहीं है। युद्ध, चरम मौसम, कम आय वाले देशों में कमजोर क्रय शक्ति, और कम मानवीय वित्त पोषण खाद्य-असुरक्षित लोगों की संख्या को प्रभावित करना जारी रखेंगे।

इस रिपोर्ट को जारी किए जाने के बाद यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने वीडियो भाषण देते हुए विभिन्न देशों की सरकार से भुखमरी ख़त्म करने के लिए फंडिंग बढ़ाने और मानवीय कार्रवाई के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम