विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने जारी किया रेड अलर्ट

2024-03-20 15:12:57

स्थानीय समयानुसार 19 मार्च को विश्व मौसम विज्ञान संगठन द्वारा जारी नवीनतम रिपोर्ट से पता चलता है कि 2023 में वैश्विक ग्रीनहाउस गैस सांद्रता, सतह का तापमान, समुद्र की गर्मी और अम्लीकरण, समुद्र के स्तर में वृद्धि, अंटार्कटिक समुद्री बर्फ का क्षेत्रफल और ग्लेशियर पिघलने जैसे कई जलवायु परिवर्तन सूचकांकों ने नया रिकॉर्ड स्थापित किया।

विश्व मौसम विज्ञान संगठन द्वारा जारी "2023 वैश्विक जलवायु की स्थिति रिपोर्ट" में यह कहा गया है कि गर्मी की लहरों, बाढ़, सूखे, जंगल की आग और तेजी से बढ़ते उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के कारण होने वाली आपदाओं ने लाखों लोगों के दैनिक जीवन में कठिनाइयां पैदा की हैं और अरबों डॉलर का नुकसान भी हुआ है।

विश्व मौसम विज्ञान संगठन के महासचिव सेलेस्टे साउलो के अनुसार 2023 ने सभी जलवायु संकेतकों के लिए नए रिकॉर्ड बनाए। इस वार्षिक रिपोर्ट से यह जाहिर हुआ है कि जलवायु संकट मानवता के सामने एक बड़ी चुनौती है, जो असमानता के संकट से घनिष्ठ रूप से जुड़ा हुआ है, जैसे कि बढ़ती खाद्य असुरक्षा, जनसंख्या विस्थापन और जैव विविधता की हानि। वह दुनिया भर में कमजोर आबादी के लिए खतरा है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक वीडियो भाषण में कहा कि वैश्विक तापमान में होने वाली वृद्धि पृथ्वी पर सभी तरह के जीवन के भविष्य को प्रभावित करेगी, और उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए मजबूत जलवायु कार्रवाई करने का आह्वान किया।

चंद्रिमा

रेडियो प्रोग्राम